इतने करोड़ परिवारों को मिलेगा रसोई गैस कनेक्शन, जेपी नड्डा ने किया खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में इतने करोड़ परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में 8 करोड़ बीपीएल परिवारों को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अब तक देश में लगभग 3.60 करोड़ बीपीएल परिवारों को इस योजना के अंतर्गत कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। नड्डा शुक्रवार को नालागढ़ उपमंडल की लोदीमाजरा पंचायत के बनवीरपुर गांव में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस कनेक्शन प्रदान करने के उपरांत संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से यह योजना आरंभ की थी। प्रदेश में लगभग 32 हजार पात्र परिवारों को गैस कनेक्शन दे दिए गए है।
हिमाचल में भी 93 गांव चिन्हित किए गए
योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार ने 8 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने और इनके लाभों से अवगत करवाने के लिए 14 अप्रैल 2018 से 5 मई 2018 तक ग्राम स्वराज अभियान कार्यान्वित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने देश भर के ऐसे पिछड़े 21 हजार गांवों को चिन्हित किया है, जहां विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन से विकास को सभी तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश में भी ऐसे 93 गांव चिन्हित किए गए हैं।
सोलन जिले में इस कार्य के लिए सलोगड़ा तथा मान गांव चुना गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं प्रदेश के लिए भी लाभदायक सिद्ध हुई हैं।
कशैणी अग्निकांड प्रभावितों को नड्डा ने दिए पंद्रह लाख
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कशैणी गांव में अग्निकांड प्रभावितों के पुनर्वास के लिए 15 लाख रुपये की राहत राशि जारी की। उन्होंने कहा कि राहत और पुनर्वास के लिए राज्य और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।
उन्होंने प्रभावितों को हर प्रकार की मदद का आश्वासन दिया। नड्डा ने बताया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। विशेष रूप से उन गांव के लिए जहां लकड़ी से बने आवासीय घर और गोशाला हैं।