हाटी समुदाय को हाईकोर्ट से बड़ी राहत: अनुसूचित जनजाति का दर्जा रहेगा बरकरार, चुनौती देने वाली याचिका खारिज
अदालत ने हाटी समुदाय के एसटी का दर्जा बरकरार रखने का फैसला दिया है। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि संसद की ओर से पारित कानून के खिलाफ हाईकोर्ट कोई रोक या संशोधन नहीं कर सकता।
विस्तार
केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार के हाटी समुदाय को दिए गए अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे को चुनौती देने वाली सभी याचिकाओं को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। अदालत ने हाटी समुदाय के एसटी के दर्जे को बरकरार रखने का फैसला दिया है। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि केंद्रीय संसद की ओर से पारित कानून के खिलाफ हाईकोर्ट कोई रोक या संशोधन नहीं कर सकता। किस समुदाय को एसटी सूची में शामिल करना है या नहीं, यह तय करने का अधिकार केवल संसद के पास है। न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश रंजन शर्मा की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई की।
ऐतिहासिक फैसला: श्रवण डोगरा
हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने स्पष्ट कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के पहले से तय मामलों में दखल देने की कोई गुंजाइश नहीं है। वहीं इस मामले में याचिका दायर करने वाले एससी समुदाय के वकील अनिल कुमार मंगेट ने भी हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया।
गिरिपार क्षेत्र के लोगों ने लंबा आंदोलन लड़ा: डॉ. अमीचंद
उधर, केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद ने कहा कि वर्ष 1967 में जौनसार क्षेत्र को हाटी का दर्जा मिल गया था। गिरिपार क्षेत्र के लोगों ने इसके लिए लंबा आंदोलन लड़ा है। केंद्रीय हाटी समिति कोर्ट के फैसले का स्वागत करती है। साथ ही इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार का धन्यवाद करते हैं।
हाटी समुदाय को एसटी दर्जा बरकरार रखने के हाईकोर्ट के फैसले से गिरिपार में खुशी: हर्षवर्धन चौहान
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने संबंधी केंद्र सरकार की अधिसूचना को बरकरार रखने के फैसले का प्रदेश के उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष और उम्मीदों की जीत करार दिया। चौहान ने कहा कि हाईकोर्ट में करीब तीन साल से लंबित इस मामले में फैसला आने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। उनका मानना है कि इस फैसले से करीब तीन से साढ़े तीन लाख की आबादी लाभान्वित होगी। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हाटी समुदाय को एसटी दर्जा देने का मुद्दा लंबे समय से सरकार और न्यायालय के समक्ष था।
