देहरादून में नशीला पदार्थ पिलाकर लूटा हिमाचल का ठेकेदार, 43 हजार और लैपटॉप भी उड़ाया
सुंदरनगर से लेबर लेने गए ठेकेदार को आईएसबीटी देहरादून में लूटने का मामला सामने आया है। नेपाली मजदूर ने शीतल पेय पदार्थ में नशीली चीज मिलाकर ठेकेदार को पिला दी। इससे ठेकेदार बस स्टैंड पर बेसुध हो गया और नेपाली मजदूर ने उसके 43 हजार रुपये, लैपटॉप, मोबाइल, पर्स और कपड़ों से भरा बैग उड़ा लिया। ठेकेदार ने आईएसबीटी पुलिस चौकी में भी रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
देहरादून आईएसबीटी चौकी प्रभारी ने ठेकेदार के परिजनों को सूचित किया। देहरादून आईएसबीटी पर जिला शिमला के रामपुर उपमंडल की देलठ पंचायत के टिक्करी गांव के ठेकेदार रिषभ ठाकुर से लूटपाट हुई। रिषभ ठाकुर ने मंडी जिला के सुंदरनगर में काम लिया है। रिषभ ने 12 जून को सुंदरनगर से जाने के बाद चंडीगढ़ बस अड्डे से देहरादून के लिए बस ली। वह रात करीब 11 बजे आईएसबीटी देहरादून पहुंचा। ठेकेदार वहां नेपाली लेबर लेने के गया था।
नेपाली मजदूर पूर्ण चंद पहले से ठेकेदार के संपर्क में था। ठेकेदार को करीब 15 लोगों की लेबर की जरूरत थी। इसे लेकर वह पूर्ण चंद और उसके एक अन्य साथी से आईएसबीटी में बातचीत कर रहा था।
इसके बाद दोनों नेपालियों ने कहा कि उनको होटल का बिल और अन्य लोगों के पैसे देने हैं और उनको एडवांस दिया जाए, तभी वह ठेकेदार के साथ सुंदरनगर जाएंगे। उन्होंने 15 से 20 हजार की राशि एडवांस में मांगी थी।
इसके बाद पूर्ण चंद को लेबर लेने के लिए भेज दिया और दूसरा नेपाली उसके साथ ही था। इसके बाद वह 15 हजार रुपये निकालने के लिए आईसीआईसीआई के एटीएम में गया।
आईएसबीटी चौकी का मुंशी नहीं उठा रहा फोन
ठेकेदार के पास 28 हजार रुपये पहले से थे। ठेेकेदार ने शुक्रवार को अमर उजाला को बताया कि उसके साथ खड़ा नेपाली थोड़ी देर में शीतल पेय पदार्थ लेकर आया और उसे पीने को दिया। जैसे ही उसने इसके दो घूंट पीए तो उसे अजीब सा लगा और वह शौचालय गया। इस दौरान यह नेपाली भी पीछे-पीछे आ गया।
जैसे ही ठेकेदार वापस आया और बैंच पर बैठा तो उसे सुध नहीं रही और मजदूर ने उसके सारे रुपये और चीजें उड़ा लीं। आईएसबीटी से उसे कोई और व्यक्ति सीधे पुलिस के पास ले गया और यहां से उसे सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भेज दिया। सूचना मिलने के बाद पिता शमशेर सिंह, मां रक्षा देवी, चाचा कुलदीप सिंह ठाकुर और भाई ठेकेदार को मिलने अस्पताल पहुंचे।
आईएसबीटी के मुंशी राजेश ने ठेकेदार के परिजनों से कहा था कि पुलिस आईएसबीटी के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर परिजनों को सूचित कर देगी। इसके बाद मुंशी को मोबाइल नंबर 08650078787 पर संपर्क किया जा रहा है। लेकिन वह किसी का फोन नहीं उठा रहा है।