हिमाचल से लापता पोलिश नागरिक मामले में सीआईडी की जांच में बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल से लापता हुए पोलिश नागरिक मामले में सीआईडी की शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सीआईडी को कुछ ऐसे तथ्य हाथ लगे हैं, जो पोलिश नागरिक की हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।
दिल्ली से हिमाचल घूमने आए पोलिश नागरिक को प्रदेश में सक्रिय ड्रग माफिया ने मार दिया। पोलैंड के नागरिक की तलाश में जुटी सीआईडी की जांच इसी ओर आगे बढ़ रही है।
आधिकारिक रूप से जांच से जुड़े अधिकारी इस पर बोलने से कतरा रहे हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मामला नशे के कारोबारियों से जुड़ रहा है। अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि दिल्ली आए ब्रूनो मुशालिक 15 जुलाई को मनाली पहुंचे थे।
ऐसे लापता हो गए थे ब्रूनो
यहां कुछ दिन रहने के बाद लेह जाने की बात कहते हुए निकले। इसी दौरान लापता हो गए। ब्रूनो की गुमशुदगी की जांच के दौरान उसके पिता पीटर मुशालिक ने दो लोगों पर बेटे की हत्या की आशंका जताई, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर सकी।
पुलिस ने मामले को भी ट्रैकिंग के दौरान हादसे का शिकार होने की बात मानते हुए जांच ठंडे बस्ते में डाल दी। इस बीच, उसके पिता ने मामले में एक याचिका हाईकोर्ट में दायर की।
इसके बाद हाईकोर्ट ने डीएसपी या उससे बड़े रैंक के अधिकारी से जांच कराने के आदेश दिए थे। अब जांच में नशे के कारोबारियों के संलिप्त होने की आशंका के बाद विदेशी नागरिकों का इसमें कनेक्शन सामने आ रहा है।
कई विदेशी नागरिक हो चुके हैं कुल्लू में लापता
पिछले कुछ सालों में एक दर्जन से ज्यादा विदेशी नागरिक कुल्लू से लापता हो चुके हैं। इनमें हाल में अमेरिकी नागरिक एलेक्जेंडर की मौत ट्रैकिंग के दौरान हो गई थी।
इससे पहले कई विदेशी पर्यटक ट्रैकिंग करने तो निकले, लेकिन रास्ते से लापता हो गए। खास बात यह है कि इनमें से किसी भी मामले में पुलिस किसी भी पर्यटक या उसकी लाश तक बरामद नहीं कर सकी।
विदेशी सैलानियों की पसंदीदा जगह है कसोल
हर साल सैकड़ों विदेशी सैलानी कुल्लू के कसोल घूमने आते हैं। सूत्रों का कहना है कि कसोल की रेव और मून लाइट पार्टियों में नशे के दम लगाए जाते हैं। इस काम में स्थानीय पुलिस से लेकर नशे के सौदागर तक विदेशी नागरिकों के साथ शामिल रहते हैं। कई बार विदेशी और देसी पर्यटक नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार भी हुए। जिले की मलाणा क्रीम की तो दुनिया भर में पहचान है।