सीएम सुक्खू का बड़ा खुलासा: महिलाओं के टेस्टिकल ऑपरेशन दिखाकर भी हिमकेयर में किया गया घोटाला
नई दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री सुक्खू सदन में हमलावर हुए और कहा कि हिमकेयर योजना में बड़ा घोटाला हुआ है।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमकेयर योजना में कथित घोटाले को लेकर एक बार फिर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पुरुषों के बच्चेदानी के ही नहीं, बल्कि महिलाओं के टेस्टिकल के ऑपरेशन तक दिखाए गए हैं। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और जांच चल रही है। नई दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री सुक्खू सदन में हमलावर हुए और कहा कि इस योजना में बड़ा घोटाला हुआ है।
मुख्यमंत्री ने स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मंगलवार को सीएम ने सदन में मेडिकल डिवाइस पार्क की जमीन बेचने के भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार ने कोई जमीन नहीं बेची है। सीएम ने कहा कि मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए केंद्र सरकार से मिले 30 करोड़ रुपये वापस किए गए हैं। सरकार ने इस पार्क को अपने स्तर पर विकसित किया है।
बीबीएमबी और किशाऊ परियोजना पर भी सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चार साल में सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई मामला सामने नहीं आया है। यह उल्लेखनीय है कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इससे पूर्व हिमकेयर योजना को बंद कर गरीबों से इलाज का अधिकार छीनने की बात की थी। उन्होंने कहा था कि इस योजना को उनके कार्यकाल में शुरू किया गया। विधायक हंसराज ने भी हिमकेयर योजना बंद करने पर सरकार को घेरा।
उपकरण केंद्र सरकार की कंपनी से खरीदे, भ्रष्टाचार हुआ तो नड्डा से पूछें
एमआरआई मशीनों और रोबोटिक उपकरणों की खरीद में भ्रष्टाचार के आरोपों पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि ये उपकरण केंद्र सरकार की कंपनी से खरीदे गए हैं। यदि इसमें कोई भ्रष्टाचार हुआ है तो भाजपा को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से सवाल पूछना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जमीन के मुद्दे पर कहा कि हिम चंडीगढ़ के लिए 7000 बीघा जमीन हाउसिंग बोर्ड के नाम की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हितों को बेचने का सवाल ही पैदा नहीं होता। सरकार ऐसी नीति बनाएगी, जिससे हिमाचल प्रदेश के हित सुरक्षित रहें और राज्य को जीएसटी मिले। इस पर भाजपा विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि चार साल हो गए, नई नीति कब आएगी। इस पर सीएम ने कहा कि आगे भी हम ही आएंगे और आप विपक्ष में ही बैठेंगे।
जयराम ठाकुर के खिलाफ फिर लाया जाएगा प्रिविलेज मोशन
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जयराम ठाकुर के खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाया जाएगा। उन्होंने मंगलवार को सदन में जो कहा है, उसे लेकर लाया जाएगा। सुक्खू ने कहा कि यह पहले भी लाया जा चुका है।
