सीएम जयराम ने दुबई के पर्यावरण मंत्री से की मुलाकात, इन मसलों पर की चर्चा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह के नेतृत्व में सोमवार को प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने दुबई में यूएई के पर्यावरण बदलाव और पर्यावरण मंत्री डॉ. थनी अल जियोदी से भेंट की। उनसे पर्यटन और रियल एस्टेट क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने डॉ. जियोदी को हिमाचल में होने जा रही निवेशक सम्मेलन में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने बाद में दुबई चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष माजिद सैफ अल घुरैर के साथ भी बैठक की।
चैंबर के उपाध्यक्ष हसन अल हाशमी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। आश्वासन दिया कि चैंबर इन्वेस्टर्ज मीट के लिए हिमाचल को भरपूर सहयोग देगा। निर्णय हुआ कि हिमाचल सरकार उन परियोजनाओं की सूची चैंबर को उपलब्ध करवाएगी, जिनमें निवेश की अपार संभावनाएं हैं।
डॉ. जियोदी ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। यूएई के दौरे पर आए प्रतिनिधिमंडल की कुुछ महत्वपूर्ण बी2जी बैठकें भी आयोजित करने का भरोसा दिया। उन्होंने यूएई के व्यावसायिक समुदाय को हिमाचल में होने वाली निवेशकों की बैठक में भाग लेने के लिए निमंत्रण भेजा भेजने का भी आश्वासन दिया।
दुबई के लूलू इंटरनेशनल ग्रुप को भी निवेश के लिए बुलाया
अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) मनोज कुमार, राम सुभग सिंह, निदेशक उद्योग हंस राज शर्मा, विशेष सचिव आबिद हुसैन सादिक, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह और सीआईआई भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम की अध्यक्षता में प्रदेश के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लूलू इंटरनेशनल ग्रुप दुबई, यूएई के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यूसुफ अली एमए से रविवार शाम को बैठक की। इसमें पर्यटन और आतिथ्य सत्कार क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बैठक में ग्रुप को शॉपिंग मॉल और हाइपर मार्केट क्षेत्रों में मुख्य पर्यटक स्थलों शिमला, मनाली, धर्मशाला के अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में भी निवेश के लिए आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने नवंबर 2019 में होने वाली हिमाचल प्रदेश ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट 2019’ में लू लू ग्रुप को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।