हिमाचल: लावारिस बैल ने घर के पास पटककर मार डाली बुजुर्ग महिला, शरीर के कई हिस्सों में थीं गंभीर चोटें
डंगार कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लावारिस बैलों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। घर के नजदीक परसीनो देवी पर अचानक बैल ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के उपतहसील भराड़ी के डंगार कस्बे में लावारिस बैल के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बुधवार दोपहर घर के नजदीक परसीनो देवी निवासी डंगार पर अचानक बैल ने हमला कर दिया। बैल ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला के पेट, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें थीं
महिला के जमीन पर गिरने के बाद आसपास मौजूद अन्य महिलाओं ने बैल को काफी मशक्कत के बाद वहां से खदेड़ा। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि हमले में महिला के पेट, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
क्षेत्रों में लावारिस बैलों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही
डंगार व्यापार मंडल के प्रधान संदीप जसवाल ने बताया कि कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लावारिस बैलों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीण इस संबंध में पहले ही पंचायत को शिकायत दे चुके थे। पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भी भेजा था। विभाग की टीम ने लावारिस पशुओं को पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन बैलों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली और टीम लौट गई। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे बैल के हमले में बुजुर्ग महिला की जान चली गई।
