दस महीने की तमाम दुश्वारियों के बाद कोरोना के खिलाफ आज शुभ दिन की शुरुआत हो गई है। कोरोना से बचाव के लिए मेरठ शहर में टीकाकरण का आगाज हो गया है। वहीं लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने कोरोना का पहला टीका लगवाया। मेडिकल कॉलेज में अब तक 50 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है। वहीं प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण हुआ। इस दौरान सांसद, आयुक्त, जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Coronavirus Vaccination: कोरोना के खिलाफ टीकाकरण की शुरुआत, प्रधानाचार्य ने लगवाया पहला टीका, देखिए मेरठ की तस्वीरें
टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए शुक्रवार दिन भर तैयारियां को अंतिम रूप दिया जाता रहा। डीएम के. बालाजी और सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की व्यवस्था देखी। जिन स्वास्थ्य कर्मियों को आज टीका लगाया जाएगा, उनकी सूची तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करते हुए उन्हें संदेश भेजे गए।
सीएमओ के अलावा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम और मंडलीय अधिकारी डॉ. अशोक तालियन ने सभी सात केंद्रों की तैयारियों के बारे में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया था कि टीकाकरण शुरू करने का समय सभी सात केंद्रों पर शनिवार सुबह नौ बजे से रखा गया है, हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश में सुबह 10:30 बजे टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन को सभी लाभार्थियों को लाइव दिखाने के लिए सभी सात केंद्रों पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। उसके बाद टीके लगने शुरू होंगे।
100-100 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाना है
प्रत्येक केंद्र पर 100-100 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाना है। सीएमओ ने बताया कि शुभारंभ के बाद जिले में 19500 स्वास्थ्य कर्मियों, निजी व सरकारी चिकित्सकों का चरणवार टीकाकरण होगा। जिला वैक्सीन सेंटर से शुक्रवार को सभी स्थानों पर वैक्सीन पहुंचा दी गई।
ये बनाए गए सात केंद्र
- मेडिकल कॉलेज
- सुभारती अस्पताल
- जिला अस्पताल
- महिला जिला अस्पताल
- सीएचसी सरधना
- सीएचसी मवाना
- संतोष नर्सिंग होम हापुड़ रोड