मेरठ में बजरंग दल के कार्यकर्ता अंकित त्यागी की हत्या के मामले में शनिवार को नामजद महिला हिना पत्नी महराज को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि महराज और उसके साले बबलू व इमरान को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। मरने वाला अंकित और मेहराज दोनों जिगरी दोस्त थे लेकिन ऐसा क्या हुआ कि आखिर अपने ही दोस्त को उतार दिया मौत के घाट: -
दोस्त के सामने खुली पोल तो जिगरी यार ने रच डाली घिनौनी साजिश, पढ़ें दोस्ती के कत्ल की खौफनाक कहानी
पुलिस के मुताबिक हिना ने फोन करके अंकित को अपने घर कांशी गांव में बुलाया था। जहां पर अंकित ने चाय पी। चाय पीते ही अंकित के पेट में दर्द हुआ। अंकित को हिना और महराज झोलाछाप डॉक्टर के पास लेकर गए। डॉक्टर ने उसे नशे का इंजेक्शन लगाया था। उसके बाद महराज और उसका साला बबलू अंकित को नानू गंगनहर पर ले गए। जहां पर उसकी हत्या की थी।
गांव में आक्रोश
अंकित की हत्या से चंदसारा के ग्रामीणों में आक्रोश है। आरोपी महराज चंदसारा से चार किमी दूर गांव कांशी का निवासी है। दोनों गांवों में तनाव की स्थिति बनी है। इसको देखते हुए दोनों गांवों में पुलिस तैनात है।
पति-पत्नी दोनों गए जेल
सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार दोपहर महराज समेत तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया। महराज की पत्नी हिना को शाम को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। मामले में एक अज्ञात आरोपी की भी तलाश की जा रही है।
हत्या कर घर आकर सो गए थे आरोपी
बजरंग दल कार्यकर्ता अंकित त्यागी की हत्या जीजा-साले ने बेरहमी से की। जीजा मेहराज ने अंकित के हाथ पकड़े और साले मुसाहिद ने पेपर कटर से गर्दन काटी। उसके बाद भी आरोपियों ने चाकू से अंकित के शरीर पर कई वार किए और फिर शव को गंगनहर में फेंक दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी घर पर आकर सो गए।
ऐसे रची गई दोस्त के कत्ल की साजिश
अंकित त्यागी और मेहराज में गहरी दोस्ती थी। छह माह पूर्व दोनों टावर कंपनी में लगे थे। मेहराज का साला मुसाहिद पहले से नौकरी करता था। जीजा-साले कंपनी का सामान चुराकर बेचते थे। इसकी जानकारी अंकित को लगी तो दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग बना ली।
घटना वाले दिन मेहराज ने अंकित को घूमने चलने को कहा। अंकित अपनी स्कूटी पर मेहराज को बैठाकर झोलाछाप डॉक्टर इरफान के पास पहुंचे। जहां पर इरफान ने अंकित को इंजेक्शन लगाया। उसके बाद अंकित और मेहराज नानू गंगनहर में स्कूटी से पहुंचे।
जीजा ने हाथ पकड़े और साले ने काट दिया गला
स्कूटी नहर के किनारे खड़ी की और दोनों आमने सामने जमीन पर बैठ गए। दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे। प्लानिंग के तहत मेहराज का साला बबलू भी गंगनहर में पहुंच गया। इसी दौरान मेहराज ने अंकित के हाथ पकड़े और बबलू ने पीछे से आकर कटर से अंकित की गर्दन काट दी।
अंकित चिल्लाया, लेकिन गर्दन इतनी कट गई कि उसका उठना मुश्किल था। उसके बाद दोनों ने अंकित को पकड़ा और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौत की तसल्ली करने के बाद दोनों ने मिलकर अंकित का शव गंगनहर में फेंक दिया। फिर दोनों अपने अपने घर लौट आए।