दिल्ली से हरिद्वार जा रहे हैं तो मेरठ के इस रास्ते से निकलें संभलकर, आए दिन हो रहे हादसे
हाल ही में गंगनहर में जहां 26 मई की रात ब्रेजा कार डूबने से तीन युवा कारोबारियों की मौत हो गई थी। वहीं गुरुवार रात एक और अनहोनी होने से बच गई। एक महिंद्रा थार (गाड़ी) गंगनहर में गिर गई। गनीमत रही कि कार खुली होने के चलते उसमें सवार पांचों युवक तैरकर गंगनहर से बाहर निकल आए। पुलिस ने शुक्रवार सुबह हाईड्रा क्रेन से गाड़ी को नहर से निकाला।
यहां सलावा झाल से कुछ दूरी पर मोड़ पर अचानक थार अनियंत्रित हो गई और गंगनहर में जा गिरी। गाड़ी खुली होने के चलते सुमित व चारों अन्य साथी किसी तरह तैरकर बाहर निकले। जबकि गाड़ी डूब गई। युवकों ने सलावा चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी सतीश कुमार को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को बाहर निकलवाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बाद में सरधना एसओ धर्मेंद्र राठौर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को बाहर निकाला जा सका।
15 दिनों में तीसरा मामला
गंगनहर में पिछले 15 दिनों में गाड़ी गिरने का यह तीसरा मामला है। 25 मई को गंगनहर में देवरिया के परिवार की कार गिर गई थी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी। उसके अगले दिन तड़के ब्रेजा कार गंगनहर में समा गई थी, जिसमें दिल्ली के तीन युवा कारोबारियों की मौत हो गई थी। सीओ सरधना का कहना है कि यदि गाड़ी खुली हुई नहीं होती तो अनहोनी हो सकती थी।