बेशक घटना का खुलासा हो गया, मगर अभी पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए बैठाए गए सीमेंट फैक्टरी के लॉजिस्टिक मैनेजर, ड्राइवर व गनर आदि को उनके घर नहीं भेजा गया। पुलिस को संदीप के परिवार का इंतजार है। हालांकि सुबह बातचीत हुई थी, मगर परिवार ने शुद्धि के कारण आ न आ पाने के संकेत दिए। अब गुरुवार को परिवार आ सकता है। उसके बाद ही इन्हें परिवार के साथ उनके घरों को भेजा जाएगा।
संदीप हत्याकांड में बड़ा खुलासा: चश्मदीद और ड्राइवर से पूछताछ में उजागर हुआ ये तथ्य, जानिए किसने क्या बताया?
घटना के चश्मदीद व ड्राइवर की क्रास बातचीत में उजागर हुआ तथ्य
पुलिस जांच में लॉजिस्टिक मैनेजर व ड्राइवर से जब अलग-अलग पूछताछ हुई तो तथ्यों का मिलान होता चला गया। ये दोनों घटना के चश्मदीद गवाह भी हैं। हालांकि तहरीर में वादी ने इन्हें गवाह नहीं बनाया, मगर पुलिस केश डायरी में ये गवाह के रूप में शामिल हो सकते हैं। पहले चश्मदीद गाड़ी में साथ सवार शशांक निगम ने बताया कि चूंकि संदीप बहुत दिन बाद अलीगढ़ आए थे, इसलिए वे दिन में फैक्टरी पहुंचे। काफी पुराने व बड़े कारोबारी रिश्ते होने के कारण वे अक्सर घर भी आते जाते थे। जब उन्हें पता चला कि आज शशांक की पत्नी का जन्म दिन है तो तय हुआ कि शाम को घर पर बैठकर ही पार्टी होगी।
जब शाम को अपने दफ्तर से वे शशांक के साथ चलने लगे तो गनरों को दूसरी गाड़ी से महज इसलिए आगे भेजा गया था कि संदीप ने उनकी पत्नी के लिए गिफ्ट व मिठाई आदि खरीदने का निर्णय लिया। इसके बाद चालक ने बताया कि संदीप ने पान मसाले की कुल्ली करने व नया पान मसाला खाने के लिए पानी व पान मसाला खरीदने को चालक को इशारा किया। इस बात पर गाड़ी रोकी। दुकान से पान मसाला व पानी खरीदा गया। इसकी पुष्टि पान विक्रेता ने कर दी है। कुल मिलाकर इनके बयानों व तथ्यों की पुष्टि हो रही है।
जान बच गई, छिपने के सिवाय न था कोई चारा
शशंका निगम कहते हैं कि जब पहली गोली चली तो मैं खुद व संदीप आगे पीछे गाड़ी में सीट पर बैठकर बतिया रहे थे। पहली गोली में ही संदीप जख्मी हो गए। वह खुद कुछ नहीं समझ पाया और सीट के नीचे छिपने के सिवाय उस पर कोई चारा नहीं बचा। कुल मिलाकर उसने जीवन में यह सब पहली बार देखा।
कोई बात नहीं, सिर्फ फायरिंग कर लौट गए
शूटरों ने कार के पास आकर किसी से कोई बात नहीं की। लग रहा था कि वे पहले से सीखे पढ़े थे कि किसे मारना है। उन्होंने निगम की ओर बिना देखे और बिना किसी से बात किए, सीधे गोली मारी और वापस भाग गए।