रेवाड़ी। मोहल्ला शक्ति नगर में शुक्रवार की देर रात एक युवक ने पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग के चलते अपने दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक गोविंद (25) शक्ति नगर का रहने वाला था। वह मूल रूप से नेपाल के जिला कैलाली सुदूर पश्चिम प्रांत के बर्दगोरिया का निवासी था। आरोपी विक्रम भूल भी उसी के गांव का रहने वाला है। पुलिस ने विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है। गोविंद रक्षाबंधन की छुट्टी होने पर दोस्त के कमरे पर शराब पार्टी करने आया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोविंद का विक्रम की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि शराब पीने के दौरान गोविंद ने दोस्त की पत्नी को गलत नीयत से छू लिया, जिससे दोनों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि विक्रम ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। आरोपी की पत्नी बीच-बचाव करने आई तो उस पर भी हमला कर दिया गया, जिसमें वह घायल हो गई। इसके बाद आरोपी दोनों को खून से लथपथ हालत में छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी को भी थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है।