गुरुग्राम में मिलेनियम सिटी में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम एनुअल एक्शन प्लान-2027 तैयार करेगा। इसके तहत सड़कों, फुटपाथों और ग्रीन बेल्ट में खाली मिट्टी वाले हिस्सों को खत्म किया जाएगा। वहीं, धूल नियंत्रण के लिए स्वीपिंग मशीनों, एंटी स्मॉग गन और डस्ट फ्री अभियान की नियमित निगरानी होगी। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में निर्देश दिए। डॉ. पंकज ने कहा कि सभी विभाग अपने क्षेत्र की सड़कों का निर्माण और रखरखाव सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों के अनुसार कराएं। सड़कों, फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट में ब्राउन पैच नहीं होने चाहिए। इसके लिए एंड-टू-एंड पेविंग के साथ खाली स्थानों पर घास और हरियाली विकसित की जाए। फुटपाथों का निर्माण भी निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए।