देर रात गरबा के दौरान हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा मचाया। इंदौर रोड पर परमेश्वरी गार्डन में फिल्मी गानों पर गरबा का आयोजन किया जा रहा था, जिसको लेकर हिन्दू जागरण मंच एवं हिन्दू समाज की युवा शक्ति की ओर से फिल्मी गानों पर गरबे का विरोध कर तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। इस दौरान ताल गरबा इवेंट और हिंदूवादी संगठनों के बीच कहासुनी भी हुई, लेकिन नानाखेड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद इवेंट मैनेजमेंट ने माफी मांगते हुए वीडियो भी जारी किया गया, जिसके बाद फिर से गरबा को दोबारा शुरू किया गया।
इंदौर रोड स्थित परमेश्वरी गार्डन में कल रात ताल गरबा महोत्सव में हिंदूवादी कार्यकर्ताओं का कहना था कि पहले से चेतावनी देने के बाद भी आयोजक फूहड़ और अश्लील गानों पर गरबा करवा रहे थे। हिंदू जागरण मंच और हिंदू समाज युवा शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी लगी, तो वे गार्डन पहुंच गए। उन्होंने साउंड बंद करवाते हुए गरबा खेलने से रोक दिया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की नाराजगी को देखते हुए गरबा आयोजक ने मंच से माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि आगे से फिल्मी गाने नहीं बजाए जाएंगे। आयोजक ने माफी मांगी और वीडियो भी जारी किया। इसके बाद अंतिम चेतावनी देते हुए गरबा शुरू करने की अनुमति दी गई।
यह भी पढ़ें-
यासीन मछली केस: मकान विध्वंस पर हाईकोर्ट सख्त, भोपाल कलेक्टर और DCP क्राइम को हाईकोर्ट ने किया तलब
यहां भी बंद करवाए गरबे
डांडिया बेट्स श्री राजाराम रिसोर्ट में बार बार चेतावनी देने के बाद भी फ़िल्मी गानों पर गरबा कराए जा रहे थे, जिसको हिन्दू जागरण मंच एवं हिन्दू समाज की युवा शक्ति द्वारा तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। इवेंट मैनेजमेंट द्वारा माफ़ी मांगते हुए वीडियो जारी करने के बाद गरबा को पुनः प्रारंभ किया गया।
आयोजकों की होगी जिम्मेदारी
हिंदूवादी संगठन के रितेश माहेश्वरी ने कहा कि उनकी टीम सभी आयोजनों पर नजर बनाए हुए है और अगर कहीं भी अश्लील या फूहड़ गानों पर गरबा होगा तो इसका विरोध किया जाएगा।
फूहड़ और अश्लील गानों पर नहीं होने देंगे गरबा
हिन्दू जागरण मंच के अर्जुन सिंह ने बताया कि उन्होंने नवरात्रि शुरू होने से पहले ही सभी गरबा आयोजकों को कह दिया गया था कि गरबा में फूहड़ और अश्लील गाने नहीं चलाए जाएंगे। फिर भी कुछ लोगों ने ऐसा किया। गरबा करने वाले आयोजन को चेतावनी दी गई है कि गरबा सांस्कृतिक रूप से ही कराया जाए। इसमें फिल्मी गाने न बजाए जाएं, लेकिन ताल गरबा इवेंट की ओर से फिल्मी गानों पर गरबा कराया जा रहा था। सूचना पर हिंदूवादी संगठन मौके पर पहुंचे और गरबे को बंद कराया गया। आगे सभी गरबा मंडलों को चेतावनी दी कि कहीं भी अगर फिल्मी गानों पर गरबा कराया जाता है तो हिंदू जागरण मंच मौके पर पहुंचकर गरबा बंद कराएगा।