इन दिनों उज्जैन जिले के उन्हेल क्षेत्र का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति को साफा बांधकर गधे पर उल्टा बैठाया गया। इसके बाद पूजन अर्चन भी किया गया। इस वीडियो को देखने के बाद कोई भी यह समझ नहीं पा रह रहा है कि आखिर यह पूरा मामला क्या है। क्यों किसी व्यक्ति को गधे पर उल्टा बैठाया और वह खुश नजर आ रहा है।
वीडियो के बारे में जानकारी निकाली गई तो पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोग उन्हेल गांव के हैं, जोकि श्मशान घाट में गांव के पटेल को गधे पर उल्टा बैठाकर टोना टोटका कर रहे हैं। यह परंपरा धाकड़ समाज के द्वारा निभाई गई। गांव के लखन पटेल को गांव में स्थित श्मशान घाट पर ले जाकर गधे पर उल्टा बैठाया गया और श्मशान घाट के पांच चक्कर लगाए गए। इस परंपरा का निर्वहन करने के बाद श्मशान घाट पर पूजन अर्चन भी किया गया।
ये भी पढ़ें-
जालसाजों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर शिक्षक से की ठगी, 16 हजार 400 रुपये हड़पे
सूखे पड़े हैं नदी और तालाब
उन्हेल क्षेत्र में बारिश न होने की वजह से यहां के लोग काफी परेशान हैं। कई स्थानों पर ऐसे हालात हैं कि तालाब अभी तक सूखे पड़े हैं, क्योंकि यहां इस वर्ष अच्छी बारिश नहीं हुई है। ऐसे में उन्हेल गांव के लोगों ने यह टोटका अपनाया और इंद्रदेव को मनाने की कोशिश की।
गांव के पटेल को गधे पर उल्टा बैठाया
बताया जाता है कि जो शख्स गधे पर बैठा उसका नाम लखन पटेल है। वह उन्हेल नगर के रहने वाले है। यहां धाकड़ समाज के लोगों ने गधे पर बैठाकर चक्कर काटने का टोटका किया। लखन पटेल भी खुशी-खुशी गधे पर बैठे और पुराने दौर की इस परंपरा को निभाते हुए टोटका किया। टोटके से पहले लखन पटेल ने पूजा की और फिर गधे पर उल्टा बैठे। इसके बाद उन्होंने श्मशान घाट के पांच चक्कर लगाए। अब लोग उम्मीद जता रहे हैं कि टोटका करने के बाद शायद गांव में अच्छी बारिश हो जाए।