किसानों को लेकर भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की विवादित टिप्पणी अब सियासी टकराव का रूप लेती जा रही है। बयान के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस और किसान संगठनों ने मोर्चा खोलते हुए सांसद आवास का घेराव कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। वहीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से पानी की बौछार कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
दरअसल मऊगंज जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों को लेकर की गई टिप्पणी के बाद से ही विरोध के स्वर तेज हैं। किसान संगठनों और कांग्रेस ने इसे अन्नदाताओं का अपमान बताते हुए सांसद से जवाब मांगा है। इसी नाराजगी के चलते शुक्रवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान नेता सांसद आवास पहुंच गए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा और शहर अध्यक्ष अशोक पटेल (झब्बू) सहित अन्य नेताओं ने किया। झब्बू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया।
ये भी पढ़ें: श्योपुर: 37 स्वीकृत पदों पर 175 अतिथि शिक्षक नियुक्त, अतिरिक्त भर्तियों से सरकारी खजाने पर 2 करोड़ का बोझ
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बढ़ा तनाव
सांसद आवास के बाहर पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात था। घेराव के दौरान भीड़ का आक्रोश बढ़ने और स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद फायर ब्रिगेड से पानी की तेज बौछार कर प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया गया।
किसानों के मुद्दे पर शुरू हुआ यह विरोध अब रीवा की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता नजर आ रहा है। सांसद के बयान से शुरू हुई सियासी लड़ाई अब सड़क पर पहुंच चुकी है। सवाल यह है कि किसानों के सम्मान को लेकर उठे इस विवाद पर सांसद की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है।