शहर के जटाशंकर बाईपास पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मंत्री लखन पटेल के बंगले के सामने क्रॉसिंग के दौरान एक ऑटो के ऊपरी हिस्से में लगी लोहे की चादर युवक की गर्दन में जा लगी। इससे उसकी गर्दन में गहरा घाव हो गया और नसें कट गईं। हादसे के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा। शुरुआती तौर पर ऑटो चालक मौके से भाग गया, हालांकि बाद में उसे पकड़ लिया गया। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कोतवाली पुलिस ने ऑटो जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर का सामान लेने दमोह आया था युवक
घायल की पहचान तेजगढ़ थाना क्षेत्र की इमलिया चौकी अंतर्गत लक लका डोली गांव निवासी 24 वर्षीय नरेश यादव, पिता राजाराम यादव, के रूप में हुई है। बताया गया है कि नरेश अपने गांव से ट्रैक्टर का सामान लेने दमोह आया था। इसी दौरान जटाशंकर बाईपास पर मंत्री के बंगले के सामने हादसा हो गया। ऑटो के ऊपरी हिस्से में लगी लोहे की चादर उसकी गर्दन से टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
ये भी पढ़ें- एमपी: केन-बेतवा परियोजना से 60 लाख पेड़ों की कटाई का दावा, हाईकोर्ट ने मांगी रिपोर्ट; जानें कब अगली सुनवाई?
ई-रिक्शा चालक ने अस्पताल पहुंचाकर बचाई मदद की उम्मीद
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे खजरी गांव निवासी ई-रिक्शा चालक अमोल सिंह ठाकुर की नजर घायल युवक पर पड़ी। युवक की गंभीर हालत देखते हुए उन्होंने समय गंवाए बिना उसे अपने ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया। अमोल सिंह के अनुसार, जब वह जटाशंकर बाईपास की ओर से गुजर रहे थे, तब युवक मंत्री के बंगले के सामने घायल अवस्था में पड़ा था। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि किस वाहन ने उसे टक्कर मारी है। उन्होंने मानवीय पहल करते हुए घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गर्दन की नसें कटीं, प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर
जिला अस्पताल में घायल का उपचार करने वाले डॉक्टर ऐश्वर्या प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की गर्दन पर काफी गहरा घाव था और उसकी नसें कट गई थीं।चिकित्सकों ने टांके लगाकर प्राथमिक उपचार किया। चोट की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए और उसे अपने निजी वाहन से जबलपुर लेकर रवाना हुए।
डायल 112 के सामने हुआ हादसा, पुलिस ने ऑटो किया जब्त
बताया गया है कि घटनास्थल के पास ही डायल 112 पुलिस का पॉइंट था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद ऑटो चालक मौके से भाग गया था, जिसे बाद में पकड़ लिया गया। कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ऑटो को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ऑटो में लगी लोहे की चादर