कोंडागांव में जिले के ग्राम कोकोड़ी स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रोसेसिंग प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन 12 घंटे से अधिक समय से जारी है। सैकड़ों महिला-पुरुष प्लांट परिसर के बाहर डटे हुए हैं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कोंडागांव के अलावा आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
दरअसल, विवाद की शुरुआत मंगलवार देर रात उस समय हुई जब गांव के पारा टेंगना पखना में एक शादी समारोह चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से उठ रही तेज बदबू और मक्खियों के कारण भोजन कर रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे आक्रोशित ग्रामीण खाना छोड़कर प्लांट पहुंचे और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर सहित कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की क्षति हुई है।
ग्रामीणों और सरपंच मनसुख नेताम का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला धुआं, गंदा पानी और ठोस अपशिष्ट खेतों में फैल रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। उनका कहना है कि कई बार प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
हालांकि प्रशासन द्वारा प्लांट बंद करने के आदेश जारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचकर उनसे चर्चा नहीं करेंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी, एसडीएम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रशासन ने नुकसान का आकलन और प्रदूषण संबंधी आरोपों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और स्थिति पर प्रशासन की नजर है।