फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Munger News ›   Tragic accident in Begusarai Three people including a father and son, killed after being struck by a Thar

बिहार के बेगूसराय में भीषण हादसा: थार की टक्कर से पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, चालक फरार; 10 मीटर तक घसीटता रहा

Tue, 20 Oct 2026 07:22 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेगूसराय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेगूसराय Published by: शबाहत हुसैन Updated Tue, 20 Oct 2026 07:22 PM IST
सार

बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-333बी पर थार और बाइक की टक्कर में पिता संतोष यादव, उनके सात वर्षीय बेटे आयुष और सुलेखा देवी की मौत हो गई। पुलिस ने थार जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू की है।

विज्ञापन
Tragic accident in Begusarai Three people including a father and son, killed after being struck by a Thar
घटनास्थल पर जुटी भीड़ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग 333बी पर मुंगेर पुल से पहले टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार महिंद्रा थार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता, उनके सात वर्षीय बेटे और एक महिला की जान चली गई। दुर्घटना के बाद थार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

विज्ञापन

मृतकों की पहचान हीरा टोल गांव के वार्ड संख्या तीन निवासी संतोष यादव उर्फ सत्तन (43), उनके सात वर्षीय पुत्र आयुष कुमार और डंडारी निवासी गंगाराम यादव की पत्नी सुलेखा देवी (40) के रूप में हुई है। संतोष यादव, स्वर्गीय राजेंद्र यादव के पुत्र थे। सुलेखा देवी रिश्ते में उनकी सरहज थीं।

विज्ञापन


मुंगेर के दुर्गा मंदिर से लौटते समय हादसा
जानकारी के अनुसार, संतोष यादव अपने बेटे आयुष कुमार और सुलेखा देवी के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मुंगेर स्थित दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन करने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद तीनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर दक्षिण सामने से तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार के अगले हिस्से के नीचे जा घुसी। इसके बावजूद वाहन नहीं रुका और बाइक को करीब 10 मीटर तक घसीटता चला गया। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर अलग-अलग स्थानों पर जा गिरे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुलेखा देवी का शव घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर एक घर की एस्बेस्टस की छत पर जा गिरा। वहीं, संतोष यादव और उनके बेटे आयुष के शव सड़क के अलग-अलग हिस्सों में मिले।


पढ़ें: किन विभागों के अफसरों-कर्मियों पर निगरानी की नजर? घूसखोरों के पकड़ाने का खतरा कहां, देखें ट्रेंड

वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक थार चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई और जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया।

सूचना मिलने पर साहेबपुर कमाल थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों मृतकों की पहचान की। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।



थार जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल महिंद्रा थार (बीआर 01 जेआर 3604) को जब्त कर लिया गया है। पुलिस वाहन चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

त्योहार की खुशियों के बीच पसरा मातम
एक ही परिवार के तीन लोगों की असामयिक मौत से हीरा टोल और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब चीख-पुकार और गम का माहौल है। पिता के साथ मासूम बेटे की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर होने वाले गंभीर खतरों को सामने ला दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed