यूपी: ट्रक की चपेट में आया दंपति, महिला की मौत, पति घायल
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई, वहीं उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा लाइन बाजार थाना क्षेत्र के नईगंज चौराहे पर रविवार की रात हुआ है।
घायल पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक समेत चालक को हिरासत में ले लिया है।
जफराबाद कस्बे के मोहल्ला चकमहमूद अनिरुद्ध कुमार गौतम अपनी पत्नी सोनी देवी(30) के साथ बाइक से सिकरारा स्थित मायके जा रहा थी। शहर के नईगंज चौराहे पर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार सोनी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं पति अनिरुद्ध कुमार गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची लाइन बाजार थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल अनिरुद्ध कुमार गौतम को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर है।
एसओ लाइन बाजार जय प्रकाश सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।