छह विमान निरस्त रहीं: दीपावली के दिन भी आठ उड़ानें लेट, त्योहार पर समय से नहीं पहुंच पाए यात्री; परेशानी
दीपावली के दिन भी हवाई यात्रियों को उड़ानों के संचालन में गड़बड़ी का सामना करना पड़ा। आठ उड़ानें देरी से संचालित हुईं, जबकि छह उड़ानें निरस्त रहीं। इसके चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। त्योहार पर घर पहुंचने की तैयारी कर रहे कई यात्री समय से अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। एयरपोर्ट पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
विस्तार
मौसम और तकनीकी कारणों से दिवाली के दिन भी विमानों का संचालन प्रभावित रहा। रविवार को आठ उड़ानें देर से आईं-गईं और छह निरस्त रहीं। निरस्त उड़ानों की जानकारी पहले से यात्रियों को दी गई थी। वहीं, देरी के कारण कुछ यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। संचालन प्रभावित होने के कारण दिवाली के दिन भी यात्री समय से अपने घरों पर नहीं पहुंच पाए।
रविवार को इंडिगो की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 1.10 घंटे और दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली की उड़ानें 34 मिनट की देरी से आईं और प्रस्थान कीं। ऐसे ही एयर इंडिया एक्सप्रेस की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 21 मिनट और मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ानें 23 मिनट की देरी से पहुंचीं और प्रस्थान कीं। वहीं, स्पाइस जेट की छह उड़ानें निरस्त रहीं।
स्पाइस जेट की मुंबई-वाराणसी-मुंबई, पुणे-वाराणसी-पुणे और दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली की उड़ानें निरस्त रहीं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि उड़ानों की देरी और निरस्त होने की सूचना पहले से ही यात्रियों को दी गई थी। एयरपोर्ट पर देर से आए उड़ानों के यात्रियों को पूरी व्यवस्था कराई गई थी।
त्योहारों पर विशेष ट्रेन चलने से यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे की ओर से त्योहारों पर भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे दूर दराज से घर आने वालों को राहत होगी। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार ट्रेन नंबर 09473 साबरमती-मुजफ्फरपुर त्योहार स्पेशल ट्रेन 14 नवंबर को शाम सात बजे कलोल स्टेशन से चलेगी। कई स्टेशन होते हुए यह ट्रेन दूसरे दिन मारवाड़, अजमेर, जयपुर, आगरा, कानपुर, ज्ञानपुर होते हुए बनारस स्टेशन शाम 7.50 बजे आएगी। यहां से निकलकर तीसरे दिन मुजफ्फरपुर सुबह 4.30 बजे पहुंचेगी।
वापसी में 09474 मुजफ्फरपुर-साबरमती अनारक्षित त्यौहार विशेष गाड़ी 9 और 16 नवम्बर को मुजफ्फरपुर से सुबह 7.30 बजे चलकर हाजीपुर, सोनपुर, बलिया, औड़िहार से चलकर वाराणसी में दोपहर बाद 3.37 बजे आएगी। इसके बाद बनारस, ज्ञानपुर रोड, कानपुर सेंट्रल सहित अन्य स्टेशन होते हुए दूसरे दिन शाम 5 बजे साबरमती पहुंचेगी।