{"_id":"641e40a71e46db6d76080463","slug":"who-said-modi-should-lead-the-world-in-the-fight-against-tb-2023-03-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi : डब्ल्यूएचओ ने कहा- एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य ...नरेंद्र मोदी होंगे एक नेता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi : डब्ल्यूएचओ ने कहा- एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य ...नरेंद्र मोदी होंगे एक नेता
Sat, 25 Mar 2023 06:00 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 25 Mar 2023 06:00 AM IST
सार
भारत ने जिस तरह से दुनिया को टीबी का नया मॉडल दिया है, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस लड़ाई में विश्व का नेतृत्व करें। इसकी जरूरत पूरी दुनिया को है। यह निवेदन विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की अधिशासी अधिकारी डॉ. लूसिका डिटियू ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के मंच से किया।
विज्ञापन
वाराणसी में पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य की तरह ही विश्व को टीबी से लड़ाई में एक नेता की जरूरत है। भारत ने जिस तरह से दुनिया को टीबी का नया मॉडल दिया है, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस लड़ाई में विश्व का नेतृत्व करें। इसकी जरूरत पूरी दुनिया को है। यह निवेदन विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की अधिशासी अधिकारी डॉ. लूसिका डिटियू ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के मंच से किया। प्रधानमंत्री को उन्होंने सितंबर में न्यूयाॅर्क में होने वाले वैश्विक सम्मेलन के लिए आमंत्रण भी दिया।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मंच से ही मुस्कुराते हुए आमंत्रण को स्वीकार किया तो पूरा हाॅल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। 40 देशों के प्रतिनिधियों के साथ ही काशी की जनता ने भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया। डॉ. लूसिका ने भारत के वसुधैव कुटुंबकम की नीति सराहना करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य के रास्ते पर चलते हुए वन मोरल की तरफ बढ़ रही है। करोड़ों की संख्या में लोग विश्व में टीबी से जूझ रहे हैं। जी-20 का यह स्लोगन और भारत का वसुधैव कुटुंबकम ही पूरी दुनिया को नया रास्ता दिखाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 2025 तक टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य रखा है। वहीं, विश्व के दूसरे देशों में टीबी मुक्त दुनिया का लक्ष्य 2030 तक है। दुनिया से पांच साल पहले टीबी से जंग जीतकर भारत दुनिया के सामने नया माॅडल रखेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही यह लक्ष्य सफल होगा। 2020 में पूरी दुनिया के 73 फीसदी मरीजों की जांच और इलाज भारत में हुआ, जो कि हर किसी के लिए नजीर है।
विज्ञापन
...लेकिन मोदी तो खुद को सेवक ही मानता है
चिरपरिचित अंदाज में पीएम ने खुद को काशी की जनता से जोड़ा और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ संबोधन शुरू किया। कई बार मेरी काशी व मेरे काशीवासी का जिक्र किया। मोदी ने कहा कि आप प्रधानमंत्री बोलें या सरकार कहें, लेकिन मोदी तो खुद को आपका सेवक ही मानता है। इसी सेवा भाव से मैं, काशी, यूपी और देश की सेवा कर रहा हूं।
विज्ञापन
कांग्रेस ने हमेशा सांविधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा किया
वाराणसी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस ईवीएम के जरिये कांग्रेस व उसके सहयोगियों को 2004 और 2009 में सरकार बनाने का सौभाग्य मिला, वही अब ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं। कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। इन्हें भारत का विकास अच्छा नहीं लग रहा है। कांग्रेस ने देश की सांविधानिक संस्थाओं को हमेशा कटघरे में खड़ा किया है। वह शुक्रवार को संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, शिलान्यास समारोह के साथ जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांंग्रेस ने विकास को खेमों में बांटने का प्रयास किया और अपने कार्यकाल में भष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल में देश विकास की राह पर आगे बढ़ा है। भारत के विकास मॉडल की दुनिया के कई देश सराहना कर चुके हैं। दुनिया आशा भरी नजरों से भारत की तरफ देख रही है, लेकिन कांग्रेस को यह पसंद नहीं है।
रोपवे की आधारशिला रखी
पीएम ने पांच घंटे के काशी दौरे में संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें वाराणसी कैंट स्टेशन से गोदौलिया के बीच सार्वजनिक परिवहन प्रणाली रोपवे की आधारशिला भी रखी। उन्होंने कहा कि रोपवे के बनने के बाद कैंट स्टेशन से गोदौलिया के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या भी बहुत कम हो जाएगी। 3.75 किलोमीटर लंबे रोपवे में पांच स्टेशन होंगे। इस पर 645 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
बाबा को समर्पित होगा रोप-वे
पीएम के हाथों शिलान्यास हुई कैंट स्टेशन से गोदौलिया चौराहे तक रोपवे परियोजना बाबा विश्वनाथ को समर्पित होगी। रोपवे की ट्रॉलियों पर श्री काशी विश्वनाथ धाम का मॉडल उकेरा जाएगा। इस पब्लिक ट्रांसपोर्ट में काशी के धर्म, कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
सुरक्षा और सुविधा जहां बढ़ती है वहां समृद्धि आना तय : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की सरकार की दूसरी पारी का एक वर्ष शनिवार को पूरा होगा। दो-तीन दिन पहले उन्होंने लगातार सबसे ज्यादा समय तक यूपी के मुख्यमंत्री होने का रिकॉर्ड भी बनाया है। निराशा की पुरानी छवि से बाहर निकलकर यूपी अब आशा और आकांक्षा की नई दिशा में बढ़ चला है। आज जो ये नए प्रोजेक्ट्स यहां जमीन पर उतरे हैं, ये भी समृद्धि के रास्ते को सशक्त करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज केंद्र में जो सरकार है और यूपी में जो सरकार है, वो गरीब की चिंता करने वाली सरकार है। गरीब की सेवा करने वाली सरकार है। आप लोग भले ही हमें प्रधानमंत्री कहें या सरकार कहें, लेकिन मोदी तो खुद को आपका सेवक ही मानता है। इसी सेवाभाव से काशी की, यूपी की और देश की सेवा कर रहा हूं।
प्रधानमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन के तौर-तरीके पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि सुरक्षा और सुविधा जहां बढ़ती है, वहां समृद्धि आना तय है। विकास का जो रास्ता हमने चुना है, उसमें सुविधा संवेदना भी है। आज यूपी विकास के हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। कल यानी 25 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूसरी पारी का एक वर्ष पूरा हो रहा है।
गांधी जी का सपना पूरा किया, अब टीबी मुक्त देश का संकल्प
वाराणसी। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के बाद राष्ट्रपति महात्मा गांधी का सपना पूरा किया। इसका किस्सा भी सुनाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गांधी जी को कुष्ठ रोग अस्पताल के उद्घाटन के लिए बुलाया गया, लेकिन उन्होंने जाने से इन्कार कर दिया। गांधी ने कहा कि जब अस्पताल में ताला लगाने के लिए बुलाया जाएगा तो जरूर आऊंगा।
g दरअसल, गांधी जी ने कुष्ठ रोग से निजात के लिए अभियान छेड़ रखा था। उन्हें लगता था कि देश कुष्ठ रोग से मुक्त होना चाहिए। वर्ष 2001 में गुजरात की जनता ने भाजपा व मुझे सेवा का अवसर दिया। तब कुष्ठ रोग का आंकड़ा 23 फीसदी था। कुछ समय में ही इसे घटाकर एक फीसदी पर ले आए। कुछ समय बाद गुजरातवासियों को कुष्ठ रोग से निजात मिल गई। कुष्ठ रोग अस्पताल पर भी ताला लग गया।
टीबी मुक्त भारत के संकल्पों के करीब पहुंचा यूपी : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्मस्थली काशी है। उनके नेतृत्व में भारत नित नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। प्रधानमंत्री ने भारत को 2025 तक टीबी से मुक्त करने का जो संकल्प दिया था, हम उसके नजदीक पहुंच चुके हैं। स्टाप टीबी कैंपेन की थीम उनके संकल्पों को मजबूती प्रदान करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए है।
शुक्रवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में वन वर्ल्ड टीबी समिट को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश के 21 फीसदी टीबी के मरीज पाए जाते हैं। पिछले पांच साल में उत्तर प्रदेश ने जो लक्ष्य प्राप्त किए हैं, उनमें 16.90 लाख मरीजों को आर्थिक सहायता दी गई है। यह मदद 422 करोड़ रुपये है। अब तक उत्तर प्रदेश में 2.25 लाख टीबी रोगियों को गोद लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार देश में ऐसा हुआ है कि जब किसी महामारी के आने पर स्वदेशी वैक्सीन बनाई गई है।
ॉप्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की 23 करोड़ जनता को मुफ्त में वैक्सीन लगाई गई। प्रदेश में टीबी की रोकथाम के लिए विभिन्न केंद्रों पर डॉट्स का वितरण किया जा रहा है। इंसेफेलाइटिस और एक्यूट इंसेफेलाइटिस के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में संचारी रोग के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो माॅडल बनेगा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2025 तक टीवी का पूरी तरह उन्मूलन भारत से होगा। टीबी हारेगा और भारत जीतेगा।