बरतें सावधानियां: बदलते मौसम में ये लक्षण दिखे तो तत्काल डॉक्टर से लें सलाह, इन तीन बातों का रखें खास ध्यान
मौसम में बदलाव के कारण कई तरह की बीमारियों से परेशान लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। दिन में तेज धूप और देर रात से मौसम ठंडा रह रहा है। ऐसे में डॉक्टरों ने बीमारी से बचाव के लिए सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं।
विस्तार
मार्च महीने के तीसरे सप्ताह से मौसम तेजी से बदला है। तापमान में भी पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बीएचयू अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग में आने वाले ऐसे पीड़ितों में 20 से 40 साल तक के युवाओं के साथ बुजुर्ग भी आ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार गर्मी का मौसम बेहद सतर्कता बरतने वाला होता है।
सही से नहीं होता ब्लड सर्कुलेशन
बीएचयू न्यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. विजयनाथ मिश्र का कहना है कि गर्मी के समय दिमाग की नसें सूखने लगतीं हैं। इस कारण ब्लड सर्कुलेशन सही तरह से नहीं हो पाता है। चिकित्सकीय भाषा में इसको डी माइलिनेशन कहते हैं। इस वजह से झटका आना, आंखों की रोशनी कमजोर होना, मिर्गी, दिमागी दौरा आने लगता है। 300 से 400 मरीजों वाली ओपीडी में इन दिनों 30 से 40 मरीज मौसम की मार की वजह से परेशान होकर आ रहे हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
- बीपी और न्यूरो वाले मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर नियमित दवा लेते रहना चाहिए।
- घर से बाहर निकलने पर धूप से बचने के लिए सिर को ढककर चलना चाहिए।
- शरीर में पानी की मात्रा कम न होने, नारियल, नींबू पानी भी पीना चाहिए।
ये दिखें लक्षण तो ले डॉक्टर की सलाह
- शरीर में कमजोरी आना या झटका महसूस होना
- चलते-चलते अचानक बेहोश हो जाना
- आंखों की रोशनी कमजोर होने के साथ ही चक्कर आना।
- हाथ, पैर की नस में झनझनाहट