Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   CM Yogi attacked SP chief Akhilesh Yadav said khata-khat promises would be completely wiped out in varanasi

काशी में सीएम योगी का सपा पर तंज: 'डीएनए में उपद्रव और अराजकता, खटाखट का वादा करने वालों का होगा सफाचट'

Sun, 29 Nov 2026 10:42 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Sun, 29 Nov 2026 10:42 AM IST
सार

सीएम योगी ने कहा कि खटाखट-खटाखट का वादा करने वालों का सफाचट-सफाचट करने के लिए जनता तैयार है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर की स्टेयरिंग हर कोई नहीं संभाल सकता, गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है।

विज्ञापन
CM Yogi attacked SP chief Akhilesh Yadav said khata-khat promises would be completely wiped out in varanasi
वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उपद्रव, अराजकता और लूटपाट सपा के डीएनए में है। कर्फ्यू उनके जीन का हिस्सा है। सपा के घोषणापत्र पर कहा कि अखिलेश का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। उनकी सरकार में प्रदेश का बजट तीन लाख करोड़ का था। अब चार लाख करोड़ की घोषणाएं कर रहे हैं। सपा की सोच तमंचे-बम तक सीमित है। जहां पहले कट्टे-बम बनते थे वहां अब अत्याधुनिक राइफल व ब्रह्मोस मिसाइलें बन रही हैं। ये बातें उन्होंने शनिवार को नमो घाट पर एनडीटीवी के क्रिएटर्स मंच पर कहीं। मुख्यमंत्री सवालों के जवाब दे रहे थे। इस कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर अमर उजाला है।

विज्ञापन


अखिलेश यादव के गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटें जीतने के दावे पर सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का अपना इतिहास है। बुलडोजर की सवारी करने का प्रयास करने वाले भूल गए कि उसका स्टेयरिंग हर कोई नहीं संभाल सकता। इसके लिए इच्छाशक्ति और संकल्प चाहिए।
विज्ञापन


सपा सरकार में भी हम गोरखपुर में चुनाव जीतते थे और उनके प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराते थे। वर्ष 2017, 2022 और 2024 में भी गोरखपुर में भाजपा ने सभी सीटों पर जीत हासिल की। गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है। प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा और उसके गठबंधन के पक्ष में परिणाम आएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

खटाखट-खटाखट का वादा करने वालों का सफाचट-सफाचट करने के लिए जनता तैयार
विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए सीएम ने कहा कि जो लोग कल तक चोरी और डकैती में शामिल थे, वे पुलिस इंस्पेक्टर कैसे बन सकते हैं। संविधान व आरक्षण को लेकर अफवाह फैलाने वाले और चुनाव के बाद खटाखट-खटाखट का वादा करने वालों को अब यूपी की जनता सफाचट-सफाचट करने के लिए तैयार है। कांग्रेस व सपा के बीच शह-मात का खेल चल रहा है। पूरा कुनबा बिखरने वाला है। इसी भय से जल्दबाजी में प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं।

दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है, हम भी चाहते हैं हमारी पिच पर खेलें
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की बात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भी चाहते हैं कि वह हमारी पिच पर आकर खेलें। दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है। हम चाहते हैं कि जनता के बीच जाने से पहले ही वह हमारी पिच पर आएं। इससे उन्हें डुबोने में और मदद मिलेगी। जिस राम मंदिर आंदोलन का उन्होंने विरोध किया। रामभक्तों पर गोलियां और लाठियां चलवाईं। फर्जी मुकदमे दर्ज कराए। आज उसी अयोध्या में लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। जिस अयोध्या के अस्तित्व पर वह प्रश्न खड़ा करते थे और दावा करते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, वहां जाने पर स्वाभाविक रूप से सवाल उठेंगे। 

मुझे प्रसन्नता है कि अखिलेश अयोध्या जा रहे हैं, लेकिन उन्हें रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। सीएम ने कहा कि यूपी का बहुमत भाजपा और एनडीए के साथ है। 80 फीसदी से अधिक लोग भाजपा के पक्ष में हैं। शेष 20 फीसदी नकारात्मक सोच के साथ सपा, बसपा, कांग्रेस, ओवैसी या चंद्रशेखर जिसके साथ जाना चाहें जा सकते हैं।

पीएम और काशी पर बोले मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने केवल राम मंदिर का निर्माण ही नहीं किया बल्कि रामराज्य की परिकल्पना को भी साकार करके दिखाया है। जिस तरह काशी शाश्वत है, उसी प्रकार भारतीय राजनीति में भाजपा शाश्वत है। उप्र में हर हाल में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी। उप्र में जो ट्रांसफॉर्मेशन हुआ है, वह डबल इंजन सरकार की ताकत और प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण संभव हुआ है। हमारे प्रदर्शन का आधार मोदी का विजन, उनकी इच्छाशक्ति और कार्य करने की स्वतंत्रता है। काशी के बदलते स्वरूप पर कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत के हर क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है। वह नए भारत के शिल्पकार हैं।

काशी प्रधानमंत्री मोदी के अंतःकरण में बसती है। उन्होंने अविनाशी काशी का कायाकल्प किया है। नमो घाट दुनिया का सबसे लंबा और बड़ा घाट होने के साथ एक भारत-श्रेष्ठ भारत का मॉडल है। यहां काशी तमिल संगमम का आयोजन भी हो रहा है। क्या किसी ने कल्पना की थी कि काशी विश्वनाथ धाम इतना भव्य होगा, घाट इतने स्वच्छ होंगे, सड़कें इतनी चौड़ी होंगी। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन भव्य स्वरूप लेंगे। काशी अंतर्देशीय जलमार्ग का हिस्सा बनेगी। ज्ञान की प्राचीन स्थली के रूप में अपनी पहचान पुनः स्थापित करेगी। अर्बन रोपवे का पहला मॉडल बनेगी। आज यह सब काशी में देखने को मिल रहा है।

सपा-कांग्रेस गठबंधन, जेनजी और पर बोले सीएम
सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर कहा कि हर दल को अपनी रणनीति बनाने की स्वतंत्रता है लेकिन राजनीति विश्वसनीयता की होती है। इस कसौटी पर सपा व इंडी गठबंधन कैसे खरे उतरेंगे। दस साल पहले उप्र के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। गरीब भूख से मरते थे। किसान आत्महत्या करते थे। बेटियां व व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। सपा के हर आयोजन में उपद्रव होता है। अराजकता, तोड़फोड़, लूटपाट, कब्जा और कर्फ्यू उनके डीएनए का हिस्सा है।

प्रदेश के युवा, महिलाएं, किसान और व्यापारी दोबारा अराजकता, गुंडागर्दी, कर्फ्यू और दंगों का दौर नहीं आने देंगे। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, जेन-जी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पीढ़ी के माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी समेत उनके परिवार के वरिष्ठ सदस्यों ने अराजकता का दौर झेला है। अतीत को भुलाकर बेहतर भविष्य का निर्माण नहीं किया जा सकता।

सीएम योगी ने कहा कि करीब 26 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में देश के सर्वाधिक युवा और छात्र हैं। इसके बावजूद यहां जेन-जी, जेन-अल्फा, छात्रों या किसानों का कोई आंदोलन नहीं दिखा। सरकार की नीतियों से असहमति होती तो लोग सड़कों पर उतरते। इंडी गठबंधन, सपा और कांग्रेस ने इसके लिए तमाम प्रयास किए, लेकिन दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंककर पीता है।

उप्र की अर्थव्यवस्था और काशी और बोले सीएम
प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है। यूपी को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सपा-बसपा के सात कार्यकाल के मुकाबले हमारी सरकार ने दोगुने से ज्यादा नौकरियां दी हैं। आजादी के समय देश की अर्थव्यवस्था में यूपी की हिस्सेदारी 14 फीसदी थी और प्रदेश सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल था। वर्ष 2017 में हमारी सरकार आने तक यह हिस्सेदारी घटकर मात्र सात फीसदी रह गई थी। यूपी बीमारू राज्यों की श्रेणी में खड़ा हो गया था। आज यूपी में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं जिनसे सवा तीन करोड़ लोगों को सीधे रोजगार मिला है। सपा, बसपा और कांग्रेस के पास न विजन था, न इच्छाशक्ति। हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देकर बेरोजगार नहीं बनाना चाहते, बल्कि रोजगार की गारंटी देना चाहते हैं।

हैदराबाद और ओवैसी पर बोले योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओवैसी को मेरे खिलाफ कोई मुद्दा नहीं मिलता होगा। मेरे खिलाफ बोलने से मेरा वोट उनके पक्ष में नहीं जाएगा, लेकिन उनके वोट में सेंध लगाने वाला व्यक्ति उनके लिए चिंता का विषय है। बिहार में सपा एक भी सीट नहीं जीत पाई थी, जबकि ओवैसी ने पांच सीटें जीती थीं। हम ओवैसी का समर्थन नहीं कर रहे हैं। मैंने उन्हें यूपी आने पर बधाई दी है। हम हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मीपुरम बनाकर उन्हें तोहफा जरूर देंगे।

खुद को सीएम ने बताया सिपाही
केंद्रीय राजनीति में जाने की संभावनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं एक योगी हूं। मुझे यूपी की जिम्मेदारी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की छवि बदलने में सफलता प्राप्त की है। प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से उबारकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने में सफलता मिली है। यूपी विकास करेगा तो भारत विकास करेगा। यूपी विकसित और आत्मनिर्भर होगा तो भारत भी विकसित होगा और आत्मनिर्भरता की दिशा में लंबी छलांग लगाएगा। इसके लिए एक सामान्य सिपाही के रूप में कार्य कर रहे हैं। अब प्रदेश की पहचान वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया से नहीं बल्कि वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन डिवीजन वन स्टेट यूनिवर्सिटी, वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से होती है।

कमल का फूल ही भाजपा के हर कार्यकर्ता का चेहरा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव को खुश होना चाहिए कि उन्हें कमल के फूल से लड़ना पड़ेगा। कमल का फूल उन्हें वर्ष 2014, 2017, 2019 और 2022 में लगातार चित करता रहा है। हम कमल के फूल को ही चेहरा बनाकर चुनाव लड़ते हैं। कमल का फूल भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का चेहरा है और पार्टी इसी चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरती है। 

भाजपा विधायकों ने अपने क्षेत्रों में जितना विकास कराया है, आजादी के बाद किसी ने उतना विकास नहीं कराया। भाजपा के विधायकों और सांसदों ने युवाओं, किसानों, गरीबों, महिलाओं और श्रमिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में जितनी सफलता प्राप्त की है, आजादी के बाद पहले कभी ऐसा नहीं हुआ।

विधान परिषद चुनाव नतीजों पर सीएम ने कहा कि विधान परिषद चुनाव व्यक्तिगत मतदाताओं पर निर्भर होता है। गोरखपुर में सपा मुकाबले में भी नहीं थी। वह तीसरे या चौथे स्थान पर थी, जबकि भाजपा ने जीत हासिल की है।

टिकट वितरण पर बोले मुख्यमंत्री
टिकट वितरण सीएम योगी ने कहा कि समय आने पर सभी पहलुओं की समीक्षा होगी। भाजपा की चुनाव समिति और संसदीय बोर्ड तय करेगा कि कौन चुनाव लड़ेगा और कौन नहीं। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लिए जाएंगे।

उत्तराखंड देवभूमि भी है और मेरी जन्मभूमि भी
उत्तराखंड को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणी और परिवार पर किए गए कटाक्ष के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और मेरी जन्मभूमि भी। अखिलेश को प्रश्न करने और टिप्पणी करने का अधिकार है, लेकिन उनकी टिप्पणी का जवाब मिलने पर परिवार पर हमला नहीं होना चाहिए। मीठा-मीठा गप और कड़वा-कड़वा थू नहीं चलेगा। यह समाजवादियों की आदत का हिस्सा है। क्या अखिलेश यादव गंगा और यमुना में इसलिए स्नान नहीं करेंगे क्योंकि वे उत्तराखंड से आई हैं। जब प्रश्न और बीमारी कड़वी हो तो उपचार के लिए दवा भी उतनी ही कड़वी होनी चाहिए। मैंने उनके प्रश्न का जवाब उसी कड़वी भाषा में दिया है, जिसे वह समझते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed