Varanasi Weather: भोर की आंधी और बारिश से बदला मौसम, पारा औसत से 4.4 डिग्री नीचे; चढ़ेगा तापमान
Varanasi News: वाराणसी में गुरुवार भोर की आंधी और बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होकर 35.4 डिग्री दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले दो दिनों तक तेज हवाओं और हल्की बारिश के आसार हैं। इसके बाद अगले सप्ताह से तापमान फिर बढ़ सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Weather: वाराणसी में पिछले दो दिनों से पड़ रही तीखी धूप और गर्म हवाओं से बेहाल लोगों को बृहस्पतिवार को बड़ी राहत मिली। भोर में आई तेज आंधी और बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। सुबह से लेकर करीब 11 बजे तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। बाद में धूप जरूर निकली, लेकिन उसका असर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम रहा।
बीते कई दिनों से जिले में मौसम का लगातार बदलता स्वरूप देखने को मिल रहा है। सुबह के समय बादल छा जाते हैं, जबकि दोपहर होते-होते तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगती हैं। गुरुवार तड़के आई आंधी ने शहर और ग्रामीण इलाकों में जनजीवन को प्रभावित किया। कई स्थानों पर टिनशेड उड़ गए, कपड़े और अन्य हल्के सामान बिखर गए। हालांकि इसके बाद हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया और लोगों ने राहत की सांस ली।
बारिश और तेज हवाओं का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होकर 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम होकर 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में आई इस गिरावट के कारण दिनभर वातावरण अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के प्रभाव से फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि अगले सप्ताह से मौसम फिर शुष्क होने लगेगा और धूप तेज होने के साथ तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।