फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi top news today action against illegal plotting and case filed against 10 people for beating an old ma

सुर्खियों में रहीं वाराणसी की ये खबरें: अवैध प्लाटिंग के खिलाफ एक्शन, बुजुर्ग की पिटाई में 10 लोगों पर मुकदमा

Fri, 14 Feb 2025 07:53 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Fri, 14 Feb 2025 07:53 AM IST
सार

Varanasi Top News: वाराणसी जिले में कई खबरें चर्चा में बनी रहीं। इनमें वीडीए द्वारा सात बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त और दो अवैध निर्माण सील करने के साथ ही कोर्ट की खबरें भी सुर्खियों में रहीं। 

विज्ञापन
Varanasi top news today action against illegal plotting and case filed against 10 people for beating an old ma
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सात बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, दो अवैध निर्माण सील

विज्ञापन

वीडीए ने बृहस्पतिवार को सात बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई। इसके अलावा दो अवैध निर्माण सील किए। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार नगवां वार्ड के पहाड़ी यादव बस्ती के पास रोहनिया में अशोक वर्मा की ओर से सात बीघे की अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। वीडीए ने पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त किया। भेलूपुर वार्ड के फरीदपुर से सटे गौरीगंज में आशुतोष उपाध्यक्ष की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसे वीडीए ने सील कर दिया। सिकरौल वार्ड के इंग्लिशिया लाइन चर्च कंपाउंड के समीप ज्योति केशरी की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसे वीडीए ने सील कराया।  

10 लाख रुपये और चोरी के गहनों के साथ एक गिरफ्तार
शिवपुर थाने की पुलिस ने 10 लाख 44 हजार 970 रुपये, चोरी के गहनों और दो मोबाइल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान बिछुआनाथ के अखाड़े के बगल में ढेलवरिया निवासी मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है। डीसीपी वरुणा जोन पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया है।
विज्ञापन


डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने बताया कि गत नौ फरवरी को खुशहाल नगर कॉलोनी, लेन नंबर-दो स्थित एक मकान से नकदी और गहने चोरी हुए थे। इससे पहले मां वैष्णो कॉलोनी, कठवतिया और अनौल कॉलोनी स्थित दो मकान से नकदी और गहने चोरी हुए थे। शिवपुर थाने के दरोगा अंकुर कुशवाहा ने सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से इस्लाम को चिह्नित कर उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इस्लाम ने बताया कि वह दिन में घूम कर बंद मकानों की रेकी करता है। रात के समय इत्मीनान से वह चोरी करता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें: UP: बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए कतार में लगे श्रद्धालु से दुर्व्यवहार, सिपाही पर गिरी गाज, हुआ निलंबित

निरीक्षण में मेयर की हिदायत बेहतर हो सफाई व्यवस्था
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बृहस्पतिवार को दुर्गाकुंड, गंगा घाटों, गोदौलिया और टाउनहाल का निरीक्षण किया। असि घाट से सभी नगर निगम के अधिकारियों के साथ उन्होंने पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों से लगातार गंदगी हटवाने का निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिया। साथ ही काशी आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन और मां गंगा के स्नान में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निरंतर भ्रमणशीलरहने को कहा। असि से दशाश्वमेध घाटों का निरीक्षण करने के बाद वे घाट से पैदल गोदौलिया तक आएं। यहां से मंदिर मार्ग होते हुए टाउनहाल गए। इस दौरान उन्होंने साफ सफाई के अलावा लाइट, अतिक्रमण व अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी। कहा कि अपने अपने जोन की व्यवस्थाओं की लगातार मानीटरिंग करें। जरूरत पड़ने पर सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अक्षत वर्मा सहित सभी अधिकारी शामिल रहे। 

कार के शोरूम में चोरी का प्रयास

बड़ागांव थाना क्षेत्र के वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर स्थित कार के तीन शोरूम में बुधवार रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोरों ने काजीसराय, भेलखा और जमालपुर स्थित कार शोरूम को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना प्रभारी, हरहुआ चौकी प्रभारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मुकदमा दर्जकर जांच की। वहीं पिछले साल अगस्त में भी काजीसराय स्थित शोरूम से 3.95 लाख रुपये चोरी हुए थे। संवाद
 
बुजुर्ग की पिटाई, 10 पर मुकदमा दर्ज
बुजुर्ग महिला मजिदन की तहरीर पर कैंट पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। मजिदन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पड़ोसी कासिम, बच्चन सहित दस लोग पुरानी रंजिश को लेकर परेशान करते रहते हैं। बुधवार शाम उन लोगों ने पिटाई के साथ धमकी दी। वहीं पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। 

बाइक के टक्कर से घायल व्यक्ति की मौत 
काशीपुर के पास बाइक की टक्कर से गौरा गांव निवासी गुलाब (48) 4 फरवरी को घायल हो गए थे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गुलाब की पत्नी गायत्री ने बताया कि 4 फरवरी की शाम दवा देने जा रहे थे। इस दौरान काशीपुर के पास शराब पीकर गाड़ी चला रहे लोगों ने मेरे पति को टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, ग्रामीणों ने पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। जिस बाइक से दुर्घटना हुई पुलिस अभी तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। गायत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर राहत राशि की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।

इसे भी पढ़ें; Varanasi News: रोडवेज बस की चपेट में आई कथाकार धीरेंद्र महाराज की कार, नाराज अनुयायियों ने तोड़ा शीशा

दुकान में घूसी स्कॉर्पियो घुसी
मंडुवाडीह चांदपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर चाय पकौड़ी की दुकान में घूस गई। उस समय दुकान पर कोई ग्राहक नहीं था, इस कारण कोई घटना नहीं घटी। दुकानदार विजेंदर ने बताया कि शाम को दुकान पर कोई इस समय घटना हुई। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी। 

अफसरों को निर्देश, दस दिन में दें रिपोर्ट
वाराणसी जिले के रामपुर, उकथी, प्रसादपुर, भंदहा कला, मुस्तफाबाद ग्राम प्रधानों के खिलाफ शिकायतें हुई थीं। सीडीओ ने जांच अधिकारी नियुक्त कर जांच करने के निर्देश दिए थे। समय सीमा बीत जाने के बाद भी अभी तक अफसर जांच पूरी नहीं कर पाए। सीडीओ ने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि संबंधित जांच अधिकारी दस दिनों में जांच रिपोर्ट दें, नहीं तो अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करें।

डॉ. मनोज बने इंडियन डेंटल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष

इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित पद पर डॉ. मनोज श्रीवास्तव चुने गए। चेन्नई में एसोसिएशन के 75वें राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्होंने पदभार ग्रहण किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित पद पर चुने जाने वाले यूपी से पहले दंत चिकित्सक है। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य पद पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इस मौके पर एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अशोक धोबले, अध्यक्ष डॉ शुभ्रा नंदी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. मुरारी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष प्रो. टीपी चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए दंत चिकित्सकों के हित में हर संभव प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।  

किशोरी घर से गहने लेकर हुई लापता
घोषियान फाटक क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी अपने घर से कुछ गहने और मोबाइल लेकर बुधवार की शाम से लापता है। उसकी मां ने कैंट थाने में घर के पास रहने वाले हिमांशु कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उनकी बेटी के साथ ही हिमांशु भी अपने घर से लापता है।

इसे भी पढ़ें; PHOTOS: गुरु के चरणों की रज लेकर संगत के साथ जालंधर लौटे संत निरंजन दास, बेगमपुरा स्पेशल ट्रेन से हुए रवाना

अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट अप्रैल तक लागू नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश कुमार दूबे और महामंत्री राजेश कुमार गुप्त ने बृहस्पतिवार को कहा कि अप्रैल तक एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। कहा कि 2 जुलाई 2021 को बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने मॉडल विधेयक सरकार के सामने पेश किया था। उसका उद्देश्य अधिवक्ताओं पर हो रहे अत्याचार को समाप्त करना था। 

अधिवक्ताओं के खिलाफ अपराधों पर पांच से लेकर 10 तक साल की सजा और 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान था। यूपी सरकार हापुड़ में अधिवक्ताओं के साथ हुई घटना के बाद एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट बिल तैयार करने के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा बिल को संशोधित कर राज्य विधि आयोग को भेज चुका है। फिर भी प्रदेश सरकार की मंशा उक्त विधेयक को लागू करने की नहीं है। इसे लेकर अधिवक्ताओं में काफी आक्रोश व्याप्त है। 

इस बाबत सेंट्रल बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि अप्रैल तक एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं होने पर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। सभी जिलों के बार एसोसिएशन का सम्मेलन बुलाकर व्यापक आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी को जमानत मिली

युवती को मिलने के बहाने गेस्ट हाउस में बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के न्यायाधीश मनोज कुमार की अदालत ने भगवानपुर निवासी आरोपी राज जान उर्फ राज वाल्मीकि की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। अदालत ने एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर आरोपी को रिहा करने का आदेश दिया है।

अभियोजन के अनुसार पीड़िता लंका थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल में रह कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करती है। 22 जनवरी 2025 को राज जान उसे फोन कर मिलने के लिए एक गेस्ट हाउस में बुलाया। वह गेस्ट हाउस पहुंची तो राज जान ने उसे नशीला पदार्थ पिलाया। नशा उतरने के बाद उसे एहसास हुआ कि राज जान द्वारा ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। साथ ही, उसका अश्लील वीडियो भी बनाया गया है। 

वन स्टॉप सेंटर में छात्राएं कर रही इंटर्नशिप
प्रोबेशन ऑफिस की सहमति पर मास्टर ऑफ साइंस वर्क (एम.एस.डब्लू) की चार छात्राओं को सखी वन स्टॉप सेंटर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें काशी विद्यापीठ की छात्राओं को काउंसिलिंग की पूरी प्रक्रिया की जानकरी दी जाती है। साथ ही यहां छात्राएं सेंटर में आ रहे केसेज की स्टडी कर रही हैं। 

इसे भी पढ़ें; Varanasi News: भाजपा विधायक त्रिभुवन राम के बेटे की सिंगापुर में मौत, सूचना मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

शरीर में हो झनझनाहट, चिड़चिड़ापन हो तो तुरंत करवाएं जांच
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर, गंगापुर में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में स्वयंसेवकों को जागरूक किया गया। पीएचसी गंगापुर के डॉक्टर सतीश कुमार ने कहा कि अगर शरीर में झनझनाहट और चिड़चिड़ापन की समस्या दिखे तो तुरंत जांच करवानी चाहिए। डॉ. सतीश ने डायबिटीज और ब्लडप्रेशर के बारे में बताया। कहा कि सामान्य ब्लड प्रेशर 80/120 होता है, उससे अधिक हो तो समस्या होती है। खाने के साथ नमक का सेवन और नियमित व्यायाम, योगासन भी जरूरी होता है। डॉ. मनीष कुमार सिंह ने समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम करवाए जाते रहने की बात कही। डॉ. बेबी चौरसिया के नेतृत्व में दिलीप सिंह लैब टेक्नीशियन, ज्योति मौर्य ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान सुमित घोष, डॉ. रमेश मिश्रा, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. बेबी चौरसिया मौजूद रहे। 

हल्द्वानी के कार्डियोलॉजिस्ट और उसके भाई को आजीवन कारावास की सजा
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट तृतीय) विनोद कुमार-VI की अदालत ने हल्द्वानी निवासी एक कार्डियोलाॅजिस्ट और उसके भाई को सात वर्षीय बेटी से सामूहिक दुष्कर्म का दोषी पाया है। अदालत ने दोनों भाइयों को आजीवन कारावास की सजा और दो लाख तीन हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया है। जुर्माने की धनराशि पीड़िता को देने का आदेश अदालत ने दिया है।

पुरानी रंजिश में मारपीट, मुकदमा

चोलापुर थाना क्षेत्र के बंतरी गांव में पुरानी रंजिश में बृहस्पतिवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने अशोक चौबे, गुड़िया चौबे, अभिषेक चौबे के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। संवाद
 
संदिग्ध हाल में युवक की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव में बृहस्पतिवार को कुंदन बिंद (20) की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बीमारी के चलते युवक की मौत हुई है। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि करंट से युवक की मौत हुई है। 

भतीजों ने घर में घुसकर चाचा-चाची को पीटा
तीनघरवा बेदी गांव में झम्मन यादव के भतीजे उनके घर में घुसकर उन पर और उनकी पत्नी सुरेमा यादव पर हमला किए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके भाई चम्मन यादव के पुत्र सुभाष यादव और राकेश यादव घर की दीवार लांघकर अंदर घुसे। दोनों भतीजों ने उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान सुभाष यादव ने उनकी पत्नी सुरेमा यादव को पीछे से पकड़ लिया, जबकि राकेश यादव ने झम्मन यादव के साथ मारपीट की। हमले में झम्मन यादव का घुटना गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर में भी चोटें आईं। झम्मन की तहरीर पर बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

हत्यारोपी की जमानत अर्जी खारिज
जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने भेलूपुर थाने के हत्या के एक मामले में बजरडीहा निवासी आरोपी रितिक सोनकर की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अभियोजन के अनुसार 5 दिसंबर 2024 को वादी राजू राजभर के आवास के पास मनोज चौहान, विशाल सोनकर, कल्लू चौहान, विक्की जयसवाल, आर्यन सोनकर, सतीश सोनकर और अजय आए। सभी उसके छोटे भाई सुरेश राजभर को बुलाकर कहासुनी करने लगे। उसी दौरान उन लोगों ने सुरेश के सीने और कनपटी पर गोली मार कर उसकी हत्या कर दी।

प्रो. विश्वंभर बने आईआईटी के विजिलेंस ऑफिसर

आईआईटी बीएचयू के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर और मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र को आईआईटी बीएचयू का चीफ विजिलेंस ऑफिसर (सीवीओ) नियुक्त किया गया है। वह 90 दिनों तक इस पद पर बने रहेंगे। ये जानकारी आईआईटी बीएचयू के रजिस्ट्रार ऑफिस से दी गई है। संस्थान के वित्तीय मामलों, अनियमितताओं, वार्षिक प्रॉपर्टी रिटर्न, ट्रांजैक्शन और बजट आदि की जांच करेंगे।  

यूपी कॉलेज में बीएससी छात्रों के लिए चला स्टूडेंट प्रोग्राम
उदय प्रताप कॉलेज में स्टूडेंट रेडी प्रोग्राम चलाया गया। बीएससी (ऑनर्स) कृषि के अंतिम वर्ष के छात्रों को इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम और इंटीग्रेटेड क्रॉप मैनेजमेंट की जानकारी दी गई। फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ खेती की टिकाऊ तकनीक को अपनाया जा सकता है। भारतीय उद्यान विज्ञान की समस्याओं और समाधान बताए गए। कृषि के छात्रों ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के उद्यान वैज्ञानिक से सवाल पूछे। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कृषि विज्ञान के छात्रों के लिए इस तरह के कई कार्यक्रम आगे होते रहेंगे।  

गंगा घाटों की व्यवस्था संभालेंगे जोनल अधिकारी
गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सभी जोनल अधिकारी अपने-अपने जोन के घाटों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी को जिम्मेदारी दी है। तीन अपर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्या, राजीव कुमार राय और सविता यादव के अलावा सभी जोनल अधिकारियों, मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, अधिशासी अभियंता प्रकाश, कर्नल संदीप शर्मा और सभी सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को क्षेत्र में उतारा गया है। इन्हें साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। सभी अधिकारियों को हिदायत दी गई कि वे क्षेत्र में भ्रमणशील रहें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए। मंदिर मार्ग और गंगा घाटों पर अनवरत सफाई कराएं। इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को भी लगाया गया है। जो लगातार सफाई कार्य में जुटे हैं। 

अतिक्रमण के आरोप में चार पटरी दुकानदारों पर केस

गोदौलिया चौराहा से दशाश्वमेध घाट मार्ग की पटरी पर अतिक्रमण कर दुकान संचालित करने वाले चार दुकानदारों के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई दरोगा विजय कुमार सिंह की तहरीर के आधार पर की गई है। दरोगा ने थानाध्यक्ष दशाश्वमेध को बताया कि समझाने के बाद भी न मानने पर दुकानदार दीपक जायसवाल, मनोज जायसवाल, पप्पू यादव और धीरज कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले चारों दुकानदारों को कई बार समझाया गया था कि महाकुंभ के पलट प्रवाह के चलते लाखों श्रद्धालु काशी आ रहे हैं। सड़क और पटरी पर अतिक्रमण से सुगम यातायात में बाधा पैदा होती है।  

कृषि की चुनौतियों के निराकरण के लिए नई तकनीक अपनानी होगी
उदय प्रताप कॉलेज में बीएससी (ऑनर्स) कृषि के अंतिम वर्ष (अष्टम सेमेस्टर) के छात्रों के लिए स्टूडेंट रेडी प्रोग्राम चलाया जा रहा है। व्याख्यान में वक्ताओं ने उद्यान विज्ञान की समस्याओं पर चर्चा की। मुख्य अतिथि आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के उद्यान वैज्ञानिक प्रो. इंद्रसेन सिंह ने छात्रों से कहा कि कृषि की चुनौतियों के निराकरण के लिए नई तकनीक अपनानी होगी। वैज्ञानिक प्रो. इंद्रसेन सिंह ने वर्तमान परिदृश्य में भारतीय उद्यान विज्ञान की प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान की बात कही। किसानों की उत्पादकता बढ़ाने और कृषि की टिकाऊ प्रथाओं को अपनाने के लिए एकीकृत कृषि प्रणाली और समेकित फसल प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया। अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह और धन्यवाद प्रो. राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रो. संत कुमार सिंह, प्रो. मनीष कुमार सिंह मौजूद रहे।  

एआईसीटीई पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए अशोक कुमार का सम्मान
ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्नीकल एजुकेशन (एआईसीटीई ) ने कॅरिअर पोर्टल बनाया। बीटेक और डिप्लोमा के छात्र पोर्टल पर फ्री रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए काम करने वाले ट्रेनिंग, प्लेसमेंट ऑफिसर को अवॉर्ड दिया गया। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी (आईआईचटी) के ट्रेनिंग और प्लेसमेंट ऑफिसर अशोक कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। इस पोर्टल पर जॉब देने वाली कंपनियां भी वेकैंसी को अपडेट करती हैं। रजिस्ट्रेशन कर छात्र-छात्राएं जानकारी ले सकते हैं। 

भूगर्भ जल विभाग की प्रगति खराब, सहायक अभियंता का एक महीने का वेतन रोका

सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कैच जल रेन के संबंध में बैठक हुई। भूगर्भ जल विभाग की प्रगति खराब मिलने पर सहायक अभियंता भूगर्भ जल का एक महीने का वेतन रोकने के आदेश जारी किया गया है। कहा कि अगली बैठक तक निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हर हाल में करें। सरकारी हैंडपंपों में जो भी समरसेबल डालकर चल रहा है, उसे बंद कराने हेतु हर ब्लॉक में लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसे निकलवाना सुनिश्चित करने को कहा गया। सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारी को तालाब, चेक डैम, रूट टॉप कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

बीएचयू में वैश्विक राजनीति पर हुआ मंथन
बीएचयू में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और वैश्विक राजनीति के पुनर्निर्माण विषय पर मंथन हुआ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय पीठ के संयोजक प्रो. तेज प्रताप सिंह ने कहा कि कनाडा के मैकमास्टर यूनिवर्सिटी से डॉ. बिनॉय शंकर प्रसाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी डॉ. वीरेंद्र जायसवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्मता के सिद्धांत और रामायण-महाभारत के प्रसंगों को जोड़ा। उन्होंने कहा कि वह व्यष्टि, समष्टि, सृष्टि और परमेष्टि के आधार पर वैश्विक संबंधों के पक्षधर थे।  

महाकुंभ स्नान में पहुंचे जनप्रतिनिधियों को काशी आने का न्योता
महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे जनप्रतिनिधियों को राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने काशी आने का न्योता दिया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, राज्यपाल रामेन डेका, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय को काशी आने का न्योता दिया। जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि सभी गणमान्यों ने ये आमंत्रण स्वीकार किया है। 

ब्रह्मा शो विष्णु फिल्म का सारनाथ में हुआ प्रमोशन
ब्रह्माकुमारी संस्था के क्षेत्रीय कार्यालय ग्लोबल लाइट हाउस सभागार में बृहस्पतिवार को संस्था के साकार संस्थापक प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की प्रेरक जीवन कहानी पर आधारित ब्रह्मा शो विष्णु फिल्म का प्रमोशन हुआ। राज्यमंत्री राम प्रकाश दुबे, संस्था की क्षेत्रीय निदेशिका सुरेंद्र दीदी और दीपेंद्र ने किया कार्यक्रम की शुरुआत की। तेलुगु फिल्म निर्देशक मुप्पालानेनी शिवा के निर्देशन और वन वर्ल्ड, वन फैमिली प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म में राजशाही ठाठ में जीवन व्यतीत करने वाले दादा लेखराज को काशी में हुए दिव्य साक्षात्कार, कोलकाता की दिव्य अनुभूतियां और 1937 में सिंध हैदराबाद से आरंभ हुए संस्था की गतिविधियों को बखूबी दर्शाया गया है। संचालन बीके तापोशी और स्वागत विपिन ने किया। इस मौके पर ममता यादव, डॉ. केपी जायसवाल, बीके राधिका, चंदा, वंदना, अनिता, रेखा आदि रहे।

समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव बने राकेश
समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने बलुआ रोड चिरईगांव के राकेश कुमार मौर्या को प्रदेश सचिव नामित किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति और सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति से इन्हें जिम्मेदारी दी गई है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed