फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today stories of deaths of two girls and crime and police FIR

Varanasi News Today: दो बच्चियों की मौत के मामले में आया नया मोड़, बिना ओटीपी के खाते से निकले 8.33 लाख

Wed, 07 Jan 2026 02:25 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Wed, 07 Jan 2026 02:25 PM IST
सार

Varanasi Crime News Today: वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें मिर्जामुराद थाना क्षेत्र करधना गांव में दो बच्चियों की मौत के मामले को लेकर मां ने पड़ोसी पर जहर देने का आरोप लगाया। वहीं साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। बिना ओटीपी के ही खाते से रुपये निकाल लिए गए। 

विज्ञापन
Varanasi News Today stories of deaths of two girls and crime and police FIR
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी के बटाऊबीर निवासी व्यापारी अनूप कुमार गुप्ता के साथ 8.33 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। बिना ओटीपी और लिंक के ही खाते से रकम निकला। अनूप ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अनूप ने पुलिस को बताया कि 29 से 31 दिसंबर के बीच कई बार में 8 लाख 33 हजार रुपये निकाल लिए गए। एचडीएफसी बैंक में शिकायत के बाद पता चला कि मेल आईडी व फोन नंबर बदलकर आईएमपीएस से एक बार में पांच लाख व यूपीआई से कई बार में मुंबई निवासी विजय पासवान के खाते में 99 हजार 500 रुपये ट्रांसफर किए गए। अनूप ने बैक कर्मियों के खिलाफ भी जांच की मांग की है। रामनगर थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने साइबर क्राइम थाने में भेज दिया। साइबर क्राइम प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।  

विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; Cyber Fraud: माघ मेले में काम दिलाने के नाम पर खुलवाए 48 बैंक खाते, 29 में लेनदेन का शक; जांच में हुआ खुालासा
विज्ञापन


मां ने पड़ोसी पर जहर देकर दोनों बच्चियों को मारने का लगाया आरोप
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र करधना गांव में 24 घंटे में तीन बच्चियों की मौत के बाद पीड़ित मां ने पड़ोसी पर विषाक्त पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया। मिथलेश प्रजापति की पत्नी मनीषा देवी ने मंगलवार को थाने में पड़ोसी पर बच्चियों को जहर देकर मारने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस को बताया कि अंशिका उनके गेट पर खेल रही थी। खेलने के दौरान वहां रखा एक मिट्टी का घड़ा टूट गया था, जिसे लेकर पड़ोसी के बेटे से विवाद हुआ था। रविवार दोपहर दोनों बेटियां और पड़ोस की बच्चियां उनके गेट पर खेल रही थीं। जब घर लौटी तो हर्षिता के पेट में तेज दर्द हुआ, उसे लेकर निजी अस्पताल जा रहे थे, रास्ते में ही बेटी ने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह छोटी बेटी अंशिका ने भी ठीक उसी तरीके से दम तोड़ दिया। पड़ोसी मनीष प्रजापति की बेटी नैंसी की भी बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। आशंका है कि बच्चियों को जहर देकर मारा गया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर पर पड़ोसी से पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम के बाद नैंसी का परिजनों ने दाह संस्कार कर दिया। गांव में मातम पसरा है।  
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; Varanasi SIR List: आठ विधानसभा क्षेत्रों में जीत के अंतर से ज्यादा वोट कटे, राज्यमंत्री की सीट से 111457

नए साल पर उपहार भेजने के बहाने छह लाख की साइबर ठगी
फेसबुक से दोस्ती कर विदेश से नए साल पर उपहार भेजने के बहाने महिला से छह लाख की साइबर ठगी हो गई। ममता देवी ने मंगलवार को मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी है। भोरकलां (मनकईया) गांव निवासी ममता ने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर एक अज्ञात युवक ने संपर्क किया। एक लिंक भेजकर मोबाइल नंबर लिया, जिसके बाद बातचीत करने लगा। नए साल पर विदेश से 6 हजार डॉलर का उपहार भेजने का झांसा दिया और संदेश भी भेजा। विश्वास में लेकर खाते से संबंधित जानकारी और ओटीपी हासिल कर ली। जालसाज ने 23 से 29 दिसंबर के बीच एसबीआई के खाते से छह लाख निकाल लिए। राशि निकलने के बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर दिया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि साइबर विशेषज्ञों के माध्यम से जांच कराई जा रही है।  

मंदिर में महिला की सोने की चेन और लॉकेट गायब

सोनारपुर में चिंतामणि गणेश मंदिर में मंगलवार को गणेश चतुर्दशी पर दर्शन के दौरान भीड़ में लक्ष्मी नरसम्हा की सोने की चेन और लॉकेट गायब हो गया। पीड़िता ने भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि दर्शन कर बाहर निकालने के बाद गले से चेन और लॉकेट गायब था। मंदिर के बाहर चार दरोगा, 6 महिला और 12 पुरुष सिपाहियों की ड्यूटी लगी थी। इसके बाद भी चोर उचक्के मंदिर में सक्रिय थे। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।  

पुआल लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चालक बचा
जाल्हूपुर के मधुकरपुर बस्ती में मंगलवार शाम 5 बजे चारा लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। संयोग रहा कि कोई घायल नहीं हुआ। पशुओं के लिए पुआल लोड कर ट्रैक्टर- ट्रॉली से वीरेंद्र यादव मधुकरपुर बस्ती से गुजर रहा था। घर के पास ट्रैक्टर असंतुलित हो गया, जिससे पुआल से लदी ट्रॉली चकरोड पर पलट गई। समय रहते ही ट्रैक्टर चालक ने कूद कर जान बचाई। ग्रामीण सोनू, हरिनाथ, राजनाथ, राजा, अमर सिंह ने बताया कि 25 साल से चकरोड की मरम्मत नहीं हुई है।  

इसे भी पढ़ें; Digital Donation: बाबा विश्वनाथ को एक से 51 हजार रुपये का यूपीआई, छह दिनों में 500 से ज्यादा लोगों ने किए दान

रंजिश में घर में घुसकर मारपीट, छह पर प्राथमिकी दर्ज
सुजाबाद में रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने घर में घुसकर सुभाष विश्वकर्मा के परिवार पर हमला किया। पीड़ित ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर में सुभाष विश्वकर्मा ने बताया कि दो जनवरी की रात नौ बजे वह अपने घर के दरवाजे के पास बैठा था। तभी वार्ड के ही रौनक, संजय, शनि, रानी, मोनू जायसवाल सहित अन्य लोग लाठी-डंडे के साथ पहुंचे और पीटना शुरू कर दिया। बचाव में आई पत्नी और बेटी के साथ आरोपियों ने बदसलूकी की। आरोप है कि मुख्य आरोपी रौनक जायसवाल मनबढ़ और आपराधिक प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ पहले से भी कई प्राथमिकी दर्ज हैं। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।  

इसे भी पढ़ें; Varanasi Crime: अहमदाबाद से काशी आकर करते थे टप्पेबाजी; दो गिरफ्तार, उड़ाई थी सोने की 848 कील
 
जमीन के विवाद में बुजुर्ग से मारपीट
चोलापुर थाना क्षेत्र के गोपपुर (सरैया नं.1) गांव में जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। पीड़ितों ने सोमवार रात पड़ोसियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। गोपपुर निवासी दिलीप कुमार ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी को पड़ोस के खंझाटी, राजकुमार उर्फ नुरे, सुंदरी और सबिता ने पिता जयप्रकाश राजभर पर हमला कर दिया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही जांच भी की जा रही है।

दुकानदार की पिटाई, पांच दिन बाद प्राथमिकी दर्ज

गड़सरा गांव में दुकानदार राजेश सिंह की पिटाई के मामले में पांच दिन बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। राजेश सिंह ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी को गोल्डी सिंह दुकान पर पहुंचा और गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

देवरानी ने जेठानी को पीटा
शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर में देवरानी और जेठानी के बीच मारपीट हो गई। पीड़िता बेबी पटेल ने पुलिस को बताया कि 4 जनवरी की शाम देवरानी सिमरन पटेल और काजल पटेल ने रंजिश में पिटाई की। पति ने बीचबचाव किया तो दोनों ने धमकी दी। इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

इसे भी पढ़ें; Magh Mela 2026: मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर नहीं आएंगी वीआईपी गाड़ियां, नो व्हीकल जोन घोषित; इनको मिलेगी छूट

11 महीने बाद कार चोरी की प्राथमिकी दर्ज
चार पहिया वाहन चोरी के मामले में 11 महीने बाद भेलूपुर थाने में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना 25 फरवरी की है। महमूरगंज के बिरदोपुर निवासी विकास जायसवाल ने पुलिस को बताया कि घर के बाहर खड़ी कार चोरी हुई है। घटना सीसीटीवी में कैद है। 

इसे भी पढ़ें; कोर्ट की खबरें: आईआईटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में जिरह, ज्ञानवापी के मामलों में पड़ी अगली तारीख

नारे लगाकर मामले को सांप्रदायिक रंग देने के आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम रविंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने जुलूस निकालकर लव मोहम्मद के नारे लगाते हुए सांप्रदायिक रंग देने के आरोप में मोहम्मद फतेह अली खान की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी की गई। अभियोजन के अनुसार वादी उपनिरीक्षक विशाल विक्रम सिंह चौकी प्रभारी मदनपुरा थाना दशाश्वमेध ने तहरीर देकर बताया कि 24 सितंबर 2025 को वह फैंटम के पुलिसकर्मियों के साथ गश्त पर थे। मदनपुरा में मुस्लिम समुदाय के मौलाना शाहजेब मुहम्मदी, आवेश राजा, हाजी हारुन, हाफिज अब्दुल कादिर सहित 40-50 अज्ञात बिना अनुमति डीजे बजाते हुए लव मोहम्मद लिखा बैनर व पोस्टर लेकर जुलूस निकाल रहे थे। जानबूझकर नई परंपरा की शुरुआत की गई और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से जुलूस निकाला गया। विवेचना के दौरान सदानंद बाजार रामपुरा निवासी मोहम्मद फतेह अली खान का नाम प्रकाश में आने पर उसे अभियुक्त बनाया गया। अदालत ने पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अभियुक्त की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। 

संवारने वाले ही सोनिया पोखरे में फेंक रहे मलबा

नगर निगम कार्यालय से कुछ ही दूरी पर सोनिया पोखरा है। इसके सुंदरीकरण की योजना बनाई गई। काम भी शुरू कराया गया, लेकिन छह महीने से काम बंद है। इस बीच संवारने वालों ने ही यहां मलबा फेंक दिया। साथ ही साफ-सफाई करने वाले कर्मचारियों ने गंदगी डाल दी। इसके चलते स्थिति बद से बदतर हो गई है। जल्द ही इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो धीरे-धीरे कब्जा होने लगेगा। बाद में नगर निगम को हटवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। पूर्व में स्मार्ट सिटी की ओर से सुंदरीकरण का काम शुरू किया गया था। सोनिया पोखरे की सफाई कराई गई है। ये पोखरा जलकुंभी से पटा था, जिसे हटवाया गया था। चारों ओर पिलर लगाए गए थे। पिछले दिनों आपत्ति के चलते काम रुक गया था। हाल ही में नगर निगम और स्मार्ट सिटी ने मलबा डाल दिया। पोखरे में फिर से जलकुंभिया भर गई हैं। नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिली है कि सफाई कर्मचारियों ने गंदगी गिराई है। स्मार्ट सिटी के लोगों ने मलबा गिराया था। उन्हें हिदायत दी गई है। यहां पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। कुछ लोगों ने कोर्ट में अपना पक्ष रखा है। कानूनी अड़चन दूर कर जल्द काम शुरू कराया जाएगा।

कैंट स्टेशन पर तस्करी के लिए ले जा रहे 350 तोतों के साथ युवक गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने पश्चिम बंगाल जा रहे युवक को आठ बैग में रखे 350 तोतों के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान के सदर थानाक्षेत्र के दुबराज निवासी मो. जाहिद बताया। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि वन्यजीव प्रभा से वन्य तस्करी के मामले में तोतों को ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव के निर्देशन वाली टीम ने 13006 पंजाब मेल की जांच की तो युवक पकड़ा गया। वह अमेठी से वाराणसी होते हुए वर्द्धमान तक तोतों को लेकर जा रहा था। 

स्कूटी सवार युवतियों से छेड़खानी में तीन गिरफ्तार
लंका थाना क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने स्कूटी सवार दो युवतियों से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार चार युवकों ने युवतियों से रास्ते में अभद्र टिप्पणी और छेड़खानी की। विरोध करने पर लोगों ने चारों की पिटाई कर दी। साथ ही पुलिस को सौंप दिया। चितईपुर निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि सोमवार को उनकी पत्नी दोनों बेटियों के साथ अस्सी के बनखंडी महादेव मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं। लंका रविंद्रपुरी मार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने कट पर जाम लगने के कारण वहां रुक गईं। इसी दौरान पीछे से आए चार युवकों ने अभद्र टिप्पणी और छेड़खानी की।  

कर्णघंटा में आभूषण चोरी के मामले में छह से पूछताछ
चौक थाना क्षेत्र के कर्णघंटा में आभूषण दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने छह युवकों को हिरासत में लिया है। केयर टेकर समेत अन्य युवकों से पुलिस ने पूछताछ की है। करीबियों पर ही चोरी के शक की सूई घूम रही है। सीसी कैमरे में एक ही युवक कैद है, जो कि आराम से आवाजाही करता दिख रहा है। खिड़की का शीशा भी अंदर से क्षतिग्रस्त हुआ है। बाहर से क्षतिग्रस्त होने के कोई प्रमाण नहीं मिले। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि छह युवकों से पूछताछ की जा रही है। मुंबई के रहने वाले दीवाकर राणा ने पुलिस को बताया कि सवा दो किलो सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख नकदी चोरी के मामले में तहरीर दी है। रविवार रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।  

वरुणा किनारे जुए के फड़ से पांच आरोपी गिरफ्तार

जैतपुरा पुलिस ने मंगलवार को वरुणा किनारे बिछुआनाथ अखाड़े के पास जुए के फड़ पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 11,390 रुपये नकद मिले। जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अजय चौहान निवासी चौकाघाट, पवन गौड़ निवासी ढेलवरिया, लक्की सिंह निवासी कोरौता, जुगनु सोनी निवासी पड़ाव और श्रीकांत मिश्रा निवासी हुकुलगंज है। 

युवक को मारपीट कर किया घायल
सलारपुर इलाके में रंजिश को लेकर सलारपुर निवासी दो भाइयों ने पड़ोसी कुंदन मौर्य को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोपी मंटू सोनकर व सुनील सोनकर के खिलाफ सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर की आपत्तिजनक पोस्ट
चौबेपुर थाना क्षेत्र की निवासी महिला की तस्वीरें और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने के मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आईटी एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता का आरोप है कि फेसबुक पर मौर्या सुरभि और दूबे सुरभि नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसकी तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया। इन आईडी के माध्यम से उसके बारे में असत्य और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट की गईं, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। पोस्ट वायरल होने के बाद पीड़िता के मोबाइल फोन पर अलग-अलग नंबरों से लगातार अभद्र फोन आ रहे है। पीड़िता ने मोबाइल कॉल से जुड़े साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सोशल मीडिया अकाउंट्स और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।  

माल गबन और 35 लाख की ठगी के मामले में दंपती पर प्राथमिकी दर्ज
35 लाख के माल के गबन और धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में लंका की शरद और ऋचा भार्गव के खिलाफ चौक थाने में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। शिवपुरवा बैंक कॉलोनी निवासी घनश्याम प्रसाद चौधरी ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों ने अपने विभिन्न फर्मों से नीचीबाग कार्यालय से व्यापार के जरिये 35 लाख का बकाया किया। बाद में दंपती सभी कार्यालयों और घर में ताला लगाकर भाग गए। 35 लाख रुपये के माल का गबन किया। लंका थाना पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी की। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

तार चुराने वाले युवक को आरपीएफ ने पकड़ा

सारनाथ-कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे के डिब्बों में लगने वाले कॉपर के बिजली तार को चुराकर ले जाने वाले एक युवक को आरपीएफ ने पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम चौबेपुर के चंद्रावती निवासी सुभान नट बताया। इसके पास से एक बोरे में तार मिला। वाराणसी सिटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार यादव ने बताया कि तार की कीमत 12900 रुपये है। सारनाथ-कादीपुर में एक व्यक्ति सफेद बोरी में सामान लेकर जाता दिखाई दिया। जांच में उसके पास से कॉपर तार मिला। इसके अलावा घर से नाराज होकर भाग रहे एक नाबालिग बच्चे को चाइल्ड लाइन को सौंपा गया। एक यात्री का मोबाइल और एक का बैग यात्रा के दौरान सीट पर छूटने के बाद उन्हें सौंपा गया।  

जिस लेखपाल पर था भ्रष्टाचार का आरोप, उसी ने खुद को दी क्लीन चिट
यूपी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को धता बताते हुए सदर तहसील में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जिस लेखपाल के खिलाफ उसने भ्रष्टाचार और अवैध उगाही की शिकायत की थी, उसी लेखपाल ने ही जांच कर मामले को रफा-दफा कर दिया। कटारी निवासी देवेंद्र बहादुर सिंह ने तहसील दिवस प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 20 दिसंबर को लेखपाल सतीश चंद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि लेखपाल आराजी संख्या 568 के फांट (बंटवारे) की जांच के नाम पर अभद्र व्यवहार कर रहे थे। साथ ही रिश्वत मांग रहे थे। पीड़ित का कहना है कि लेखपाल ने धमकी दी थी कि पैसे न देने पर रास्ता रोक दिया जाएगा। पीड़ित उस समय दंग रह गया जब उसने ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी शिकायत का निस्तारण देखा। शिकायती पत्र के अनुसार, आरोपी लेखपाल सतीश चंद्र ने खुद ही जांच अधिकारी बनकर अपनी रिपोर्ट लगा दी और मामले को खारिज कर दिया। देवेंद्र बहादुर सिंह ने तहसील प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।  

छह महीने से मिल रही धमकी, युवती समेत 4 पर प्राथमिकी दर्ज
फोन पर गालीगलौज और धमकी के मामले में पीड़िता ने एक परिवार के चार सदस्यों पर सोमवार रात लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पांडेयपुर की श्रेया गुप्ता ने पुलिस को बताया कि छह महीने से प्रियांशु सोनकर धमकी दे रही है कि पति अमन गुप्ता को कब्जे में रखी हूं। जल्द ही तुम्हें घर से बाहर निकलवा दूंगी। इसके साथ ही गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रियांशु सोनकर, मां मंजू सोनकर, पिता ओमप्रकाश सोनकर, भाई सिद्धार्थ राज सोनकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

नहीं हुई सुनवाई, युवाओं ने खुद ही बनाई 100 मीटर लंबी सड़क
आराजी लाइन ब्लॉक के असवारी गांव की वर्षों से खराब मौर्या बस्ती की सड़क को युवाओं ने श्रमदान कर चमका दिया। युवाओं ने मिलकर 100 मीटर लंबी सड़क बना दी। इसके पहले सड़क मरम्मत के लिए प्रधान और ब्लॉक अधिकारियों के समक्ष कई बार मांग रखी गई थी। सड़क एक किलोमीटर लंबी है और कई बस्तियों को जोड़ती है। मरम्मत के लिए युवा मंच के संयोजक नीरज पांडेय ने कई बार ग्राम प्रधान, ब्लॉक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। समस्या लंबित होने पर राहुल यादव, ओमप्रकाश पटेल, राजीव मौर्य, महेंद्र मौर्य, वतन मौर्या, दीपक पटेल, आदर्श मौर्या, कुंवर दीप मौर्या, संतोष मौर्या, रितु मौर्य, पार्वती देवी और दिलीप ने 100 मीटर सड़क को दुरुस्त किया। युवाओं के इस प्रयास की चर्चा होते ही खंड विकास अधिकारी, आराजी लाइन, सुरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द पूरी सड़क बनवा दी जाएगी। नीरज पांडेय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस से यह श्रमदान और तेज किया जाएगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed