Cyber Fraud: माघ मेले में काम दिलाने के नाम पर खुलवाए 48 बैंक खाते, 29 में लेनदेन का शक; जांच में हुआ खुालासा
Mirzapur News: मिर्जापुर जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। साइबर ठगों द्वारा माघ मेले में काम दिलाने के नाम पर 48 बैंक खाते खुलवाए गए। इनमें से 29 बैंक खाते में करोड़ों रुपये के लेनदेन का शक है। मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
विस्तार
साइबर ठगी के करोड़ों रुपये ठिकाने लगाने के लिए यूको बैंक में मलाधरपुर गांव के 48 लोगों के खाते खोले गए। 29 खातों में ठगी के रुपयों के लेनदेन का शक है। ग्रामीणों को माघ मेले में अच्छा काम दिलाने व मजदूरी का झांसा दिया गया था। जांच में पता चला कि कुछ खातों में एक से तीन लाख रुपये तक जमा किए गए और उसके बाद निकासी की गई। इस मामले में चील्ह थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाने में तहरीर देने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्य भारतेंदु यादव ने बताया कि दिसंबर 2025 में एक व्यक्ति ने कुछ मजदूरों को माघ मेले में अच्छा काम दिलाने और मजदूरी का लालच देकर उनके नाम से सिम लिए और फिर यूको बैंक में खाते खुलवाए।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी में दर्दनाक हादसा: सेना की तैयारी कर रहे इकलौते बेटे को डंपर ने रौंदा, 20 मिनट तक हाईवे जाम
सिम, एटीएम कार्ड और पासबुक अपने पास रख ली। विश्वास हासिल करने के लिए आरोपी ने अपना फर्जी आधार कार्ड ग्रामीणों को दिया। आरोपी ने ग्रामीणों को अपने अलग अलग नाम ताए थे। गांव के कुछ युवाओं ने शक होने पर खुद के आधार कार्ड से दोबारा उसी नंबर का सिम लिया तो पता चला कि उनके खाते में रुपयों का लेन-देन हो रहा है।
क्या बोले अधिकारी
चील्ह थाने में साइबर ठगी के लिए म्यूल अकाउंट खुलवाने का मामला प्रकाश में आया है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। हालांकि प्राथमिक जांच में कुछ खातों को छोड़कर अन्य में लेन-देन नहीं पाया गया है। जिन खातों पर इस तरह का शक है। उन अकाउंट की साल भर की डिटेल मंगाकर लेन-देन को जांच की जाएगी। -सोमेन वर्मा, डीआईजी
कहीं पुराने गैंग ने तो नहीं खुलवाए बैंक खाते
साइबर ठगी के लिए पहले से ही मिर्जापुर के विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज है। प्राथमिक जांच में विभिन्न खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन के सुबूत मिले हैं। कटरा कोतवाली, शहर कोतवाली और चुनार थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। चील्ह क्षेत्र में आए नए मामले के तार चुनार क्षेत्र में सक्रिय पुराने गैंग से तो नहीं जुड़ रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी है। मिर्जापुर में 10 से ज्यादा खातों में ठगी से अर्जित 20 करोड़ से ज्यादा के लेन देन मामले में पहले ही संदीप सिंह पटेल सहित सात लोगों के खिलाफ देहात कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज है। दिलीप विश्वकर्मा की तहरीर पर पांच अक्तूबर को संदीप सिंह पटेल निवासी टकटकपुर खैरा निवासी कछवां, रजनीश मिश्रा निवासी भुईली पांडेय थाना पड़री, विकास यादव निवासी दुबेपुर थाना पड़री, शिवम सिंह निवासी प्रेमापुर थाना चुनार, निखिल सिंह, अरमान सिंह, सोनू और अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। चुनार और कटरा कोतवाली में भी प्राथमिकी दर्ज है।