यूपी: गाजीपुर पहुंची वाराणसी पुलिस, 10.80 करोड़ की 558 किलो अफीम का निस्तारण; ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी
जैतपुरा थाने में वर्ष 2012 के मुकदमे में जब्त 558 किलोग्राम अफीम का निस्तारण कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत 10.80 करोड़ रुपये बताई गई है। एसीपी चेतगंज और जैतपुरा पुलिस टीम गाजीपुर स्थित केंद्रीय अफीम एवं क्षारोद कारखाने पहुंची, जहां ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में निस्तारण हुआ।
विस्तार
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेश स्तरीय अभियान ऑपरेशन दहन के तहत कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। जैतपुरा थाने में वर्ष 2012 में दर्ज मुकदमे में जब्त 10 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत की 558 किलोग्राम अफीम का गाजीपुर स्थित केंद्रीय अफीम एवं क्षारोद कारखाने में नियमानुसार निस्तारण कराया गया। पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन दहन के तहत प्रदेश में जब्त मादक पदार्थ के निस्तारण की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
जैतपुरा थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 54/2012 में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम बरामद की गई थी। बरामद मादक पदार्थ को मुकदमे से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने तक नियमानुसार सुरक्षित रखा गया था। प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन के तहत जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद इस मामले में भी कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में 558 किलोग्राम अफीम के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके लिए एसीपी चेतगंज शुभम जैन और जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गाजीपुर स्थित केंद्रीय अफीम एवं क्षारोद कारखाने पहुंची। टीम ने जब्त अफीम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत कारखाने में जमा कराया। इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी और निगरानी में अफीम का नियमानुसार निस्तारण कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी की और निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराई। पुलिस के मुताबिक, निस्तारित की गई 558 किलोग्राम अफीम की अनुमानित कीमत 10 करोड़ 80 लाख रुपये है।
एसीपी चेतगंज शुभम जैन ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन दहन चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जैतपुरा थाने के पुराने मुकदमे में जब्त अफीम का नियमानुसार निस्तारण कराया गया। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के साथ जब्त पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया भी नियमानुसार पूरी की जा रही है।