Varanasi News: 34 होटल लॉज और होमस्टे की चेकिंग, दस को नोटिस, इनमें नामी होटल भी; कार्रवाई से हड़कंप
Varanasi News: वाराणसी में अग्निशमन विभाग की जांच में 34 होटल, लॉज और होमस्टे में से 10 प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की खामियां मिलीं। इनमें कई नामी होटल भी शामिल हैं। विभाग ने सभी को नोटिस जारी किया है। कार्रवाई के लिए एडीएम प्रोटोकॉल को पत्र भेजा जाएगा। नियमों का पालन न करने पर बिजली कटौती और सीलिंग की कार्रवाई हो सकती है।
विस्तार
Varanasi News: दिल्ली के एक होटल और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित अस्पताल में आग लगने से हुई जनहानि की घटनाओं के बाद वाराणसी प्रशासन सतर्क हो गया है। अग्निशमन विभाग ने बृहस्पतिवार को शहर के विभिन्न होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान 10 प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर उन्हें नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि अभियान के तहत 26 होटल एवं गेस्ट हाउस तथा आठ होमस्टे की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक व्यवस्थाओं में कमी पाई गई। जिन प्रतिष्ठानों में खामियां मिली हैं, उनमें होटल डी पॉल, प्रीति गेस्ट हाउस, बुद्धा गार्डन, शिवम होटल, ग्रैंड कॉन्टिनेंटल, होटल दयाल, होटल न्यू काशी, होटल रुद्राक्ष, गौतम ग्रैंड और राजकमल शामिल हैं।
कार्रवाई से हड़कंप
अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को तत्काल आवश्यक अग्निशमन सुरक्षा उपकरण लगाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन विभाग ने इन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियां दूर करने को कहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई के लिए एडीएम प्रोटोकॉल को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं किया गया तो संबंधित प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति कटवाने के साथ ही उन्हें सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
अग्निशमन विभाग ने होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में फायर अलार्म, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। विभाग का कहना है कि आग जैसी आपात स्थिति में सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।