UP GIS 2023: यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में छाए बनारस के निवेशक, पहले दिन 13,621.91 करोड़ निवेश के करार
यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के पहले दिन वाराणसी जिले के 22 विभागों से 434 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इसके जरिये 13,621.91 करोड़ रुपये निवेश की अंतिम औपचारिकता पूरी की गई।
विस्तार
लखनऊ में शुक्रवार से शुरू हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में वाराणसी के निवेशक छाए रहे। पहले दिन ही जिले के 22 विभागों से 434 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इसके जरिये 13,621.91 करोड़ रुपये निवेश की अंतिम औपचारिकता पूरी की गई। दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में ही 70 करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव पर मुहर लगी है। अकेले वाराणसी से ही 137 लाख करोड़ रुपये का निवेश होना है।
ज्यादातर निवेशक लखनऊ पहुंचे भी हैं। शनिवार व रविवार को निवेश की अंतिम प्रक्रिया पूरी होगी। उपायुक्त उद्योग मोहन शर्मा के मुताबिक सबसे ज्यादा निवेश पर्यटन सेक्टर में हुआ है। दूसरी तरफ, एमएसएमई से 212 निवेशकों ने 5404.74 करोड़ रुपये निवेश केे प्रस्ताव पोर्टल पर अपलोड किए हैं।
वाराणसी समेत पूर्वांचल में कानून और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर
आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि वाराणसी समेत पूर्वांचल में कानून और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर है। एयर व वाटर कनेक्टिविटी बेहतर है। सड़कों की कनेक्टिविटी बहुत अच्छी हो चुकी है। इससे निवेशकों का रुझान बढ़ा है। सरकार की सरल और सहज नीति भी निवेशकों को रिझा रही है। इस बार औद्योगिक विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।
काशी के निवेशक उत्साहित हैं। हमारी कंपनी ने दो एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका नतीजा कुछ वर्षों में दिखेगा। औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि के साथ ही रोजगार की संभावना बढ़ेगी। वाराणसी सर्वोत्तम औद्योगिक शहर बनने की ओर अग्रसर है। - कौस्तुभ अग्रवाल, डायरेक्टर, बीडी ग्रुप।
सरकार नीति अच्छी है। ज्यादा औद्योगिक इकाइयों के स्थापना का फायदा मिलेगा। हर हाथ को काम मिलने लगा। हुनरमंद और कामगारों को दूसरे राज्यों में जाकर काम नहीं करना पड़ेगा। समिट से जुड़े लोग काशी की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। इस कारण निवेशक उत्साहित हैं। - अनुपम देवा, उद्यमी।
औद्योगिक विकास को लेकर बेहतर माहौल बना हुआ है। निश्चित तौर पर आने वाले समय में काशी समेत पूर्वांचल में औद्योगिक इकाइयों की संख्या बढ़ेगी। इससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार बढ़ेगा। हमारी कंपनी ने तीन प्रोजेक्ट में 850 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। एमओयू पर हस्ताक्षर भी हो गए हैं। - आकाशदीप, बिल्डर, रोमा ग्रुप