Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Delhi Air Pollution AQI PM2.5 WHO Limit How Does It Affect Your Health Causes of Pollution Explainer

एक्सप्लेनर: डब्ल्यूएचओ के मानक से 20 गुना जहरीली हुई दिल्ली की हवा, फेफड़े के साथ इन अंगों पर भी होगा असर

Fri, 13 Nov 2026 06:09 PM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अमन तिवारी Updated Fri, 13 Nov 2026 06:09 PM IST
सार

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। यहां पीएम2.5 का स्तर डब्ल्यूएचओ के मानक से करीब 20 गुना ज्यादा दर्ज किया गया है। जानिए पीएम2.5 इतना खतरनाक क्यों है, एक्यूआई के मानक क्या हैं और ये हवा शरीर के किन-किन अंगों को नुकसान पहुंचाती है।

विज्ञापन
Delhi Air Pollution AQI PM2.5 WHO Limit How Does It Affect Your Health Causes of Pollution Explainer
प्रदूषण - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिल्ली-एनसीआर की हवा एक बार फिर लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। हवा में मौजूद सूक्ष्म जहरीले कण लोगों के फेफड़ों से लेकर दिल और दिमाग तक को प्रभावित कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह 9:30 बजे एक्यूआई डॉट इन के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पीएम2.5 का स्तर 296 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से तय 24 घंटे की सुरक्षित गाइडलाइन 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से करीब 20 गुना ज्यादा है।
विज्ञापन


वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 के पार पहुंचकर 'गंभीर' श्रेणी में चला गया है। राजधानी के कुछ इलाकों में एक्यूआई 500 के करीब दर्ज किया गया। प्रदूषण की इस स्थिति में स्वस्थ व्यक्ति भी सांस लेने में परेशानी महसूस कर सकता है, जबकि अस्थमा, हृदय रोग और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।
विज्ञापन


हवा में मौजूद प्रदूषण के सूक्ष्म कण केवल खांसी, जुकाम या सांस लेने में परेशानी तक सीमित नहीं रहते। इनका असर शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ता है। सवाल है कि आखिर पीएम2.5 इतना खतरनाक क्यों है? भारत में हवा की गुणवत्ता मापने के क्या मानक हैं? कितना एक्यूआई होने पर हवा को सुरक्षित माना जाता है और प्रदूषण हमारे शरीर को किस तरह नुकसान पहुंचाता है? आइए समझते हैं...
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

क्या है पीएम2.5 और यह इतना खतरनाक क्यों है? 
पीएम2.5 का पूरा नाम पार्टिकुलेट मैटर 2.5 है। ये हवा में मौजूद ऐसे बेहद सूक्ष्म कण होते हैं, जिनका व्यास 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। इनका आकार इतना छोटा होता है कि एक इंसान के बाल की चौड़ाई इन कणों से लगभग 30 गुना ज्यादा होती है। इन कणों में धूल, धुआं, कालिख, वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन, उद्योगों का धुआं और पराली जलाने से पैदा होने वाले प्रदूषक शामिल हो सकते हैं। इसका छोटा आकर इसे और भी खतरनाक बनाता है।

आमतौर पर बड़े धूलकण नाक और गले में ही काफी हद तक रुक जाते हैं, लेकिन पीएम2.5 जैसे महीन कण सांस के साथ फेफड़ों के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच सकते हैं। इनमें से कुछ कण फेफड़ों की सुरक्षा परत को पार कर रक्तप्रवाह में भी प्रवेश कर सकते हैं। इसके बाद ये शरीर के दूसरे अंगों को भी प्रभावित कर सकते हैं। लंबे समय तक इन कणों के संपर्क में रहने से एक स्वस्थ व्यक्ति को भी सांस संबंधी बीमारी, हृदय रोग, स्ट्रोक और फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। यही वजह है कि पीएम2.5 को वायु प्रदूषण के सबसे चिंताजनक घटकों में गिना जाता है।

अब जानते हैं भारत में हवा की गुणवत्ता मापने के क्या मानक हैं?
भारत में हवा की गुणवत्ता को मापने के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी नेशनल एयर क्वालिटी इंडेक्स का इस्तेमाल करता है। इसका उद्देश्य प्रदूषण से जुड़े जटिल आंकड़ों को एक आसान संख्या और रंग के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाना है। भारत में एक्यूआई को छह श्रेणियों में बांटा गया है। इनके आधार पर हवा की स्थिति और उससे होने वाले संभावित स्वास्थ्य प्रभावों का आंकलन किया जाता है। 


सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई की गणना आठ प्रदूषकों के आधार पर की जाती है। इनमें पीएम2.5, पीएम10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2), सल्फर डाइऑक्साइड (SO2), कार्बन मोनोऑक्साइड (CO), ओजोन (O3), अमोनिया (NH3) और लेड (Pb) शामिल हैं। भारत में एक्यूआई की गणना के लिए हवा में मौजूद प्रदूषकों को आधार बनाया जाता है। ये प्रदूषक अलग-अलग स्रोतों से निकलते हैं और हमारे स्वास्थ्य को अलग-अलग तरह से प्रभावित करते हैं।

कितना एक्यूआई शरीर के लिए नुकसानदायक नहीं माना जाता?
सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा माना जाता है। इस स्तर पर स्वास्थ्य पर न्यूनतम प्रभाव पड़ने की संभावना होती है और आमतौर पर लोगों को सामान्य गतिविधियां करने में परेशानी नहीं होती। हालांकि डब्ल्यूएचओ जैसे संस्थानों का कहना है कि वायु प्रदूषण का कोई ऐसा स्तर नहीं है, जिसे सभी परिस्थितियों में पूरी तरह जोखिममुक्त माना जा सके। इसलिए जितनी स्वच्छ हवा होगी, स्वास्थ्य के लिए उतना ही बेहतर होगा।

भारत और डब्ल्यूएचओ के प्रदूषण मानकों में कितना अंतर है?
भारत में वायु प्रदूषण को मापने के लिए राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानक (एनएएक्यूएस) निर्धारित हैं। वहीं, इसको लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहीं अधिक सख्त दिशानिर्देश तय किए हैं।

पीएम2.5 के मामले में दोनों के मानकों में बड़ा अंतर है।
  • भारत का मानक: पीएम2.5 की वार्षिक औसत सीमा 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और 24 घंटे की औसत सीमा 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है।
  • डब्ल्यूएचओ का मानक: पीएम2.5 की वार्षिक औसत सीमा 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और 24 घंटे की औसत सीमा 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है।
वायु प्रदूषण शरीर के किन-किन अंगों को पहुंचाता है नुकसान?
वायु प्रदूषण को अक्सर फेफड़ों से जुड़ी समस्या माना जाता है, लेकिन इसका असर केवल श्वसन तंत्र तक सीमित नहीं रहता। प्रदूषित हवा में मौजूद पीएम2.5 जैसे सूक्ष्म कण फेफड़ों के रास्ते रक्तप्रवाह में पहुंचकर शरीर के दूसरे हिस्सों को भी प्रभावित कर सकते हैं। इसके अलावा, ओजोन, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और सल्फर डाइऑक्साइड जैसी गैसें भी स्वास्थ्य को अलग-अलग नुकसान पहुंचाती हैं।

Delhi Air Pollution AQI PM2.5 WHO Limit How Does It Affect Your Health Causes of Pollution Explainer
प्रदूषण - फोटो : अमर उजाला
आइए जानते हैं कि प्रदूषित हवा शरीर के अलग-अलग अंगों पर किस तरह असर डालती है।
  • फेफड़ों पर असर: फेफड़े वायु प्रदूषण के सीधे संपर्क में आते हैं, इसलिए इन पर इसका सबसे पहला और प्रमुख असर दिखाई देता है। पीएम2.5 और पीएम10 जैसे कण सांस के साथ श्वसन नलिकाओं में पहुंचकर सूजन और जलन पैदा कर सकते हैं।
  • अस्थमा और ब्रोंकाइटिस का खतरा: प्रदूषक कण सांस की नलियों में सूजन पैदा करते हैं। इससे अस्थमा के मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है और ब्रोंकाइटिस के लक्षण बढ़ सकते हैं।
  • फेफड़ों की क्षमता में कमी: लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। इससे सांस लेने और शरीर तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचाने की क्षमता कमजोर पड़ सकती है।
  • सीओपीडी और फेफड़ों का कैंसर: लगातार प्रदूषण के संपर्क में रहने से क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) जैसी गंभीर बीमारी और फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।
  • रक्तप्रवाह में प्रदूषक कणों का प्रवेश: वायु प्रदूषण का सीधा असर दिल और रक्त संचार तंत्र पर भी पड़ता है। पीएम2.5 के कुछ कण फेफड़ों की बाधा पार करके रक्तप्रवाह में पहुंच सकते हैं। इससे शरीर में सूजन और रक्त वाहिकाओं की कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है।
  • ब्लड प्रेशर और थक्के जमने की आशंका: प्रदूषण के कारण रक्त वाहिकाओं में सूजन और उनकी कार्यप्रणाली में बदलाव हो सकता है। इससे रक्तचाप और रक्त के थक्के बनने का खतरा बढ़ सकता है।
  • हार्ट अटैक का बढ़ता जोखिम: लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से हृदय रोगों का खतरा बढ़ता है। इससे हार्ट अटैक और कार्डियक संबंधी समस्याओं की आशंका भी बढ़ सकती है।
  • स्ट्रोक का खतरा: प्रदूषण के कारण रक्त वाहिकाओं और रक्त संचार पर पड़ने वाले प्रभाव से स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।
  • त्वचा की सुरक्षा परत पर असर: त्वचा शरीर का बाहरी हिस्सा है, इसलिए प्रदूषित हवा के संपर्क में सबसे पहले आता है। हवा में मौजूद धूल, धुआं और अन्य प्रदूषक त्वचा की प्राकृतिक सुरक्षा परत को प्रभावित कर सकते हैं।
  • त्वचा पर समय से पहले बुढ़ापा: प्रदूषण से पैदा होने वाला ऑक्सीडेटिव तनाव त्वचा में कोलेजन को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे झुर्रियां और त्वचा पर उम्र बढ़ने के लक्षण समय से पहले दिखाई दे सकते हैं।
  • एक्जिमा और त्वचा की एलर्जी: प्रदूषण के संपर्क में आने से कुछ लोगों को त्वचा में खुजली, लालिमा, जलन और एक्जिमा जैसी समस्याएं हो सकती हैं। संवेदनशील त्वचा वाले लोगों में परेशानी ज्यादा हो सकती है।
  • बालों और स्कैल्प पर प्रभाव: धूल और प्रदूषक तत्व स्कैल्प पर जमा होकर जलन और खुजली पैदा कर सकते हैं। इससे बालों और सिर की त्वचा से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
  • आंखों में जलन और सूखापन: आंखें प्रदूषित हवा के प्रति काफी संवेदनशील होती हैं। हवा में मौजूद धूलकण, धुआं और ओजोन आंखों की सतह को प्रभावित कर सकते हैं। इससे आंखों में जलन और खुजली की समस्या हो सकती है। वहीं पहले से मौजूद आंखों की समस्याएं बढ़ सकती हैं।
  • इम्यूनिटी और गर्भावस्था पर असर: प्रदूषण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और गर्भवती महिलाओं की सेहत को भी प्रभावित कर सकता है।

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की वजह क्या है?
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के पीछे केवल एक कारण नहीं है। इसमें- पराली का धुआं, वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और मौसम की परिस्थितियां मिलकर हवा को जहरीला बनाती हैं। इसके अलावा, सर्दियों में मौसम की परिस्थितियां भी प्रदूषण को गंभीर बना देती हैं। इसमें- कम तापमान, कमजोर हवाएं और वायुमंडल में हवा के कम फैलाव के कारण प्रदूषक जमीन के नजदीक जमा होने लगते हैं। जब हवा की गति कम होती है तो प्रदूषक आसानी से एक जगह से दूसरी जगह नहीं जा पाते। बारिश और तेज हवाओं की अनुपस्थिति में स्थिति और बिगड़ने लग जाती है।

हमारे दैनिक जीवन पर एक्यूआई का क्या असर होता है?
वायु प्रदूषण का असर सिर्फ उन लोगों पर नहीं पड़ता, जो पहले से किसी बीमारी से पीड़ित हैं। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से स्वस्थ व्यक्ति भी कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर सकता है। एक्यूआई बढ़ने के साथ इसका असर हमारे दैनिक जीवन पर भी साफ दिखाई देने लगता है, जिसमें सांस लेने में परेशानी, आंखों और त्वचा पर असर तथा दिल और फेफड़ों पर बुरा प्रभाव शामिल है।

इसके अलावा, इसका सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशु की सेहत पर पड़ता है। जहरीली हवा के कारण लोगों की नींद और रोजमर्रा के काम करने की क्षमता पर भी गहरा असर पड़ता है। इसलिए वायु प्रदूषण को सिर्फ सांस संबंधी समस्या समझना सही नहीं है। यह शरीर के कई अंगों और पूरे स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है।

वायु प्रदूषण बढ़ने पर खुद को कैसे रखें सुरक्षित?
प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में कुछ जरूरी सावधानियां बरतकर आप खुद को और अपने परिवार को जहरीली हवा के बुरे प्रभावों से काफी हद तक सुरक्षित कर सकते हैं।

  • मास्क का इस्तेमाल करें: बहुत खराब प्रदूषण की स्थिति में अच्छी तरह फिट होने वाले मास्क का इस्तेमाल करें।
  • धुएं से बचें: घर के अंदर सिगरेट, धूप, लकड़ी या कोयले के धुएं से बचें। खाना पकाते समय उचित वेंटिलेशन रखें।
  • एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल: जरूरत और बजट के मुताबिक अच्छे फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें।
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें: एक्यूआई खराब होने पर उन्हें लंबे समय तक बाहर रहने और खुले में खेलने से बचाएं।
  • लक्षण दिखने पर डॉक्टर से संपर्क करें: लगातार खांसी, सांस फूलना, सीने में दर्द या सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
  • खिड़की-दरवाजे बंद रखें: जब बाहर प्रदूषण बहुत ज्यादा हो तो बाहरी हवा का प्रवेश सीमित रखें। हालांकि हवा की गुणवत्ता बेहतर होने पर घर में ताजी हवा आने दें।
  • खराब हवा में बाहर व्यायाम न करें: जब प्रदूषण का स्तर ज्यादा हो तो दौड़ना, साइकिल चलाना और खुले में कठिन व्यायाम करने से बचें। जरूरत पड़ने पर व्यायाम घर के अंदर करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed