यूपी: पीडीडीयू जंक्शन पर एक करोड़ के सोने के गहनों संग दो गिरफ्तार, बंगाल से लेकर जा रहे थे दिल्ली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के पीडीडीयू जंक्शन से राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात में दो किलो सोने के गहने बरामद किए हैं। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह बरामदगी स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या सात और आठ के पश्चिमी छोर के पास से हुई है।
गिरफ्तार दोनों व्यक्ति भाई हैं और मेदीलीपुर से दिल्ली तस्करी कर गहने ले जा रहे थे। रेलवे स्टेशन पर दोनों ट्रेन बदलने के लिए उतरे थे। जीआरपी के अनुसार बरामद माल की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है। जीआरपी ने बरामद माल और गिरफ्तार व्यक्तियों को डीआरआई के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चंदौली जिले के पीडीडीयू जंकश्न पर सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ, जीआरपी की संयुक्त टीम रात में नौ बजे जांच पड़ताल कर रही थीं। तभी सूचना मिली कि प्लेटफार्म संख्या सात और आठ के पश्चिमी फूट ओवर ब्रिज के समीप एक बेंच पर दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे हैं।
इस पर टीम के सदस्यों ने दोनों को पकड़ कर सामान की तलाशी ली तो बैग में रखे लोहे के बॉक्स में सोने के जेवरात मिले। कागजात मांगने पर दोनों नहीं दिखा सके। दोनों को पकड़ कर थाने लाकर पूछताछ की गई तो दोनों ने भाइयों ने अपना नाम पुलक पाल और तिलक पाल निवासी मादपुर सागमंडल खड़गपुर जिला पश्चिमी मेदनीपुर पश्चिम बंगाल बताया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में दोनों फ्लोर गली किसन नगर करोल बाग मध्य दिल्ली रहते हैं। उनके पास से मिले गहनों का वजन किया गया तो 1.965 किलो सोने के हार, मांगटीका, अंगूठी, कंगन आदि मिले। वहीं चांदी 177.4 ग्राम वजनी गहने मिले।
दोनों ने बताया कि मेदनीपुर से गहने लेकर दिल्ली में आभूषण विक्रेताओं को आपूर्ति करने जा रहे थे। गिरफ्तारी टीम में शामिल जीआरपी निरीक्षक आरके सिंह और आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बरामद माल की कीमत लगभग एक करोड़ रूपये है।
इस बरामदगी की सूचना आईबी, सेल टैक्स, और डीआरआई को दी गई है। बरामद माल और गिरफ्तार व्यक्तियों को डीआरआई के हवाले किया गया है। आगे की कार्रवाई खुफिया राजस्व निदेशालय वाराणसी (डीआरआई) करेगी।
गहनों की बरामदगी टीम मे जीआरपी एसआई डीपी यादव, कांस्टेबल रविंद्र कुमार, रजनीश सिंह, शिवगोविंद, अमरजीत यादव, शिव कुमार, आरपीएफ के अच्छेलाल, पवन कुमार, दुर्गेश आनंद रहे।