अंतरराष्ट्रीय एथलीट रोहित: एशियाड पदक के बाद डभिया में मनी 'रोशन दिवाली', एक फ्रेम में दिखा चैंपियन परिवार
एशियाड में पदक जीतने के बाद डभिया गांव में इस बार रोशन दिवाली मनी। संघर्ष और सफलता के सफर के बीच पहली बार चैंपियन परिवार ने एक साथ दीपावली मनाई। पक्की सड़क के बीच पूरे परिवार की एक फ्रेम में आई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। परिवार की खुशियों और एकजुटता की तस्वीर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
विस्तार
जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेल में भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) स्पर्धा का कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय एथलीट रोहित यादव के पैतृक आवास पर इस बार की दीपावली बेहद खास और यादगार रही। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली ऐतिहासिक कामयाबी, पिता सभाजीत यादव की दिल्ली मैराथन में स्वर्णिम जीत और घर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण शुरू होने के बाद पूरे परिवार ने पहली बार एक साथ दीपोत्सव की खुशियां बांटीं।
पदक और सम्मान के बाद पहली दीपावली
मछलीशहर तहसील के पंवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत डभिया गांव निवासी रोहित यादव के लिए बीता एक महीना उपलब्धियों से भरा रहा। भुवनेश्वर में 87.05 मीटर भाला फेंककर सत्र का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने, नागोया एशियाड में 84.35 मीटर के साथ कांस्य पदक जीतने के बाद रोहित को लगातार राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान मिला।
मुंबई में एसबीआई फाउंडेशन द्वारा तीन लाख रुपये, भुवनेश्वर में केआईटी-किस्स (KIIT-KISS) द्वारा चार लाख रुपये के नकद पुरस्कार और फिर राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 'यूथ आइकॉन' सम्मान मिलने के बाद रोहित अपने घर लौटे थे। इन खुशियों और प्रशासनिक पहल पर घर तक पक्की सड़क की ईंट जुड़ाई से बने रास्ते से इस दीपावली पर डभिया गांव में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया।
एक साथ दिखा पूरा परिवार, सोशल मीडिया पर छाई तस्वीर
दीपावली के पावन पर्व पर रोहित यादव के पूरे परिवार ने घर के आंगन में दीप प्रज्वलित कर पूजन किया। इस दौरान पिता व वयोवृद्ध मैराथन चैंपियन सभाजीत यादव, मां पुष्पा देवी, बड़े भाई राहुल यादव और छोटे भाई उभरते जेवलिन थ्रोअर रोहन यादव ने चैंपियन रोहित के साथ एक ही फ्रेम में पारिवारिक तस्वीर खिंचवाई। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल हो गई। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इस तस्वीर को संघर्ष, सादगी और पारिवारिक एकजुटता की मिसाल बताया।
पगडंडी से पोडियम तक का सफर हुआ रोशन
पिता सभाजीत यादव ने कहा कि बीते वर्षों में बेटों के अभ्यास, प्रतियोगिताओं और रास्ते के अभाव जैसी समस्याओं के बीच त्योहारों की चमक फीकी रहती थी। लेकिन इस बार बेटे के अंतरराष्ट्रीय पदक, सड़क की सुविधा और पूरे परिवार के एक साथ होने से घर का हर कोना खुशियों से जगमगा उठा है। गांव के लोगों का कहना है कि डभिया की माटी से निकलकर दुनिया में चमकने वाले इस परिवार की खुशियां पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का सबब हैं।