फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi Cases against UP college students removed kidnapped teenager arrested

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : हटाएं जाएं UP काॅलेज के छात्रों पर लगे केस, किशोरी को भगाने वाला अरेस्ट

Thu, 12 Dec 2024 12:17 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 12 Dec 2024 12:17 AM IST
सार

Varanasi News : वाराणसी में यूपी काॅलेज की संपत्ति पर वक्फ बोर्ड के कथित दावे के बाद यहां का माहाैल गर्मा गया था। इसी कड़ी में काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. डीके सिंह को छात्रों ने ज्ञापन साैंपा है। वहीं, लोहता पुलिस ने किशोरी को बहला फुसला कर भगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi Cases against UP college students removed kidnapped teenager arrested
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

यूपी कॉलेज में छात्रों पर लगे केस वापस लेने समेत तीन सूत्रीय मांग उठाई गई। बुधवार को प्राचार्य आवास पर छात्रों ने ज्ञापन दिया। हॉस्टलों को चालू करने, संध्या वंदन, पीटी (व्यायाम) सांस्कृतिक कार्यक्रम, वार्षिक खेलकूद, सफाई प्रतियोगिता कराने की मांग उठाई गई। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। 

विज्ञापन


प्राचार्य ने कहा कि यूपी कॉलेज में हॉस्टल अगले सत्र में चालू किया जाएगा। किसी भी छात्र के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। प्रशासन से केस खत्म कराने पर बातचीत होती। छात्रों ने कहा कि हॉस्टल पुराना हो चुका है। जर्जर अवस्था में है। फर्स्ट ईयर के छात्रों के लिए अभी हॉस्टल की व्यवस्था नहीं है। सेकंड ईयर, थर्ड ईयर और बाकी क्लास के हॉस्टल उपलब्ध है।
विज्ञापन


प्राचार्य प्रो. डीके सिंह ने बताया कि हॉस्टल पुराना हो चुका है। बातचीत कर प्रॉक्टोरियल बोर्ड को पत्र लिखा जाएगा। पूर्व छात्रों को भी समिति में शामिल किया जाएगा। हॉस्टल चलाने के लिए गार्ड, सीसीटीवी, वार्डन, चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी। शिवम सिंह, कृष्णमूर्ति सिंह, राजीव सिंह, सत्यम चौबे, रौनक राय आदि ने मांग उठाई।
विज्ञापन
विज्ञापन


किशोरी को भगाने वाला युवक गिरफ्तार
लोहता पुलिस ने किशोरी को बहला फुसला कर भगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना क्षेत्र की रहने वाले एक किशोरी के पिता ने तहरीर देकर युवक पर पुत्री को भगाने का आरोप लगाया है। चौकी प्रभारी अमित यादव ने बताया कि किशोरी को लोहता स्टेशन से बरामद कर युवक राजकुमार महतो निवासी भिटारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

चोरों ने दो कमरों से हजारों के बर्तन और रुपये की चोरी
छोटी कोईरान में बीती रात चोर एक दुकान का ताला तोड़कर बर्तन और चार हजार रुपये लेकर फरार हो गए। दुकानदार सूरज पटेल ने बताया कि रात दस बजे वह घर चला गया था। बुधवार सुबह जब दुकान खोलने आया तो देखा ताला टूटा हुआ था। साथ ही सामान और रुपये गायब थे। चोरों ने पास में एक टावर पर गार्ड का काम करने वाले भूपेंद्र पटेल के कमरे का ताला तोड़कर चोरी की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। 

चोरी का आरोपी गिरफ्तार
मकान में चोरी के आरोपी को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने बुधवार को सोयेपुर पोखरा के पास से गिरफ्तार किया। कब्जे से चोरी का माल बरामद हुआ। थानाध्यक्ष विवेक कुमार पाठक ने बताया कि आरोपी की पहचान विशेष गौड़ उर्फ डुगडुग निवासी सोयेपुर के रूप में हुई है। पूर्व में मो. इरशाद व विशाल कुमार को जेल भेजा जा चुका है। 24 अगस्त को रसूलपुर मढ़वा में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। 

गैर इरादतन हत्या मामले में वांछित गिरफ्तार
गैर-इरादतन हत्या के मामले में वांछित को चौबेपुर पुलिस ने बुधवार को श्रीकंठपुर नहर रेलवे लाइन से गिरफ्तार किया। एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान सोनू निवासी श्रीकंठपुर धोबहीया के रूप में हुई है। 

दामाद समेत चार पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
दामाद समेत परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ विवाहिता के पिता ने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। एसकेबीपुरम कॉलोनी भरलाई निवासी पिता सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तरवा आजमगढ़ निवासी दामाद ओम प्रकाश सिंह, समधी बृजबिहारी सिंह, प्रेम प्रकाश सिंह, रोशनी सिंह दहेज में कार की मांग को लेकर बेटी सुप्रभा को प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि बेटी को बेरहमी से मारा पीटा गया। 

आभूषण की दुकान से सोने की दो लॉकेट लेकर भागे
चौबेपुर क्षेत्र के सोनबरसां बाजार में बुधवार शाम साढ़े पांच बजे दो बाइक सवार युवक सुरेंद्र सेठ ऊर्फ गामा सेठ की दुकान पर खरीदारी के बहाने स्वर्ण आभूषण लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवक दुकान पर दो सोने की लॉकेट खरीदने के लिए आए। लाकेट तौल कर देने पर आरोपी रुपये देने के लिए स्कैनर मांगने लगे। इसी दौरान दोनों लॉकेट लेकर भाग निकले। व्यवसायी के अनुसार, लॉकेट की कीमत 14 हजार है। 

एडिशनल सीपी ने पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
अपर पुलिस आयुक्त कानून व व्यवस्था डॉ. एस चन्नप्पा ने बुधवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान परेड, आवासीय, अनावासीय भवन समेत अन्य शाखाओं का हाल जाना। कुछ बिंदुओं पर खामियां मिलने पर दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी लाइन हृदेश कुमार, एडीसीपी लाइन श्रुति श्रीवास्तव, एसीपी लाइन डॉ. ईशान सोनी, प्रशिक्षित आईपीएस नताशा गोयल और आरआई मौजूद रहे। 

साड़ी कारोबारी से रंगदारी मांगने के आरोपी को मिली जमानत
सिगरा के साड़ी कारोबारी से रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट से जमानत मिल गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की कोर्ट ने उसकी जमानत मंजूर की है।0 आरोपी हिमांशु यादव के अधिवक्ताओं ने दलील दी कि एफआईआर में कहीं भी रंगदारी का जिक्र नहीं किया गया है। प्राथमिकी भी घटना के 48 घंटे बाद दर्ज की गई। अदालत ने पत्रावली के अवलोकन के बाद आरोपी की अर्जी मंजूर कर ली।

ट्रक का तिरपाल काटकर 300 बैटरी चोरी
रोहनिया। करनाडाडी में खड़े ट्रक का तिरपाल काटकर ब्रांडेड कंपनी की 300 बैटरी चोरी हो गई। वाहन मालिक ने मंगलवार रात रोहनिया थाने में केस दर्ज कराया। संभल के हिंदूपुरा खेड़ा निवासी मोहम्मद फैजान ने बताया कि ट्रक में ब्रांडेड कंपनी की बैटरी लेकर 5 दिसंबर की सुबह करनाडाडी डिपो पहुंचा। किसी वजह से रात भर वही रुकना पड़ा। अगले दिन पता चला कि तिरपाल काटकर बैटरी चोरी कर ली गई है। 

डायवर्जन के चलते रद्द रही ट्रेनें
प्रयागराज में ब्लाॅक के चलते बुधवार को वाराणसी-प्रयागराज के बीच 22435 वंदे भारत, ग्यान गंगा, स्वतंत्रता सेनानी, बनारस-वेरावल, सारनाथ एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-पटना, बनारस-उधना, दानापुरा-उधना, बलिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन निरस्त रही। बृहस्पतिवार को गोरखपुर-दादर स्पेशल, मंडुवाडीह एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस निरस्त रहेंगी।

वीडीए ने दो अवैध निर्माण सील किए
वीडीए ने बुधवार को भेलूपुर में दो अवैध निर्माण सील किए। भेलूपुर वार्ड में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए आरिफ जमाल अवैध निर्माण करा रहा था। पूर्व में इस पर नोटिस भी दिया था। इसके बाद भी चोरी छिपे जारी निर्माण को आज सील कर दिया। शहनवाज की ओर से भी अवैध निर्माण किया जा रहा था। इन्हें भी पूर्व में नोटिस देने के बावजूद निर्माण जारी रखने पर इसे सील कर दिया। जोनल अधिकारी प्रमोद तिवारी की देखरेख में कार्रवाई हुई। 

एंटी हाई जैकिंग और आग से बचाव के लिए बनी योजना
लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को सुरक्षा समिति की बैठक हुई। टर्मिनल भवन में हवाई अड्डे की सुरक्षा पर अधिकारियों ने चर्चा के दौरान एंटीहाई जैकिंग और आग लगने की गंभीर स्थिति में जानमाल की सुरक्षा को लेकर रणनीति बनाई गई। रनवे आगमन- प्रस्थान और पार्किंग मुख्य द्वार सहित हवाई अड्डे के बाहर चारों तरफ चारदीवारी से सटे गांवों में भी सुरक्षा व्यवस्था पर विचार किया। आनंद कानन बगिया और पार्किंग परिक्षेत्र का भी निरीक्षण हुआ। उप जिलाधिकारी पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा समिति की बैठक हुई, जिसमें सभी पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया।

देश भर के संस्कृत महाविद्यालयों का शास्त्रार्थ कुंभ काशी में
देशभर के संस्कृत महाविद्यालयों का शास्त्रार्थ कुंभ काशी में होगा। इसका केंद्र संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय बनेगा। संस्कृत के साथ ही शास्त्रों की परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय इस दिशा में पहल करेगा। शास्त्रार्थ के जरिये काशी की प्राचीन परंपरा में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में जल्द ही देश भर के गुरुकुलों के छात्र आपस में शास्त्रार्थ करेंगे। इसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसमें न्याय, वेदांत, व्याकरण, दर्शन शास्त्र और साहित्य समेत कई विषयों पर चर्चा होगी। डॉ. दिव्य चेतन ब्रह्मचारी ने बताया कि शास्त्रार्थ में दुनिया के सत्य और ब्रह्म के स्वरूप पर भी चर्चा होगी। नई पीढ़ी को शास्त्रार्थ की परंपरा को समझाने में शास्त्रार्थ कुंभ का आयोजन बेहद महत्वपूर्ण होगा। इसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है, संभावना है कि महाकुंभ के दौरान ही काशी में शास्त्रार्थ कुंभ का आयोजन होगा। इसमें देश भर के गुरुकुलों के छात्रों व आचार्यों को आमंत्रित किया जाएगा।

कमिश्नर से उठाई यूपी कॉलेज में नमाजियों की सुरक्षा की मांग
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने यूपी कॉलेज की मजार में नमाजियों की सुरक्षा की मांग उठाई। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को ज्ञापन भेजकर कहा कि ऐसी व्यवस्था कराई जाए कि परिसर में नमाज अदा हो सके। मुस्लिम समाज आपका आभारी रहेगा। एआईएमआईएम के पूर्वांचल सचिव शमशाद खान ने कहा कि परिसर स्थित नवाब टोंक नाम की मस्जिद में हमेशा से मुस्लिम पांचों प्रहर का नमाज अदा करते हैं। 

29 नवंबर को जुमे की नमाज अदा होने के बाद उपद्रवियों और अराजक तत्वों ने प्रशासन पर दबाव बनाकर नमाज अदा कराने से रोका। फिर बिना न्यायालय के आदेश के पुलिस ने नमाजियों को अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान बुधवार को सोशल मीडिया पर मजार का ताला खोलने को लेकर भी चर्चाएं थीं। इस दौरान एजाज अंसारी और जहूर खान मौजूद रहे। 

सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिबिंबित करता वी द डिस्कार्डेड पीपल
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भारत कला भवन के प्रदर्शनी गैलरी में एकल प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। प्रदर्शनी प्रो. प्रदोष मिश्रा के नेतृत्व में लेबनानी अमेरिकी फुलब्राइट कलाकार चॉकी फ्रेन द्वारा वी द (डिस्कार्डेड) पीपल वेलफेयर प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। यह दर्शकों को सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिबिंबित करने के लिए आमंत्रित करता है, जो समुदायों को आकार देता है। इस अवसर पर मनोज कुमार मिश्रा, डॉ सुप्रिया शाह, डॉ सुरेश चंद्र जांगिड़, सुरेश नायर और कलाकार पद्मिनी मेहता मौजूद रहे। 

रबी की बोआई को लेकर नहीं कम पड़ेगी खाद
रबी की बोआई को लेकर खाद की किल्लत नहीं होगी। इफ्को की एक रैक आ गई है। आज तीन रैक खाद आ जाएगी। शिवपुर रेलवे स्टेशन पर आई रैक से खाद सभी समितियों और भंडारण केंद्रों पर पहुंचाई है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि दो दिन में कई कंपनियों की डीएपी, एनपीके और यूरिया का कुल 2110 मीट्रिक टन उपलब्ध होगा। इसमें से इफ्को की 750 मीट्रिक टन डीएपी और एनपीके आ चुका है।

प्लास्टिक उन्मूलन के खिलाफ निकाली रैली
नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के सप्ताहव्यापी कार्यक्रम में भेलूपुर प्रखंड के स्वयंसेवकों ने प्लास्टिक उन्मूलन के खिलाफ जन जागरूकता रैली निकाली। लोगों को प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया। भेलपुरी प्रखंड के डिवीजनल वार्डन वी.वी सुंदर शास्त्री, डिप्टी डिवीजनल वार्डन अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में रैली शुरू हुई। अरुण रतन बनर्जी, अभिषेक जायसवाल, संतोष मिश्रा, डॉ बक्शी, सुरैया बानो और शरबानी धारा मौजूद रहीं। 

आज से शुरू होगा ब्लाॅकवार कृषि निवेश मेला
ब्लाॅकवार कृषि निवेश मेला और गोष्ठी का आयोजन शुरू हो रहा है। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे से बड़ागांव के एक स्कूल में किसान मेला लगेगा। पिंडारा पंचायत भवन इंदरपुर में 13, हरहुआ के संत रविदास मंदिर गहनी में 16, चोलापुर खेल मैदान चौबेपुर में 17, चिरईगांव नृसिंह भगवान मंदिर पीयरी में 18, काशी विद्यापीठ साधन सहकारी समिति अलाउद्दीनपुर में 19, आराजीलाइन साधन सहाकरी समिति परमंदापुर में 20 और सेवापुरी के प्राथमिक विद्यालय देइपुर में 21 दिसंबर को मेला लगेगा। उन्होंने कृषि विभाग अधिकारियों, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों और एनीजीओ को शामिल होकर किसानों को जानकारी देने को कहा।

बुजुर्ग महिला को मिले परिजन, 22 को सीएम करेंगे विदाई
नवादा की रहने वाली वृद्ध महिला को 3 महीने पहले कैंट से असहाय अवस्था में बचाया गया था। आश्रम में आधार कार्ड बनने की प्रक्रिया शुरू हुई तब इनकी पहचान हुई। अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि आधार कार्ड बनने के बाद इनके घरवालों से बात की गई। पता चला कि वह जौनपुर में किसी ईंट भट्टे पर काम करती थीं। घर वापसी के समय रास्ता भटक गई थीं। जिसके बाद उन्हें आश्रम लाया गया। 22 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इनकी विदाई की जाएगी। 

रोहनिया विधायक ने प्रधानमंत्री आदर्श गांव का किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए गांव परमपुर में बुधवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल और आराजीलाइन ब्लॉक प्रमुख डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गोशाला, शौचालय, सड़क, खड़ंजा और प्राथमिक विद्यालय में बन रही जल निगम की पानी की टंकी समेत अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस मौके पर अवर अभियंता अमरेश बिंद, सहायक अभियंता शेखर शरण, अधिशासी अभियंता पंकज राय युवा मंच के जिलाध्यक्ष मानस कुमार सिंह मौजूद रहे।

मॉरीशस रवाना हुए डॉ. सचिन सनातनी
प्रयागराज हिंदी साहित्य सम्मेलन संस्थान के डॉ. सचिन सनातनी बुधवार को मॉरीशस रवाना हुए। हिंदी भाषा के दूसरे देशों तक प्रचार-प्रसार के क्रम में मॉरिशस स्थित संस्थान के हिंदी प्रचारिणी सभा के प्रथमा, उत्तमा व मध्यमा हिंदी परीक्षा के बेहतर प्रबंधन के लिए मॉरीशस के हिंदी प्रचारिणी सभा की अध्यक्षा रोहणी रामरूप के निमंत्रण पर वह गए हैं। हिंदी साहित्य सम्मेलन के प्रचार मंत्री डॉ. सचिन सनातनी के साथ प्रधानमंत्री कुंतक मिश्र और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ. एमपी तिवारी (पूर्व विभागाध्यक्ष, विधि संकाय इलाहाबाद विश्वविद्यालय) परीक्षा में पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे।

बनारस के चंदन बने सुभासपा के प्रदेश महासचिव
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने प्रदेश, पूर्वांचल और वाराणसी महानगर कमेटी के पदाधिकारी की घोषणा की। इसमें वाराणसी के चंदन विश्वकर्मा को प्रदेश महासचिव, जागेश्वर राजभर को महानगर अध्यक्ष, प्रमोद महाजन को प्रदेश उपाध्यक्ष, वीरेंद्र राजभर को मंडल उपाध्यक्ष, हर्ष राजभर को प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मंच व रामसूरत राजभर, अनुज कुमार सिंह को जिला उपाध्यक्ष और रविंद्र राजभर को जिला महासचिव बनाया गया है।

बच्चों ने जानी सैंपलिंग की विधि
वाराणसी। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत आराजीलाइन ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों के बच्चों ने राष्ट्रीय बीज अनुसंधान व प्रशिक्षण केंद्र में शैक्षणिक भ्रमण किया। जहां बच्चों ने बीज शोध प्रकिया और केंद्रीय एवं राज्य स्तर पर बीजों की सैंपलिंग करने की विधि जानी। साथ ही तमाम मशीनों का बच्चों ने अवलोकन किया और वैज्ञानिकों से प्रश्न भी पूछे। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी आराजीलाइन शशिकांत श्रीवास्तव, चंद्रमणि पांडेय, मनीष सिंह, आनंद सिंह, उमानाथ, उपस्थित रहे। 

बीएचयू रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक के लिए 3 जनवरी तक आवेदन
बीएचयू में रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। अगले साल तीन जनवरी तक ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकता है। वहीं, आठ जनवरी तक आवेदन पत्र डाउनलोड करने के साथ ही जरूरी दस्तावेज बीएचयू के होलकर हाउस में भेजना होगा। रिक्रूटमेंट एंड एसेसमेंट सेल की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

इस पद के लिए जरूरी योग्यता और बाकी विवरण भी देखा जा सकता है। इनका वेतनमान 14 पे लेवल यानी कि डेढ़ लाख तक होगा। एकेडमिक स्तर पर 15 साल का अनुभव होना चाहिए। ऐच्छिक योग्यता में पीएचडी, एलएलबी, मैनेजमेंट और ई-गवर्नेंस में काम करने का अनुभव हो। पिछले पांच साल कार्य अनुभव की ग्रेडिंग बहुत अच्छी हो। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed