सोनिया गांधी की जीवनी पर सियासत: पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पौत्र ने उठाए सवाल, कहा- राजीव गांधी को दी थी सुरक्षा
सोनिया गांधी की पुस्तक में राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर पर लगाए गए आरोपों को उनके पौत्र और भाजपा एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू ने खारिज किया है। उन्होंने दावा किया कि चंद्रशेखर ने राजीव गांधी को निर्धारित प्रोटोकॉल से कई गुना अधिक सुरक्षा दी थी और सोनिया गांधी से जवाब मांगा है।
विस्तार
सोनिया गांधी की जीवनी बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर पर राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर लगाए गए आरोपों पर सियासी प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पौत्र और भाजपा के विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू ने इन आरोपों को खारिज किया है।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर ने राजीव गांधी को तत्कालीन प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के निर्धारित प्रोटोकॉल से भी कई गुना अधिक सुरक्षा मुहैया कराई थी। सोनिया गांधी भी इस तथ्य से परिचित हैं, इसके बावजूद पुस्तक में ऐसी बातें लिखे जाने की वजह समझ से परे है।
एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू ने सोनिया गांधी से सवाल किया कि वह बताएं कि राजीव गांधी की हत्या के समय उनकी सुरक्षा में कितने जवान तैनात थे और कितने सुरक्षाकर्मियों ने अपनी जान गंवाई थी। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन व्यवस्था में करीब 40 विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) कमांडो राजीव गांधी की सुरक्षा में लगाए गए थे। उनके मुताबिक, उस दौरान करीब 16 पुलिसकर्मी भी मारे गए थे या शहीद हुए थे।
पप्पू सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर ने राजीव गांधी को कई बार सलाह दी थी कि सुरक्षा जोखिम को देखते हुए उन्हें सीधे जनता के बीच जाने से बचना चाहिए। हालांकि, राजीव गांधी उनकी सलाह नहीं मानते थे। उन्होंने दावा किया कि राजीव गांधी की सभाओं और बैठकों में 200 से 250 पुलिसकर्मियों तक की तैनाती की जाती थी। यह व्यवस्था तत्कालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल से भी अधिक थी। ऐसे में चंद्रशेखर पर सुरक्षा में लापरवाही के आरोप लगाना उचित नहीं है।
गौरतलब है कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि वीपी सिंह सरकार के दौरान राजीव गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। कांग्रेस नेतृत्व ने वीपी सिंह और बाद में चंद्रशेखर सरकार के समक्ष उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बहाल नहीं की गई। पुस्तक में दावा किया गया है कि राजीव गांधी को पहले एक निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) और बाद में दो पुलिसकर्मियों की सुरक्षा दी गई थी। स्थानीय पुलिस के पास एसपीजी जैसी विशेष ट्रेनिंग, उपकरण और संसाधन नहीं थे। इसी दावे पर चंद्रशेखर के पौत्र ने तत्कालीन सुरक्षा व्यवस्था का पक्ष रखते हुए आरोपों पर सवाल उठाए हैं।
