काशी विद्यापीठ: सेमेस्टर परीक्षा के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ी, वाराणसी समेत पांच जिलों के छात्रों को बड़ी राहत
काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 जनवरी को समाप्त हो गई थी। संबद्ध महाविद्यालय के छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने स्नातक और स्नातकोत्तर में सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को बढ़ा दिया है। कोरोना संक्रमण काल और छात्रों की समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, भदोही के सैकड़ों छात्रों को राहत मिलेगी। छात्र अब 25 जनवरी तक परीक्षा फार्म के लिए आवेदन कर सकेंगे।
काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षा के लिए आवेदन सात जनवरी से ही ऑनलाइन भरे जा रहे थे और आवेदन की अंतिम तिथि 17 जनवरी को समाप्त हो गई थी। वाराणसी समेत पांचों जिलों से 65 हजार से अधिक विद्यार्थी अभी तक परीक्षा फॉर्म भर चुके हैं। जिलों और संबद्ध महाविद्यालय के छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग की थी।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि छात्रहित को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 25 जनवरी तक बढ़ाई गई है। छात्र 28 जनवरी तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। परीक्षार्थी अब संकाय, विभाग या संबंधित महाविद्यालयों में 29 जनवरी तक आवेदन की हॉर्डकापी जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी।
पढ़ेंः ऑनलाइन क्लास में चला आपत्तिजनक वीडियो, एमबीए के दो छात्रों पर कार्रवाई
काशी विद्यापीठ में बूस्टर डोज 22 जनवरी से लगेगी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के स्वास्थ्य केंद्र पर 22 जनवरी से फिर से टीकाकरण प्रारंभ होने जा रहा है। इसमें प्रथम, द्वितीय तथा बूस्टर डोज लगाए जाएंगे। मुख्य परिसर में लगभग 100 छात्र तथा कर्मचारी ऐसे हैं जिसमें कुछ को प्रथम और कुछ को द्वितीय डोज नहीं लगी है।
सभी को स्वास्थ्य केंद्र पर बुलाकर डोज लगाई जाएगी। जिन छात्रों तथा कर्मचारियों को द्वितीय डोज लग चुकी है उन्हें बूस्टर डोज भी लगाई जाएगी। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी का सख्त निर्देश है कि जिन छात्रों ने कोविड की पूरी डोज नहीं ली है उन्हें परीक्षा फार्म नहीं भरने दिया जाएगा।
पढ़ेंः एमए इन हिंदू स्टडीज: संस्कृत विश्वविद्यालय ने राजभवन को भेजा पत्र, वर्तमान सत्र से ही शुरू होना था नया कोर्स
काशी विद्यापीठ में आज आएगी मतदाता एक्सप्रेस
वोटरों को जागरूक करने तथा मतदान का महत्व बताने के लिए मतदाता एक्सप्रेस शुक्रवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ आएगी। मतदाता एक्सप्रेस 21 जनवरी को दोपहर 12 बजे केंद्रीय कार्यालय के सामने पहुंचेगी। एक्सप्रेस का स्वागत स्वीप एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. केके सिंह तथा विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. नवरत्न सिंह करेंगे। स्थानीय कलाकार और छात्र-छात्राओं को साथ मिलाकर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।