पूर्वांचल विश्वविद्यालय: ऑनलाइन क्लास में चला आपत्तिजनक वीडियो, एमबीए के दो छात्रों पर कार्रवाई
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एमबीए प्रथम सेमेस्टर की ऑनलाइन कक्षा में आपत्तिजनक वीडियो चलने का मामला सामने आया है। छात्रों और शिक्षकों की शिकायत पर आरोपी दो छात्रों पर कार्रवाई की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन क्लास के दौरान आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने पर एमबीए के दो छात्रों को 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में वह इस तरह की गलती करते हैं तो उनके प्रवेश प्रक्रिया के निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने कार्रवाई से कुलपति और कुलसचिव को अवगत करा दिया है।
विश्वविद्यालय परिसर में संचालित एमबीए के विभागाध्यक्ष डा. मुराद अली ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए छात्रों की आनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। ऑनलाइन कक्षा के दौरान एमबीए प्रथम सेमेस्टर के दो छात्र पीयूष कुमार और अर्चित साहू ने आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर दिया।
छात्रों को दी गई चेतावनी
जानकारी होने पर क्लास के अन्य छात्र और शिक्षकों ने इसकी शिकायत की थी। इस पर बुधवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक में निर्णय लेकर दोनों छात्रों को विश्वविद्यालय के सभी शैक्षिक गतिविधियों से निलंबित कर दिया गया। साथ ही कहा गया कि यदि यह दोनों छात्र भविष्य में भी इस तरह का व्यवहार करते हैं, तो इन दोनों के प्रवेश प्रक्रिया को भी निलंबित करने की कार्रवाई की जा सकती है।
डा. मुराद अली ने कहा कि दोनों छात्रों ने ऑनलाइन क्लास के दौरान शैक्षिक वातावरण को बिगाड़ने की कोशिश के साथ ही अनुशासनहीनता की है। शिक्षक और छात्रों की शिकायत पर मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। इसकी जानकारी कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्या, कुलसचिव महेंद्र कुमार और चीफ प्राक्टर डा. संतोष कुमार को भी दे दी गई है।
पढ़ेंः सपा विधायक संग्राम यादव समेत 10 पर मुकदमा दर्ज, आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप