काशी स्टेशन: गंज शहीदा मस्जिद में जुम्मे की नमाज अदा करने उमड़ी भीड़, पुलिस तैनात; रेलवे के नोटिस के बाद हलचल
Varanasi News: वाराणसी के काशी स्टेशन स्थित गंज शहीदा मस्जिद में शुक्रवार को जुम्मे की नमाज अदा करने बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। रेलवे की ओर से नोटिस जारी होने के बाद मस्जिद को लेकर चर्चाएं तेज हैं। वहीं मॉडल स्टेशन परियोजना के तहत आसपास के क्षेत्रों में निर्माण कार्य जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण कार्य के बीच शुक्रवार को स्टेशन परिसर के बाहर स्थित गंज शहीद मस्जिद में जुम्मे की नमाज अदा करने के लिए नमाजियों की बड़ी संख्या जुटी। मस्जिद के बाहर रेलवे द्वारा लगाए गए नोटिस और स्टेशन क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इसके चलते इस बार जुम्मे की नमाज में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ जुटी थी।
रेलवे द्वारा काशी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसके तहत नई रेल लाइनों, यात्री सुविधाओं और स्टेशन के विस्तारीकरण के लिए आसपास के कुछ चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
इसी क्रम में गंज शहीद मस्जिद के बाहर रेलवे की ओर से नोटिस लगाए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। हालांकि शुक्रवार को नमाज के दौरान किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आदमपुर पुलिस मौके पर तैनात रही और शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा हुई। स्थानीय स्तर पर परियोजना से प्रभावित होने वाले लोगों की नजर रेलवे की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
तीन रेलवे कॉलोनियों पर भी होगी कार्रवाई
काशी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए रेलवे ने 100 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया है। इस दौरान स्टेशन और उसके आसपास बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। परियोजना के तहत पहले ही राजघाट स्थित किला कोहना क्षेत्र में मौजूद अजगैब शहीद मस्जिद, मजार तथा एक हनुमान मंदिर को हटाया जा चुका है। अब रेलवे की नजर स्टेशन के आसपास स्थित तीन प्रमुख कॉलोनियों पर है।
काशी रेलवे कॉलोनी, गंगा कॉलोनी और भदऊचुंगी रेलवे कॉलोनी को भी परियोजना के दायरे में चिन्हित किया गया है। रेलवे प्रशासन इन कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को नोटिस जारी कर चुका है। आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाये जायेंगे।