संक्रमित मरीजों का होगा बेहतर इलाज, नहीं होगी परेशानी, बीएचयू सुपरस्पेशियलिटी पहुंचकर नए एमएस ने परखी व्यवस्था
वाराणसी में बीएचयू अस्पताल में एमएस प्रोफेसर एसके माथुर के इस्तीफा देने के बाद बने नए एमएस प्रो. केके गुप्ता ने शुक्रवार को बीएचयू सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक पहुंचकर वहां भर्ती मरीजों के इलाज संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों की सेहत को लेकर अलर्ट रहने का निर्देश दिया।
प्रो. गुप्ता ने वार्ड में साफ-सफाई, समय से मरीजों की जांच इलाज, परिजनों को रोजाना निर्धारित समय पर फीडबैक देते रहने, कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने सहित अन्य व्यवस्थाओं की लगातार मानिटरिंग करते रहने को कहा है। प्रो. केके गुप्ता ने बताया कि मरीजों का हर संभव बेहतर इलाज किया जाएगा। परिजनों को इलाज के बारे में सही जानकारी मिल सके, इसके लिए दिन में दो बार फीडबैक भी दिया जा रहा है।
एमएस की नियुक्ति पर प्रोफेसर ने उठाए सवाल
आईएमएस बीएचयू हृदय रोग विभाग के प्रो. ओमशंकर ने फेसबुक पर लिखे एक पोस्ट के माध्यम से नियुक्ति पर सवाल खड़ा किया है। अपने पोस्ट में प्रो. ओमशंकर ने कोविड नोडल प्रभारी पद से इस्तीफा देने वाले प्रोफ़ेसर केके गुप्ता को अचानक एमएस बनाए जाने को निंदनीय बताया है। साथ ही पूर्व में प्रो. गुप्ता के एमएस के कार्यकाल में कुछ अनियमितता का जिक्र भी अपने पोस्ट में किया हैं।