सुविधा: आईआईटी बीएचयू के छात्रों को जापान की कंपनियों में इंटर्नशिप का मौका, एमओयू पर हस्ताक्षर
आईआईटी बीएचयू के छात्रों को जापान की कंपनियों में इंटर्नशिप का मौका मिलेगा। इसके लिए जापान और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में यहां के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और नौकरी के लिए समझौता किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईआईटी बीएचयू के छात्रों को जापान के पोर्टल का एक्सेस दिया जाएगा। प्लेसमेंट, इंटर्नशिप और नई तकनीक की सुविधा मिलेगी। आईआईटी बीएचयू के छात्र-छात्राओं को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए जापान मंच देगा। जापान और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में यहां के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और नौकरी के लिए समझौता किया गया। इसके तहत बुधवार को जापान की टैलेंडी होल्डिंग्स के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर कर संस्थान और उद्योग के बीच सहयोग को बेहतर करने की बात की गई।
जापान की टैलेंडी की ओर से आईआईटी बीएचयू और उसके विद्यार्थियों को टैलेंडी पोर्टल निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसी पर उन्हें प्लेसमेंट, नौकरी, इंटर्नशिप, हैकाथॉन और उभरती तकनीक से जुड़ने का मौका मिलेगा।
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि इस पोर्टल से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच मिलेगा। संस्थान ऐसे सार्थक औद्योगिक संबंध विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विद्यार्थियों के वैश्विक कॅरिअर को नई दिशा दे सकें।
पोर्टल पर प्री-प्लेसमेंट के भी होंगे ऑफर
इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे। आवेदन से लेकर इंटर्नशिप और संभावित प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) तक की भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में यह प्लेटफॉर्म मदद करेगा। टैलेंडी, आईआईटी के साथ मिलकर इंटर्नशिप प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करेगा। साथ ही पोर्टल की कार्यप्रणाली को संस्थान की प्लेसमेंट नीतियों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जाएगा।
एमओयू पर हस्ताक्षर के दौरान डीन (आरएंडडी) प्रो. राजेश कुमार, प्लेसमेंट सेल के प्रो. सुशांत श्रीवास्तव और टैलेंडी की ओर से संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओताका निशियामा, निदेशक (पब्लिक अफेयर्स) एई मिनामिजाकी आदि मौजूद रहे।