पूर्वांचल में बारिश हुई जानलेवा, मकान गिरने से अब तक 29 लोगों की मौत
मिर्जापुर शहर कोतवाली इलाके के घंटाघर मोहल्ले में शनिवार सुबह को मूसलाधार बारिश के चलते एक मकान भरभराकर गिर गया। जिसमें दबकर बुजुर्ग दंपती और उनके पुत्र की मौत हो गई। घंटाघर क्षेत्र निवासी 58 वर्षीय सतीश केसरवानी कुरियर कार्यालय में काम करते थे। उनको तीन पुत्र हैं। तीनों एक ही मकान में रहते हैं। मकान आगे से कच्चा और पीछे से पक्का बना हुआ है। सुबह में तीन बजे मूसलाधार बरसात शुरू हुई। लगभग चार बजे मकान भरभरा कर गिर गया। जिसमें दबकर 58 वर्षीय सतीश केसरवानी, 55 वर्षीय उनकी पत्नी मधु केसरवानी और 26 वर्षीय पुत्र किशन केसरवानी मलबे में दब गए। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वहीं कछवा में मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र के रामपुर बढ़ौना में शनिवार सुबह घर गिर जाने से मां-बेटे की मौत हो गई। मरने वालों की पहचान लकी(14) पुत्र छोटेलाल, शीला(40) पत्नी छोटेलाल की रूप में हुई है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव में दीवार के नीचे दबकर पौत्र की मौत हो गई और दादा जख्मी हो गए। बम्हौर गांव में कान्ता(60) पुत्र विशम्भर अपने पौत्र शिवम(12) पुत्र प्रमोद कुमार के साथ सो रहे थे। सुबह अचानक दीवार के ढह जाने से इस पर रखा कटरेन भी गिर गया। जिसमें पौत्र शिवम की दबकर मौत हो गई। इससे पहले कटवा गांव में कच्चा मकान गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
जिल में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों की मौत हो गई। कासिमाबाद थाने के सहबाजकुली गांव में शुक्रवार की रात बारिश के बीच कच्चा मकान गिरने से अतवरिया देवी(45), नेथ गांव में मकान गिरने से सुखराम(60) की मौत हुई है। खानपुर थाना के नोनगरा गांव निवासी रामबदन यादव(60) की मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब उनके पड़ोस का कच्चा मकान भरभरा कर धराशायी हो गया। उधर जखनियां में भी एक व्यक्ति की भारी बारिश के दौरान मकान गिरने से मौत हो गई है। दुल्लहपुर के हनौता गांव में कच्चा मकान गिरने से गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया है। भुड़कुडा कोतवाली के साहबपुर गांव में कमला यादव के मड़ई की कच्ची दीवार गिरने से उसकी भैंस दबकर मर गई। आधा दर्जन कच्चे मकान गिरे हैं। इसके अलावा एक दर्जन से ज्यादा रिहाइशी झोपड़ियां गिरी हैं।
मऊ :
मऊ जिले में तीसरे दिन भी झमाझम बरसात जारी रही। बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं सड़कों पर आवाजाही कम रही। मधुबन थाना क्षेत्र के सरयमेवागिरी गांव के तकिया स्थित एक झोपड़ी पर नीम का पेड़ गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि घोसी कोतवाली क्षेत्र के हांसापुर किरकिट में मकान गिरने से चार माह के एक बच्चे की मौत हो गई। यहां एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। बरसात से जिले भर में करीब 24 मकान गिरे हैं।