गड्ढे में डूबा 10 साल का मासूम: एक साल में दूसरी संतान खोने से कोहराम, लगातार बारिश से भरा था पानी; मौत
शिवपुर के बेलवरियां गांव में बारिश के पानी से भरे निर्माणाधीन मकान के गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय आशु पटेल की मौत हो गई। आशु ट्यूबवेल से नहाने के बाद लापता हुआ था। सीसीटीवी से उसकी लोकेशन पता चली, जिसके बाद ग्रामीणों ने गड्ढे से शव निकाला। एक साल पहले उसकी बहन की भी बीमारी से मौत हुई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में शिवपुर थाना क्षेत्र के बेलवरियां गांव में बारिश के पानी से भरे निर्माणाधीन मकान के गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची शिवपुर थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक आशु पटेल कक्षा दो का छात्र था।
जानकारी के अनुसार राजगीर मिस्त्री अभय पटेल का 10 वर्षीय बेटा आशु सुबह गांव के ट्यूबवेल पर नहाने के लिए गया था। काफी देर बाद भी वह घर नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। सुबह करीब 11 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने गांव के तालाबों और आसपास के गड्ढों में उसकी तलाश शुरू कर दी।
दोपहर करीब एक बजे ट्यूबवेल के पास आशु की चड्डी और गंजी मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश तेज कर दी। पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो आशु गांव के ही आकाश पटेल के निर्माणाधीन मकान की तरफ जाता दिखाई दिया।
परिजनों में मातम
बताया गया कि आकाश पटेल के मकान की नींव के लिए जेसीबी से मिट्टी खुदवाई गई थी। बारिश के कारण इस गड्ढे में काफी पानी भर गया था। आशु के वहां जाने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने गड्ढे में तलाश शुरू की। दोपहर करीब दो बजे दो युवक पानी में उतरे और खोजबीन की। कुछ देर बाद आशु पानी के अंदर मिला।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्चे को बाहर निकालकर दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
आशु दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अंकित पांच वर्ष का है। परिवार के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले ही अभय पटेल की पांच वर्षीय बेटी पूजा की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। अब एक साल के भीतर दूसरी संतान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता अभय पटेल, मां काजल पटेल, दादा श्यामनारायण पटेल और दादी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।