BHU Admission 2025: बीएचयू पीजी में सीटों का आवंटन शुरू, फीस भरने से पहले चेक करें योग्यता; ये है अंतिम तिथि
BHU Admission 2025: पहले राउंड की काउंसिलिंग में पीजी दाखिले की पहली मेरिट लिस्ट में शामिल योग्य उम्मीदवारों को कल तक फीस जमा करनी होगी। इसके लिए फीस जमा पोर्टल का लिंक जारी कर दिया गया है।
विस्तार
बीएचयू में पीजी (पोस्ट ग्रेजुएट) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सोमवार को दोपहर 12 बजे से सीटों का आवंटन शुरू हो गया है। 7500 से ज्यादा सीटों और 137 कोर्स के लिए 45 पेज की कटऑफ लिस्ट वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
पहले राउंड की काउंसिलिंग में पीजी दाखिले की पहली मेरिट लिस्ट में शामिल योग्य उम्मीदवारों को कल तक यानी 16 जुलाई की रात 11:59 बजे तक फीस जमा करनी होगी। इसके लिए फीस जमा पोर्टल का लिंक जारी कर दिया गया है।
बीएचयू के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से आवेदकों को आगाह किया गया है कि समय से फीस जमा कर दें। यदि तय समय में फीस जमा नहीं हुई तो प्रवेश कैंसिल माना जाएगा और वह सीट मेरिट में दूसरे अभ्यर्थी को आवंटित कर दी जाएगी।
स्कोर चाहे जितना भी हो आगे की प्रक्रिया में आवंटन के लिए विचार नहीं किया जाएगा। आवेदक आवंटित सीट से जुड़े सभी अधिकार समय बीतने के बाद खो देगा।
इसे भी पढ़ें; Cyber Crime: आईएएस अधिकारी बन ग्राम प्रधानों से की ठगी, गिरफ्तारी से बचने को फैलाई अपनी मौत की अफवाह; गिरफ्तार
छात्रों का अलग-अलग कटऑफ
बीएचयू के पूर्व छात्रों और बाहरी आवेदकों का अलग-अलग कटऑफ सी-1 और सी-2 जारी किया गया है। वहीं, महिला महाविद्यालय सहित संबद्ध कॉलेज डीएवी, साउथ कैंपस, आर्य महिला, वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा और वसंता कॉलेज राजघाट का अलग-अलग कटऑफ जारी किया गया है। बीएचयू की ओर से कहा गया है कि पीजी के कंबाइंड एलॉटमेंट प्रोग्राम के तहत दाखिले की प्रक्रिया पूरी होनी है, ऐसे में नियमों को सावधानी पूर्वक पढ़ लें।
फीस भरने से पहले चेक करें योग्यता
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि फीस जमा करने से पहले यह तय कर लें कि आवेदक योग्यता के मानक पर खरा उतरते हों। यदि योग्यता में कोई भी कमी मिलती है तो प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं, यदि एक से ज्यादा कोर्स में आवेदन किया है तो सबसे बेहतर कोर्स का चयन करें। ताकि दूसरे कोर्स में किसी अन्य को सीट आवंटित की जा सके।
- पीजी काउंसिलिंग की प्रक्रिया - एक अगस्त तक
- दूसरे राउंड की काउंसिलिंग - 18 जुलाई
- मिड एंट्री रजिस्ट्रेशन - 22 जुलाई
- तीसरे राउंड की काउंसिलिंग - 29 जुलाई
- चौथे राउंड की काउंसिलिंग - 1 अगस्त
बीएचयू में एमबीए के नए बैच का सत्र शुरू, 110 छात्रों का दाखिला
छात्रों को बताया गया कि इस कैंपस की हर एक गतिविधि के मूल में महामना की ही भावना छिपी है। इसके अलावा बीएचयू की समृद्धशाली परंपरा और पढ़ाई, लाइब्रेरी और कक्षाओं के साथ ही कैंपस की खूबियों के बारे में बताया गया। बीएचयू में दो ब्रांच में एमबीए का कोर्स होता है। मास्टर ऑफ बिजनेस और मास्टर ऑफ बिजनेस इन इंटरनेशनल बिजनेस के दोनों बैच में 59-59 सीटें हैं।
इंडक्शन कार्यक्रम में मैनेजमेंट संस्थान के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी ने कहा कि छात्रों को शैक्षणिक अनुशासन, नैतिक मूल्यों और समग्र विकास किया जाएगा। संस्थान के संसाधनों और प्रोफेसरों का पूर्ण लाभ उठाने का भरसक प्रयास करें।
डीन प्रो. सुजीत कुमार दुबे ने कहा कि संस्थान की समृद्ध विरासत में प्रबंधन शिक्षा की प्रासंगिकता और छात्रों की भूमिका काफी है। आने वाले समय में राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे। इंडक्शन कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. अमित गौतम और डॉ. शशि श्रीवास्तव कर रहे हैं। इन्होंने छात्रों के लिए शैक्षणिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित इवेंट तैयार किया है।