भाई दूज: कल दोपहर 12:36 बजे से मनेगा का पर्व, मध्याह्न काल में पूजा का विधान; द्वितीया तिथि शुरू होगी
भाई दूज का पर्व सोमवार की दोपहर 12:36 बजे से मनाया जाएगा। द्वितीया तिथि शुरू होने के साथ ही पर्व का विशेष मुहूर्त 25 घंटे 23 मिनट तक रहेगा। इस दिन मध्याह्न काल में पूजा का विधान है। बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना करेंगी। भगवान चित्रगुप्त और धर्मराज यम की भी विशेष उपासना होगी।
विस्तार
भाई-बहन के अगाध स्नेह का प्रतीक भाई दूज और कलम-दवात के आराध्य भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मंगलवार को श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस पावन तिथि पर बहन के घर जाकर आतिथ्य स्वीकार करने और भोजन ग्रहण करने से अकाल मृत्यु का संकट टलता है तथा भाई-बहन के एक साथ यमुना स्नान करने से यमभय का निवारण होता है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 12:36 बजे आरंभ होकर अगले दिन 11 नवंबर को दोपहर 1:59 बजे तक रहेगी। शास्त्रसम्मत नियमों के तहत भाई दूज, यम द्वितीया और चित्रगुप्त पूजन पूर्वविद्धा तथा मध्याह्न-अपराह्न व्यापिनी तिथि में संपन्न करने की परंपरा है। इसी आधार पर ये सभी धार्मिक अनुष्ठान 10 नवंबर, मंगलवार को ही आयोजित किए जाएंगे।
भगवान चित्रगुप्त के प्राकट्य की पौराणिक गाथा
ऋग्वैदिक और पौराणिक आख्यानों में चित्रगुप्त जी को संपूर्ण ऐश्वर्य का स्वामी और कायस्थ समाज का आदिपुरुष माना गया है। कथा के अनुसार, ब्रह्मा जी ने जब प्राणियों के शुभाशुभ कर्मों का लेखा-जोखा रखने का दायित्व सूर्यपुत्र यमराज को सौंपा, तो समूची सृष्टि की बढ़ती आबादी के कारण यमराज को हिसाब-किताब रखने में भारी कठिनाई होने लगी।
यमराज की व्यथा सुनकर ब्रह्मा जी स्वयं 11 हजार वर्षों तक गहन तपस्या में लीन हो गए। तत्पश्चात वैशाख शुक्ल सप्तमी के दिन उनकी काया से एक अत्यंत तेजस्वी, श्याम वर्ण के दिव्य पुरुष का प्राकट्य हुआ। कमल सदृश नयन, कुंडल, मोतियों की माला और पीतांबर धारण किए इस दिव्य स्वरूप के हाथों में कलम और दवात सुशोभित थे।
जब उन्होंने अपने नाम और स्वरूप को लेकर जिज्ञासा व्यक्त की, तब ब्रह्मा जी ने कहा कि काया से उत्पन्न होने के कारण आपकी जाति ‘कायस्थ’ होगी और अंतःकरण (चित्त) में गुप्त रहने से आपका नाम ‘चित्रगुप्त’ कहलाएगा। तभी से वे धर्मराज के प्रमुख सहयोगी बनकर जीवों के कर्मफल का नियमन करते हैं।