प्रदूषण बना जानलेवा: दिल्ली में नौकरी कर रहे बलिया के लाल की गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के प्रदूषण ने बलिया के लाल की जीवन लीला समाप्त कर दी। जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव का युवक दिल्ली में एक प्राइवेट फर्म में नौकरी करता था। वहां प्रदूषण के कारण सांस संबंधी बीमारियों की चपेट में आ गया। वह परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। युवक का शव दिल्ली से बलिया के लिए रवाना कर दिया गया है।
सोनबरसा निवासी रामचंद्र यादव का पुत्र सुजीत कुमार यादव(25) बीटेक करने के बाद दो महीने पहले दिल्ली के आनंद विहार पटपड़गंज स्थित हार्वेस्टर कंपनी में जॉब करने गया। वहां वह दिल्ली के प्रदूषण का शिकार हो गया। उसे दम घुटने व स्वास्थ्य संबंधी परेशानी शुरू हो गई।
वह ओखला में किराए के मकान में रहता था। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे आनंद विहार के होली फैमिली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान बुधवार 6 नवंबर को दोपहर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद पोस्टमार्टम कर शव को दिल्ली से सोनबरसा के लिए रवाना किया गया है।
युवक के दो छोटे-छोटे भाई हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि वह पढ़ने में मेधावी था, इसलिए परिवार के लोगों ने जमीन-गहना आदि बेच कर उसकी पढ़ाई पूरी कराई। वह भी परिवार वालों की उम्मीदों पर खरा उतरा और पढ़ाई पूरी करते ही नौकरी करने लगा। उसकी नौकरी लगने से परिवार के लोग काफी खुश हुए थे, उन्हें उम्मीद थी कि अब उनके बुरे दिन समाप्त हो जाएंगे, लेकिन होनी को शायद कुछ और ही मंजूर था।