चुर्क। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क में आयोजित स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) का शनिवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। हार्डवेयर श्रेणी में द सेवियर और सॉफ्टवेयर श्रेणी में माइनटेक टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तकनीकी नवाचार और समस्या समाधान पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण का आयोजन 11 और 12 सितंबर को हुआ था। इसमें 40 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 29 सॉफ्टवेयर और 11 हार्डवेयर आधारित टीमें थीं। पहले दिन विशेषज्ञों और अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रोजेक्ट में सुधार और तकनीकी समाधान विकसित करने के संबंध में सुझाव दिए। दूसरे दिन सभी प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया गया। प्रारंभिक चरण के बाद 17 टीमों ने फाइनल राउंड के लिए जगह बनाई। 16 और 17 सितंबर को फाइनल राउंड में चयनित टीमों ने अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। हार्डवेयर श्रेणी में आलोक कुमार के नेतृत्व वाली द सेवियर टीम प्रथम, सत्यम तिवारी की कृषि विजन टीम द्वितीय और प्रधुमन सिंह की एंटीफाल्कन टीम तृतीय रही। वहीं सॉफ्टवेयर श्रेणी में हिमानी नाग की माइनटेक टीम ने पहला, श्रद्धा सिंह की कॉम्प्लिस्कैन ने दूसरा और दीपिका सिंह की रिजालिटिक्स टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रशांत पांडेय ने जूरी सदस्यों के प्रति आभार जताया। संस्थान के निदेशक प्रो. केएस वर्मा ने विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अपने प्रोजेक्ट को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डॉ. अमोद तिवारी, डॉ. हिमांशु कटियार, डॉ. डीके त्रिपाठी, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. हरीश चंद्र उपाध्याय, डॉ. आशीष रंजन मिश्रा, डॉ. मैनेजर यादव, आशीष श्रीवास्तव, राम ईश्वर वैस और सिकंदर समेत अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे। आयोजन आईईईई स्टूडेंट ब्रांच की ओर से किया गया।