गांव में छाया मातम: दो युवकों की लाश मिलने से फैली सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम, रो-रोकर बुरा हाल
Shamli News : गांव में अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के परिवारों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
शामली में आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव बधेव में अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के शव मिले हैं। दो युवकों की मौत होने से गांव में शोक छाया रहा। एक युवक का शव सोमवार रात को खेत की नाली के पानी में मिला, जबकि दूसरे युवक का शव मंगलवार सुबह श्मशान के निकट पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने परिजनों की सूचना पर दोनों शव पोस्टमार्टम को भेज दिए।
गांव बधेव में सोमवार रात को गाव के निकट खेत में नलकूप की नाली में पानी में युवक का शव पड़ा होने की पुलिस को सूचना मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई। शव की पहचान गांव बधेव निवासी अमन (27) के रूप में परिजनों ने की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
वहीं, मंगलवार सुबह गांव में श्मशान के निकट पेड़ पर फंदे से युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की पहचान भूपेंद्र उर्फ छोटू (25) के रूप में हुई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई, हालांकि अभी तहरीर नहीं दी गई। पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सीओ सिटी श्यामवीर सिंह ने बताया कि भूपेंद्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आई है, जिससे उसके द्वारा आत्महत्या करना माना गया है। मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी मिला है।
यह भी पढ़ें: वंदे भारत ट्रेन हादसा: खुद को कोसता रहा पिता, बोला- बेटी की मान लेता तो बच जाता परिवार, उजड़ गईं तीन जिंदगियां
वहीं, दूसरे युवक अमन के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिसरा सुरक्षित किया गया है। बिसरा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने बताया कि दोनों के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। उनकी सूचना पर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। उधर, दो युवकों की मौत को लेकर गांव में शोक छाया रहा।
यह भी पढ़ें: UP: मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, डीसीएम से टकराई बाइक, पिता-पुत्री समेत तीन की मौत, मचा कोहराम