कोरोना कर्फ्यू: दुकानें थीं बंद, छात्रा ने एसपी को किया ट्वीट, चंद मिनटों में घर पहुंची किताब, फिर कहा धन्यवाद
कोरोना कर्फ्यू के चलते एक छात्रा ने एसपी को ट्वीट कर मदद मांगी। वहीं ट्वीट के बाद चंद मिनटों बाद ही एसपी ने छात्रा के लिए किताब की व्यवस्था कराकर घर भिजवा दी। खबर में पूरा अपडेट पढ़िए।
विस्तार
कोरोना काल में एक तरफ जहां स्कूल कॉलेज बंद होने के कारण पढ़ाई बाधित हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ कोरोना कर्फ्यू के चलते दुकानें बंद होने से छात्रों को किताबें उपलब्ध नहीं हो रही है। वहीं एक छात्रा ने किताब के लिए एसपी को ट्वीट किया।
शामली में इस परेशानी से जूझ रही गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव मालेंडी निवासी कक्षा 11 की छात्रा निकिता चौधरी ने एसपी सुकीर्ति माधव को ट्वीट कर कहा कि उसे 1 वीं कक्षा की ह्यूमैनिटी की किताब की जरूरत है। क्या आप मेरी मदद कर किताब उपलब्ध करा सकते हैं। वहीं एसपी ने तत्काल किताब की व्यवस्था कराकर पुलिसकर्मी को छात्रा के घर भेजा। छात्रा ने किताब के पैसे देने चाहे तो पुलिसकर्मी ने बताया कि किताब का भुगतान एसपी ने किया है। पुलिसकर्मी ने पैसे लेने से इनकार कर दिया।
इसके बाद छात्रा ने एसपी को किताब उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया। एसपी के इस कार्य को लेकर पुलिस विभाग की प्रशंसा की जा रही है। एसपी सुकीर्ति माधव का कहना है कि छात्रा ने उन्हें ट्वीट कर किताब न मिलने की समस्या बताई थी। किताब की वजह से पढ़ाई बाधित हो रही थी। उन्होंने किताब की व्यवस्था कराकर छात्रा को उपलब्ध कराई है।
Because studies must go on..!
— Sukirti Madhav Mishra (@SukirtiMadhav) May 21, 2021
Best wishes from @PoliceShamli. https://t.co/BGXyMHETwP pic.twitter.com/KaKrv1AZtx