शामली में धीमानपुरा स्थित एक्सिस बैंक में एक बदमाश द्वारा 40 लाख रुपये की लूट का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। एक बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस की आठ टीमें लगी हैं।
बैंक में 40 लाख की लूट: 1200 कैमरे खंगाले, फिर भी पुलिस खाली हाथ, खाताधारक भी रडार पर
एक्सिस बैंक में मंगलवार दोपहर एक बदमाश ने खुद के साथ मैनेजर को मारने की धमकी देते हुए 40 लाख रुपये मांगे। मैनेजर ने भी कैशियर रोहित से 40 लाख रुपये मंगा लिए और बदमाश तमंचे के बल पर रकम लेकर फरार हो गया।
एसपी ने घटना के खुलासे के लिए आठ टीमें लगाई हैं। दो दिन में पुलिस ने सड़क से लेकर बाजाराें व गली मोहल्लों में दुकानों, घरों और प्रतिष्ठानों पर लगे करीब 1200 के आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाल दिए।
सीसीटीवी कैमरों में कई स्थानों पर कैमरे में बदमाश कैद हुआ है, जिनमें पाया गया कि बदमाश बाइक पर मिल के रास्ते होते हुए बुढ़ाना रोड पर खेड़ीकरमू-लिलौन जाने वाले रास्ते से फरार हुआ है। हालांकि पुलिस अभी इस बारे में कुछ नहीं बता रही है।
यह भी पढ़ें: गन्ना समीति का चुनाव आज: मतदान केंद्रों पर उमड़े किसान, दिखा उत्साह, कई केंद्रों पर नहीं पड़ा एक भी वोट
साढ़े 38 लाख रुपये के लोन वालों का डाटा ले रही पुलिस
बदमाश ने मैनेजर से कहा था कि उसके मकान पर साढ़े 38 लाख रुपये का लोन है, जिसे न चुकाने पर उसका मकान नीलाम हो जाएगा। इसलिए उसे 40 लाख रुपये दो। इस आधार पर पुलिस बैंकों से लोन लेने वाले ऐसे खाताधारकों के बारे में जानकारी जुटा रही है कि जिस पर साढ़े 38 लाख रुपये के आसपास का लोन है और खाताधारक उसे चुकाने की स्थिति में नहीं है।
शहर में चौक चौराहे पर पुलिस तैनात, फिर भी निकल गया बदमाश
शहर में जिस स्थान पर बैंक है। उससे कुछ दूरी पर एक तरफ रेलवे फाटक पर पुलिस व यातायातकर्मी तैनात रहते हैं तो दूसरी तरफ धीमानपुरा भी यातायात पुलिसकर्मी या होमगार्ड ड्यूटी पर रहते हैं। इसके अलाव शहर के प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस की ड्यूटी रहती है, लेकिन फिर भी बदमाश शहर के बीच से होकर आराम से निकल गया और पुलिस न तो उसे पहचान पाई और न ही उसे पकड़ सकी।
शासन से मांगी जा रही जानकारी
बैंक से 40 लाख रुपये की लूट को लेकर शासन स्तर से भी मॉनिटरिंग की जा रही है। घटना के बाद से पुलिस की चल रही कार्रवाई के बारे में लगातार जानकारी मांगी जा रही है। इसके चलते अधिकारियों ने घटना के खुलासे के लिए शहर कोतवाली पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच, एसओजी, आदर्श मंडी, थानाभवन, सर्विलांस आदि टीमाें के अलावा जिले के तेज तर्रार इंस्पेक्टर व दरोगा लगाए हैं।
शहर कोतवाली में मैनेजर नमन जैन निवासी बड़ौत जिला बागपत की तरफ से दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बदमाश ने उन्हें एक सुसाइड नोट पढ़ने के लिए दिया, जिसमें लिखा था कि आपके पास दस मिनट है। मुझे 40 लाख रुपये दे दो। रुपये नहीं दिए तो मैं तुमको मार दूंगा और खुद सुसाइड कर लूंगा।
मैनेजर ने कैशियर रोहित कुमार को बुलाकर पूरी बात से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने कैशियर से कहा कि इस स्थिति में वह सुपरवाइजर नहीं है, जो उन्हें सही लगे, वैसा करो। इसके बाद कैशियर ने काउंटर से 500-500 के नोटों के 40 लाख रुपये केबिन में लाकर दिए। इसके बाद बदमाश बैग में रुपये रखकर उनके पीछे गन लगाकर गेट तक ले गया और बाइक से फरार हो गया।
बैंक में 40 लाख रुपये की लूट के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें लगी हैं। पुलिस हर बिंदू पर गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। -संतोष कुमार सिंह, एएसपी